पूर्व सीएम कल्याण सिंह का होगा बुलंदशहर के नरौरा में अंतिम संस्कार, शुरू हुई तैयारियां
पूर्व सीएम कल्याण सिंह का होगा बुलंदशहर के नरौरा में अंतिम संस्कार, शुरू हुई तैयारियां
बुलंदशहर, 22 अगस्त: यूपी के पूर्व सीएम व राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह का 89 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में शनिवार की रात अंतिम सांस ली। कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर कल यानी 23 अगस्त को बुलंदशहर के नरौरा के राज घाट पर अंतिम संस्कार होगा। बता दें कि उनकी शव यात्रा उनके पैतृक गांव अतरौली होते हुए बुलंदशहर के नरौरा राजघाट आएगी।

अंतिम संस्कार के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। बता दें कि कल्याण सिंह 2004 में बुलंदशहर सीट से सांसद रहे थे। 1996 में जनपद की डिबाई सीट से विधायक भी चुने गए। नरौरा जहां अंतिम संस्कार होना है, वह डिबाई विधासभा क्षेत्र में आता है। 1996 में कल्याण सिंह यहीं से विधानसभा चुनाव जीते थे। बता दें कि प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने खुद कल्याण सिंह के अंतिम यात्रा की कमान संभाली ली है। उन्होंने अलीगढ़ में गन्ना मंत्री सुरेश राणा और कल्याण सिंह के पैतृक गांव अतरौली में परिवहन मंत्री अशोक कटारिया की ड्यूटी लगाई है।
वहीं, कल्याण सिंह के शव के अंतिम दर्शन के दौरान कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह भावुक हो गए। वह कल्याण सिंह के शव से लिपटकर रोने लगे। राजवीर सिंह ने कहा, 'बाबू जी का जन्म राम मंदिर के लिए ही हुआ था। वो भगवान राम की शरण में चले गए हैं।' बता दें कि कल्याण सिंह का जन्म 5 जनवरी 1932 में यूपी के अतरौली स्थिति मढ़ोली गांव में हुआ था। यहीं से वह आरएसएस के संपर्क में आए थे और फिर वह वरिष्ठ प्रचारक ओमप्रकाश से जुड़े जहां से कल्याण सिंह को राजनीति में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।
Recommended Video
कल्याण सिंह ने 1967 में अतरौली से पहली बार विधानसभा चुनाव जीता। वह लगातार 1980 तक यहां से विधायक रहे और फिर 1991 में यूपी के मुख्यमंत्री बने। 1997 में दूसरी बार कल्याण सिंह प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। लेकिन बाद में भाजपा से अलग होकर उन्होंने राष्ट्रीय क्रांति पार्टी बनाई। 2004 में भाजपा में वापसी करके कल्याण सिंह ने लोकसभा चुनाव जीता। लेकिन 2009 में फिर वह भाजपा से अलग हुए लेकिन 2013 में भाजपा में वापसी के बाद कल्याण सिंह को राजस्थान का राज्यपाल बना दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications