आखिर क्यों मुकेश अंबानी बोले 'अनलिमिटेड मजा, कंटिन्यू होइंगा', जानिए क्या था मतलब
रिलायंस जियो के ग्राहकों की संख्या अब 10 करोड़ के पार हो चुकी है। इस मौके पर मुकेश अंबानी ने रिलायंस जियो से जुड़ने के लिए ग्राहकों का धन्यवाद अदा किया।
नई दिल्ली। रिलायंस जियो ने लॉन्चिंग के समय जो टारगेट रखा था, उसे पूरा कर लिया है। 5 सितंबर 2016 को रिलायंस जियो की लॉन्चिंग करते समय कंपनी ने टारगेट रखा था कि उसे 10 करोड़ ग्राहक बनाने हैं और लॉन्चिंग के महज 170 दिनों में ही रिलायंस जियो का यह टारगेट पूरा हो गया है। रिलायंस जियो के ग्राहकों की संख्या अब 10 करोड़ के पार हो चुकी है। इस मौके पर मुकेश अंबानी ने न केवल रिलायंस जियो से जुड़ने के लिए ग्राहकों का धन्यवाद अदा किया, बल्कि उनके लिए जियो प्राइम नाम का एक प्रोग्राम भी शुरू किया।

इसी प्रोग्राम के तहत उन्होंने बताया कि कैसे सिर्फ 99 रुपए में जियो प्राइम की मेंबरशिप लेकर प्रतिमाह 303 रुपए देकर अनलिमिटेड कॉलिंग और डेटा पाया जा सकता है। इस अनलिमिटेड कॉलिंग और डेटा दिए जाने की बात पर ही मुकेश अंबानी ने कहा- जैसा कि मुंबई में कहते हैं, 'अनलिमिटेड मजा, कंटिन्यू होइंगा।' आपको बता दें कि 5 सितंबर को लॉन्च होने के बाद से अब तक कंपनी लगातार अपनी सेवाएं मुफ्त में दे रही है। अभी 31 मार्च 2017 तक कंपनी के अनलिमिटेड ऑफर्स का सभी मजा ले रहे हैं। और अब तो मुकेश अंबानी ने भी कह दिया है कि 'अनलिमिटेड मजा, कंटिन्यू होइंगा।' ये भी पढ़ें- रिलायंस जियो: मुकेश अंबानी ने जियो प्राइम प्लान की घोषणा की, साल भर के लिए सिर्फ 99 रुपए
अन्य कंपनियों से सस्ता है जियो का प्लान
रिलायंस जियो के प्लान अन्य सभी कंपनियों से सस्ते हैं। एयरटेल का सबसे सस्ता अनलिमिटेड प्लान 549 रुपए का है, लेकिन इसमें सिर्फ 3 जीबी डेटा मिलता है। वहीं दूसरी ओर वोडाफोन का सबसे सस्ता प्लान 349 रुपए का है, जिसमें अनलिमिटेड कॉलिंग मिलती है, लेकिन इस प्लान में सिर्फ 50 एमबी का डेटा मिलता है। साथ ही इसकी अनलिमिटेड कॉलिंग में रोजाना सिर्फ 300 मिनट मिलते हैं, इससे अधिक कॉल करने पर 30 पैसे प्रति मिनट की दर से देने होते हैं। इस तरह से अन्य कंपनियों के मुकाबले सस्ते प्लान देना भी एक वजह से, जिसके चलते मुकेश अंबानी बोले पड़े- 'अनलिमिटेड मजा, कंटिन्यू होइंगा।'












Click it and Unblock the Notifications