Chhattisgarh: 'बंदूक छोड़कर मुख्यधारा में लौटें, तब...' नक्सलियों को CM विष्णुदेव की वार्निंग
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में नक्सली हिंसा का गढ़ बने बस्तर में मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचे सीएम विष्णुदेव साय ने नक्सलियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने नक्सलियों को चेतावनी देते हुए कहा कि नक्सलियों से तभी बात होगी, जब वे हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सख्त लहजे में कहा कि हिंसा पर उतरे हुए नक्सलियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उनसे कड़ाई से निपटेंगे। उन्होंने साफ कहा कि गृह मंत्री अमित शाह की नीति के मुताबिक कदम उठाते हुए नक्सलियों के विरुद्ध चल रहे ऑपरेशन्स में और सख्ती बरती जाएगी।

वहीं बस्तर के विकास को लेकर सीएम साय ने कहा कि अंदरुनी इलाके में विकास करना हमारी प्राथमिकता है। हमारी सरकार सड़क, बिजली, पानी और स्कूलों को तैयार करने का काम करेगी।
साथ ही भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं के अभिनंदन समारोह में मौजूद छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से बस्तर भरपूर है। लेकिन नक्सलियों ने इस धरा को खून से सान दिया है। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि टारगेट किलिंग में शामिल नक्सलियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही लगातार नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज हुए हैं। बीते 15 दिनों में बस्तर संभाग के नक्सलियों के प्रभाव वाले बीजापुर जिले के डुमरीपालनार, पालनार व चितावागु नदी के साथ सुकमा जिले के सालातोंग, पड़िया व मूलेर में छह नए सुरक्षा बल के कैंप खोलकर नक्सलियों को खदेड़ा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications