'क्राइम पेट्रोल' के मशहूर अभिनेता शफीक अंसारी का कैंसर से निधन
मुंबई। क्राइम पेट्रोल में काम करने वाले अभिनेता शफीक अंसारी का निधन हो गया है। मिड डे ने टैली चक्कर का हवाला देते हुए लिखा है कि शफीक का निधन 10 मई (रविवार) को हुआ है। वह कैंसर से जूझ रहे थे। सूत्रों के अनुसार, 'शफीक अंसारी कुछ सालों से पेट के कैंसर से जूझ रहे थे और रविवार को उनका निधन हो गया।' वह जून 2008 से सिने एंड टीवी आर्टिस्ट (CINTAA) के सदस्य भी थे।

CINTAA ने अपने ट्विटर अकाउंट पर उनके निधन की पुष्टि की है। बता दें शफीक अंसारी टीवी की दुनिया के मशहूर अभिनेता थे। उनका निधन मुंबई में हुआ है। शफीक अंसारी टीवी के मशहूर शो 'क्राइम पेट्रोल' का लंबे समय से हिस्सा थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शफीक अंसारी की पत्नी गौहर अंसारी ने बताया कि शफीक की तबीयत कल दिनभर ठीक थी। लेकिन शाम 5:30 बजे अचानक से तबीयत बिगड़ी और उनका इंतकाल हो गया।
शफीक अंसारी 52 साल के थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटी और मां हैं। पिछले 2 साल से शफीक कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें थोरेसिक कैंसर की बीमारी थी। कुछ महीनों पहले लंग में भी इंफेक्शन हो गया था। पिछले कुछ समय से बीच-बीच में ऑक्सीजन पंप के सहारे सांस लेने की जरूरत पड़ती थी। वह आयुर्वेदिक मेडिसिन भी ले रहे थे। जिसकी वजह से उनकी तबीयत में काफी सुधार आया था।
लेकिन अचानक कल शाम तबीयत बिगड़ गई। शफीक की पत्नी गौहर के अनुसार फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए और उनके स्कूल के कुछ दोस्त पिछले काफी समय से उनकी मदद कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications