भारत की सबसे बड़ी मल्टीप्लेक्स चेन पीवीआर, आईनॉक्स लीजर ने की विलय की घोषणा
भारत की दो सबसे बड़ी मल्टीप्लेक्स चेन, पीवीआर और आईनॉक्स लीजर ने रविवार को विलय की घोषणा की।
नई दिल्ली, 27 मार्च। भारत की दो सबसे बड़ी मल्टीप्लेक्स चेन, पीवीआर और आईनॉक्स लीजर ने रविवार को विलय की घोषणा की। दोनों ने अपने संयुक्त बयान में कहा कि इस विलय के पीछे ओवर-द-टॉप (ओटीटी) के उदय की प्रमुख भूमिका थी। उन्होंने कहा कि ओटीटी प्लेटफार्म के आने और महामारी के बाद के प्रभावों से उत्पन्न प्रतिकूलताओं का दृढ़ता से मुकाबला करते हुए अब कंपनी विश्व स्तरीय सिनेमा के अनुभव को टियर 2 टियर 3 बाजारों में उपभोक्ता के करीब ले जाने की दिशा में भी काम करेगी।

दोनों कंपनियां मिलकर करेंगी 1500 स्क्रीन का संचालन
दोनों कंपनियों के संयुक्त बयान के अनुसार पीवीआर के देश में 871 स्क्रीन हैं जबकि आइनॉक्स के 675 स्क्रीन हैं। इसी के साथ ये दोनों कंपनियां मल्टीप्लेक्स के बाजार में देश की सर्वश्रेष्ठ कंपनियां हैं। अब दोनों कंपनियां मिलकर देश में 1500 स्क्रीन का संचालन करेंगी।
यह भी पढ़ें: कोरोना के प्रकोप से जूझ रहा चीन, ब्रिटेन में भी बढ़ रहे केस, जानिए टॉप देशों की स्थिति
अब कंपनी का नाम होगा पीवीआर आईनॉक्स
दोनों कंपनियों के विलय के बाद अब कंपनी का नाम पीवीआर आईनॉक्स हो जाएगा। विलय से पहले कंपनियों के जो स्क्रीन संचालन में हैं उनके नाम के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं होगी, जबकि विलय के बाद जो भी नए मल्टीप्लेक्स बनेंगे उनका नाम पीवीआर आइनॉक्स होगा। विलय के बाद अजय बिजली को प्रबंध निदेशक और संजीव कुमार को कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया जाएगा। पवन कुमार जैन को बोर्ड के गैर-कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया जाएगा।
शेयरधारकों और सेबी की मंजूरी लेना बाकी
हालांकि विलय क्रमशः आईनॉक्स और पीवीआर के शेयरधारकों, स्टॉक एक्सचेंजों, सेबी और ऐसे अन्य नियामक अनुमोदनों के अनुमोदन के अधीन है। सभी मंजूरी मिलने के बाद जब विलय प्रभावी हो जाएगा तो आईनॉक्स का पीवीआर में विलय हो जाएगा। आईनॉक्स के शेयरधारकों को आईनॉक्स में शेयरों के बदले पीवीआर के शेयर स्वीकृत शेयर एक्सचेंज अनुपात में प्राप्त होंगे। कंपनी ने आगे कहा कि यह विलय भारतीय सिनेमा प्रदर्शनी उद्योग के विकास के लिए अच्छा संकेत होगा। इसके अलावा इसके अलावा ग्राहकों, रियल एस्टेट डेवलपर्स, सामग्री उत्पादकों, प्रौद्योगिकी सेवा प्रदाताओं, राज्य के खजाने और सबसे ऊपर कर्मचारियों सहित सभी हितधारकों के लिए जबरदस्त मूल्य सृजन सुनिश्चित करेगा।












Click it and Unblock the Notifications