अंबिकापुरः घर से बाहर मिली बेटे और ससुर की लाश, कमरे में पड़ा था महिला का शव
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में बुधवार की देर रात को बदमाशों ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों की गला रेतकर हत्या कर गी। मृतकों में महिला, उसका 10 वर्षीय बेटा और ससुर शामिल है। बच्चे का शव घर से 50 मीटर दूर मिला। वहीं थोड़ी दूर पर ससुर की लाश पड़ी हुई थी। महिला का शव घर के अंदर से बरामद हुआ है। सुबह गांव के लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। वहीं इस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है। जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के लैंगा गांव की रहने वाली 27 वर्षीय कलावती सिरदार अपने 10 साल के बेटे चंद्रिका सिरदार के साथ रहती थी।

पड़ोस में ही उसके 50 वर्षीय ससुर मेघूराम सिरदार अकेले रहते थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह जब हांव के लोगों ने कलावती के घर से करीब 50 मीटर दूर एक बच्चे को सड़क पर लेटे हुए देखा। जब उसके पास गए तो पता चला कि बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। उसके पेट में भी धारदार हथियार से हमला किया गया है, जिसके चलते उसके पेट की आंतें बाहर आ गई थीं। इसके बाद गांव के लोग कलावती के घर की तरफ बढ़े तो घर से करीब 10 मीटर दूप मेघूराम सिरदार का शव पड़ा हुआ था।
वहीं कलावती की लाश घर के अंदर थी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो कलावती का शव कमरे में जमीन पर पड़ा था। तीनों की गला रेत कर हत्या की गई थी। घर का सारा सामान भी बिखरा पड़ा था। पुलिस ने इस मामले में एक ग्रामीण को हिरासत में लिया है। उसके चेहरे और शरीर पर खून के धब्बे मिले हैं। फिलहाल जांच जारी है।
पुलिस की पूछताछ में गांव के लोगों ने बताया कि मेघूराम के चार बेटे हैं लेकिन सब अलग-अलग रहते हैं। कलावती के पति भजन सिरदार की तीन साल पहले ही मौत हो चुकी है। उसने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली थी। इसके बाद से कलावती घर में शराब बनाकर बेचने लगी। इसके चलते ग्रामीणों का उसके घर आना-जाना लगा रहता था।
ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब 2-3 बजे चिल्लाने की आवाज सुनी थी, लेकिन लगा कि कोई ऐसे ही शोर कर रहा होगा, इसलिए कोई गया नहीं। पुलिस को इस पूरे मामले में अवैध संबंधों के चलते हत्या की आशंका है। ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। परिवार के अन्य सदस्यों से भी जानकारी ले रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कलावती के शराब बेचने से उसका देवर नाराज था। उसने हिदायत भी दी थी कि परिवार के मान-सम्मान के लिए शराब बनाना बंद कर दे, लेकिन कलावती ने बात नहीं मानी।












Click it and Unblock the Notifications