सीपीएम नेता और केंद्रीय समिति के सदस्य एस वरदराजन का निधन
नई दिल्ली। वरिष्ठ माकपा नेताऔर पार्टी की केंद्रीय समिति के सदस्य के वरदराजन का शनिवार को तमिलनाडु के करूर में निधन हो गया। माकपा की राज्य इकाई के सचिव के बालाकृष्णन ने जारी एक बयान में कहा कि 73 वर्षीय वरदराजन उम्र संबंधित बीमारियों से पीड़ित थे और शनिवार को दोपहर बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। वरदराजन के एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उनकी पत्नी का छह साल पहले निधन हो गया था।

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने वरदराजन के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने तिरुवनंतपुरम में एक बयान में कहा कि माकपा के पोलित ब्यूरो के पूर्व सदस्य वरदराजन का निधन वामपंथी संगठनों के किसान आंदोलनों के लिए बहुत बड़ा नुकसान है।

लंबे समय से किसान सभा के महासचिव रहे वरदराजन ने तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में किसान आंदोलन का नेतृत्व किया था। पार्टी में उनके योगदान को याद करते हुए सचिव बालाकृष्णन ने कहा कि वरदराजन एक सरल और मिलनसार इंसान थे। उन्होंने कहा कि दिवंगत नेता के सम्मान में सभी कार्यक्रमों को तीन दिनों के लिए रद्द किया जा रहा है और राज्य भर में पार्टी के झंडे तीन दिनों तक आधा झुके रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications