छत्तीसगढ़ में बढ़ी आप की सक्रियता, टीम केजरीवाल कर रही है राज्य के नेताओं से संपर्क !
AAP's activism increased in Chhattisgarh, Team Kejriwal is contacting state leaders
रायपुर, 01अप्रैल। हाल ही में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में ऐतिहसिक जीत दर्ज करने वाली आम आदमी पार्टी ने अपने पंख फैलाने शुरू कर दिए हैं। केजरीवाल छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने का ख्वाब देख रही है। आम आदमी पार्टी से जुड़े सूत्र बताते हैं कि पार्टी ने छत्तीसगढ़ की हर विधानसभा में सर्वे करना शुरू कर दिया है। पंजाब की विजय के बाद सियासी महत्वकांक्षा पालने वाले लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ने के लिए सम्पर्क कर रहे हैं, वहीं टीम केजरीवाल अपने से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और बीजेपी में लम्बा वक्त खपाने के बावजूद हाशिये पर चल रहे कुछ बड़े नेताओं, पूर्व विधायकों को साधने की कोशिश कर रही है।

आम आदमी पार्टी से जुड़ सकते हैं छत्तीसगढ़ के कई चर्चित नेता
चाहे दिल्ली विधानसभा चुनाव रहे हों या पंजाब, आप ने हर चुनाव में पेशेवर युवाओं और हाशिये पर डाल दिए गए दूसरे दलों के नेताओं को मैदान में उतारा था। कमोबेश छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी यही फार्मूला अपनाने वाली है। किसी समय कांग्रेस के बड़े पदाधिकारी रहे एक चर्चित नेता ने वन इंडिया हिंदी को नाम उजागर ना करने की शर्त में बताया कि दिल्ली से आम आदमी पार्टी के नेताओं ने उनसे संपर्क किया था। उन्होंने बताया कि आप ने पंजाब चुनाव जीतने के बाद छत्तीसगढ़ के करीब 10 पूर्व विधायकों से संपर्क किया है। क्योंकि कांग्रेस और भाजपा में लम्बा राजनीतिक अनुभव रखने के बावजूद कई बड़े नेताओं को तवज्जो नहीं मिल रही है, इसलिए यह उम्मीद की जा सकती है कि आने वाले कुछ दिनों में ही आपको कई नेता आम आदमी पार्टी से जुड़े नजर आएंगे।

केजरीवाल खुद दिलायेंगे सदस्यता
छत्तीसगढ़ में अब तक कांग्रेस और बीजेपी के अलावा कोई तीसरी पार्टी स्थापित नहीं हो सकी है। कांग्रेस से अलग होकर पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने एक क्षेत्रीय पार्टी जरूर बनाई थी, जिसने चुनाव में छोटी सफलता दर्ज करते हुए कुछ सीटें जीती भी, किन्तु अजीत जोगी के निधन के बाद उनका सियासी दल "जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़" पूरी तरह से बिखरा हुआ नजर आ रहा है। पंजाब और दिल्ली में सरकार बनाकर आप देश की राजनीति में कांग्रेस से बेहतर स्थिति में दिखाई दे रही है, इसलिए वह 2024 के लोकसभा चुनाव से पूर्व देशभर में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है। सूत्र बताते हैं कि कुछ ही दिनों के भीतर दिल्ली में अरविन्द केजरीवाल खुद आम आदमी पार्टी की टोपी पहनाकर छत्तीसगढ़ के कुछ वरिष्ठ नेताओं को आम आदमी पार्टी में प्रवेश दिलाएंगे।

छत्तीसगढ़ की सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी आप
आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 2018 और लोकसभा चुनाव 2019 में भी सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी का कहना है कि 2023 में होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी 90 विधानसभा सीटों पर तैयारी शुरू कर दी गई है। हुपेंडी का कहना है कि सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के उपेक्षित विधायकों और भाजपा के पूर्व विधायकों से आम आदमी पार्टी ने संपर्क किया है, यदि कोई अच्छा नेता पार्टी छोड़कर हमारी पार्टी से जुड़ना चाहता है, तो उसका स्वागत किया जायेगा।

गुजरात पर भी है टीम केजरीवाल की नजर
आम आदमी पार्टी की नजर छत्तीसगढ़ ही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात पर भी है। गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस को टक्कर देने के लिए टीम केजरीवाल तीसरी पार्टी के तौर पर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर चुकी है। गौरतलब है कि साल 2021 में हुए गुजरात नगरीय निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी ने सूरत नगर निगम की 27 सीटें जीती थीं। गुजरात में भाजपा का किला ढ़हाने के लिए आम आदमी पार्टी पाटीदार और मुस्लिम मतदाताओं को साधने की कोशिश में लगी हुई है। बताया जा रहा है कि अरविन्द केजरीवाल की अगुवाई में आप गुजरात और हिमांचल प्रदेश में भी चुनावी तैयारियों में लग चुकी है।
यह भी पढ़ें भूपेश सरकार ने बना दिए छत्तीसगढ़ में 5 नए जिले, कांग्रेस उपचुनाव जीती तो खैरागढ़ बनेगा 33 वां जिला !












Click it and Unblock the Notifications