छत्तीसगढ़ में आप करेगी गांधीगिरी, 90 विधायकों को सौंपेगी पौधे ! जानिए वजह
रायपुर,04 जून। छत्तीसगढ़ के सरगुजा में हसदेव अरण्य बचाने के लिए चल रहे आंदोलन को देश दुनिया में व्यापक समर्थन मिल रहा है। इस बीच प्रदेश की सियासत में अपनी जमीन तलाश रही आम आदमी पार्टी ने इसे अपना सबसे बड़ा मुद्दा बना लिया है। प्रदेश की सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार के साथ भी भाजपा पर भी हमलावर आप ने कल पर्यावरण दिवस के दिन प्रदेश के सभी 90 विधायकों को पौधा भेंट करने का फैसला लिया है।

आम आदमी पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने कहा कि 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हसदेव अरण्य में पेड़ों की कटाई के विरोध में प्रदेश के सभी 90 विधायकों को पौधे भेंट कर उनसे सवाल पूछेंगे कि आपने हसदेव अरण्य बचाने कोशिश क्यों नहीं की ? और वह हसदेव के जंगल बचाना चाहते हैं या नही । आप नेता ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी ने पहले ने हसदेव अरण्य के जंगलों को बचाने के लिए अंबिकापुर में 13 मई और 21 मई को रायपुर में बड़ा आंदोलन किया था।
यह भी पढ़ें सीएम भूपेश ने किया छत्तीसगढ़ में बनी फिल्म भूलन द मेज को टैक्स फ्री
उन्होंने कहा कि आज 4 जून को आप काटे गए पेड़ो के विरोध में कैंडल मार्च निकलेगी और 5 जून से आम आदमी पार्टी सभी 90 विधायकों को उनके क्षेत्र में पौधे देकरसवाल करेगी। कोमल हुपेंडी ने सवाल किया कि कांग्रेसियों की ओर से जिला पंचायत में खनन के विरुद्ध प्रस्ताव पारित हुआ, फिर भी भूपेश सरकार खनन क्यों करवा रही है।
आप के छत्तीसगढ़ राज्य सह संयोजक सूरज उपाध्याय ने कहा कि हसदेव के आंदोलन स्थल पर बड़ी तादाद में प्रभावित ग्रामीण पेड़ों की कटाई का विरोध करते हुए धरने पर बैठे हुए हैं। साल 2019 से ग्रामीण खदान खोलने का विरोध कर रहे हैं , तो बघेल सरकार ने खनन को मंजूरी क्यों और किसको लाभ पहुंचाने दी है। उन्होंने कहा कि आदिवासी ग्रामीणों की आजीविका काटे जा रहे वन पर निर्भर है ,अगर जंगल काटा गया तो इससे प्रकृति को बड़ा नुकसान होगा।
यह भी पढ़ें राज्यसभा चुनाव 2022: हरियाणा के 27 कांग्रेस विधायक छत्तीसगढ़ में, भाजपा ने ली चुटकी !
वहीं आप के छत्तीसगढ़ उपाध्यक्ष मनोज दुबे ने कहा कि भूपेश सरकार बड़े उद्योगपति को निजी फायदा पहुंचाने के लिए ही हसदेव अरण्य में खनन करवा रही है जबकि सरकार को यह पता है कि जंगल उजड़ने से होने वाले नुकसान की भरपाई सौ सालों में भी नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि सीएम भूपेश बघेल सिर्फ अपनी कुर्सी सुरक्षित करने में लगे हुए हैं, उन्हें जनता और आदिवासियों के हितों की उन्हें कोई चिंता नहीं है।
यह भी पढ़ें हसदेव मामले में दिलचस्प हुई सियासत, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी ही सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा












Click it and Unblock the Notifications