मोदी सरकार से मिलेगी भूपेश सरकार को शाबाशी, छत्तीसगढ़ को 12 राष्ट्रीय पुरस्कार
Bhupesh Sarkar will get praise from Modi government, Chhattisgarh will get 12 National Awards
रायपुर. 11 अप्रैल। छत्तीसगढ़ को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार से नवाजा जाने वाला है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अगुवाई में छतीसगढ़ को लगातार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के प्रयासों के लिए पुरस्कार मिल रहे हैं,इसी कड़ी में राष्ट्रीय पंचायत दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ को 12 राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने जा रहा है। इसमें दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार के लिए जिला वर्ग में जिला पंचायत कबीरधाम को चुना गया है, वहीं विकासखंड वर्ग के लिए पाटन और सूरजपुर का चयन हुआ है। इसके अलावा ग्राम वर्ग और अन्य कैटेगरी में भी विभिन्न पंचायतों का चयन पुरस्कार के लिए हुआ है। छत्तीसगढ़ की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय की ओर से जारी पत्र के मुताबिक राष्ट्रीय पंचायत दिवस के अवसर आगामी 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार का आयोजन किया जा रहा है। यह समारोह जम्मू एवं काश्मीर के सम्बा जिला के पल्ली में आयोजित किया जायेगा । इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे ,जो देशभर के विभिन्न ग्राम पंचायत और ब्लॉक व जिला पंचायतों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत करेंगे। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में बीते तीनसालों में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने एवं गांवों को सशक्त बनाने अनेक नवाचार हुए हैं। महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को पूरा करने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार कई क्षेत्रों में लगातार अभिनव प्रयास कर रही है। इस कड़ी में जहां गौठानों को रुरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है, तो वहीं दूरस्थ अंचलों में वनोपज और लघुवनोपज की खरीदी के साथ मूल्य संवर्धन का कार्य किया जा रहा है। कोरोना के संकट काल में भी महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को यहां बेहतर रूप से संचालित किया गया। छत्तीसगढ़ में हुए इन प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा जा रहा है।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़: जानिए बस्तर फाइटर्स के बारे में, जिससे डरे हुए हैं नक्सली !
दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार के लिए जिला वर्ग में जिला पंचायत कबीरधाम के साथ ब्लॉक वर्ग के लिए पाटन और सुरजपुर का चयन हुआ है, वहीं ग्राम पंचायत वर्ग में धमतरी जिले के ग्राम छिपली और हर्दीभाटा, कोरिया जिले के चिरमी, बालोद जिले के पैरी, सूरजपुर जिले के बसदई और कबीरधाम जिले क केजेदाह को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इतना ही नहीं चाइल्ड प्रेंडली ग्राम पंचायत अवार्ड कैटेगरी में रायपुर जिले के आरंग ब्लॉक के तहत बनचरौदा को पुरस्कृत किया जाएगा। ग्राम पंचायत डेवलेपमेंट प्लान अवार्ड कैटेगरी में दुर्ग जिले के जेवरा को सम्मानित किया जाएगा और नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम पुरस्कार के लिए रायपुर जिले के तिल्दा ब्लॉक अंतर्गत सरोरा को चुना गया है।
यह भी पढ़ें राजीव गांधी किसान न्याय योजना की राशि में कटौती, छत्तीसगढ़ भाजपा किसान मोर्चा ने जताया विरोध












Click it and Unblock the Notifications