फेमस सेलिब्रिटी शेफ Pankaj Bhadouria को हुआ ब्रेस्ट कैंसर, अस्पताल से शेयर किया ऐसा वीडियो, हुई ऐसी हालत
Pankaj Bhadouria Breast Cancer: 'मास्टरशेफ इंडिया' की पहली विजेता और मशहूर सेलिब्रिटी शेफ पंकज भदौरिया ने अपने फैंस को एक भावुक खबर देकर चौंका दिया है। पंकज भदौरिया ने सोशल मीडिया के जरिए खुलासा किया है कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर हो गया है। इस खबर के सामने आते ही उनके चाहने वालों और फैंस के बीच चिंता बढ़ गई है।
सेलिब्रिटी शेफ पंकज भदौरिया को हुआ ब्रेस्ट कैंसर
आज यानी 28 मई 2026 (गुरुवार) को पंकज भदौरिया ने अस्पताल से अपनी एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह हॉस्पिटल बेड पर लेटी नजर आ रही हैं। तस्वीर में उनके शरीर से मेडिकल वायर जुड़े दिखाई दे रहे हैं। इस पोस्ट के साथ उन्होंने बेहद इमोशनल कैप्शन लिखा है। पंकज ने लिखा है- मुझे ब्रेस्ट कैंसर का पता चला है। मुझे आपकी प्रार्थनाओं और सपोर्ट की जरूरत है।

मेडिकल टेस्ट के बीच शेयर किया वीडियो
-पंकज भदौरिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अस्पताल से जुड़े कुछ वीडियोज भी शेयर किए हैं। एक वीडियो में वह अस्पताल के गाउन में नजर आ रही हैं और उनके हाथ में मेडिकल कैनुला लगा हुआ दिखाई दे रहा है।
-वीडियो को पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा था- जांच के लिए जा रही हूं...बिल्कुल भी खुश नहीं हूं। इस वीडियो ने उनके फैंस को भावुक कर दिया है। इसके बाद उन्होंने एक और वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने अपनी बीमारी और हेल्थ कंडीशन को लेकर खुलकर बात की थी।
'मुझे आपकी दुआओं की जरूरत है'
-अपने वीडियो मैसेज में पंकज भदौरिया ने कहा है कि वह ये बात अपने फैंस से व्यक्तिगत तौर पर शेयर करना चाहती थीं क्योंकि उनके लिए फॉलोअर्स सिर्फ दर्शक नहीं बल्कि परिवार की तरह हैं।
-पंकज भदौरिया ने कहा- मैं आप सभी को बताना चाहती हूं कि मुझे ब्रेस्ट कैंसर डायग्नोज हुआ है। इस समय मुझे आपकी दुआओं और सपोर्ट की बहुत जरूरत है। कहते हैं कि प्रार्थनाओं में बहुत ताकत होती है, इसलिए कृपया मुझे अपनी प्रार्थनाओं में याद रखें। पंकज की इस भावुक अपील के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
'मास्टरशेफ इंडिया' से मिली थी देशभर में पहचान
-पंकज भदौरिया साल 2010 में 'मास्टरशेफ इंडिया' का पहला सीजन जीतने के बाद रातोंरात चर्चा में आ गई थीं। वह इस शो की पहली विजेता बनी थीं और उनकी जीत ने उन्हें देशभर में खास पहचान दिलाई थी।
-उस समय शो को बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार होस्ट कर रहे थे। दिलचस्प बात ये है कि पंकज भदौरिया पहले एक इंग्लिश टीचर थीं। बताया जाता है कि उन्होंने खाना बनाने के अपने जुनून को पूरा करने के लिए 16 साल पुराना टीचिंग करियर छोड़ दिया था।
टीवी और यूट्यूब की लोकप्रिय शेफ बनीं पंकज भदौरिया
-'मास्टरशेफ इंडिया' जीतने के बाद पंकज भदौरिया ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने कई कुकिंग शो होस्ट किए और देखते ही देखते वह भारत की सबसे पॉपुलर सेलिब्रिटी शेफ्स में शामिल हो गईं। शेफ पंकज का जायका, किफायती किचन, 3 कोर्स विद पंकज और रसोई से- पंकज भदौरिया के साथ जैसे शोज ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई।
-इसके अलावा पंकज भदौरिया का यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स भी काफी पॉपुलर हैं, जहां लाखों लोग उनकी रेसिपीज और कुकिंग टिप्स को फॉलो करते हैं।
फैंस कर रहे जल्द ठीक होने की दुआ
पंकज भदौरिया के कैंसर से जूझने की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स लगातार उन्हें हिम्मत दे रहे हैं। लोग उनके लिए दुआ कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि वह जल्द ही इस बीमारी को मात देकर फिर से मुस्कुराती नजर आएंगी।













Click it and Unblock the Notifications