बालोदः गैंगरेप के दौरान मुंह दबाने से शिक्षिका की हो गई थी मौत, 5 महीने बाद हुआ खुलासा
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 48 साल की टीचर की अर्धनग्न लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में टीचर के प्रेमी और उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपित घर की दीवार फांदकर रात में अंदर घुसे थे। इसके बाद रस्सी और गमछे से टीचर के हाथ-पैर बांध दिये और मुंह दबाकर उसके साथ गैंगरेप किया है। इसी बीच दम घुटने के चलते महिला की मौत हो गई। शिक्षिका की लाश पांच महीने पहले घर से बरामद हुई थी। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपितों का डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी चल रही है।

बीते 12 जून की सुबह डौंडीलोहारा ब्लॉक मुख्यालय से 8 किलोमीटर दूर कोसमी गांव में घर में सो रही टीचर की हत्या कर दी गई थी। घर से रुपये या किसी सामान की चोरी नहीं हुई थी। ऐसे में तभी से पुलिस को शक था कि हत्यारा गलत नियत से ही घर में घुसा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि गांव के ही कमल नारायण साहू से टीचर का प्रेम संबंध था और वह घर भी आता-जाता था। टीचर के घर पर काम करने वाली महिला रोज की तरह सुबह भी पहुंची थी, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था।
बार-बार खटखटाने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने पड़ोसियों को बताया। सूचना पर पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई थी। घर के पास लगे बिजली के खंभे और दीवार पर पैरों के निशान मिले थे, तभी से आशंका थी कि हत्यारे वहीं से दाखिल हुए। पुलिस ने यह भी आशंका जताई थी कि इसमें गांव के ही व्यक्ति का हाथ है।
पुलिस के अनुसार, टीचर गांव के घर में अकेली रहती थी। उन्होंने शादी नहीं की थी। माता-पिता और भाई का निधन हो चुका है। उसकी भाभी भी शिक्षिका है। जो भिलाई में रहती है। गांव वालों से भी उसके संबंध ठीक-ठाक ही थे, कभी किसी से विवाद नहीं रहा।












Click it and Unblock the Notifications