Video: जब चुनाव में दो उम्मीदवारों को मिले बराबर वोट, नेता चुनने के लिए हवा में उछाला गया सिक्का
लंदन, 08 मई: चुनाव के नतीजों का ऐलान आम तौर पर वोटों की गिनती के आधार पर किया जाता है, लेकिन तब क्या हो जब दोनों पार्टी उम्मीदवारों में टाई हो जाए। सरल भाषा में कहें तो अगर चुनाव मैदान में खड़े दो उम्मीदवारों का एक समान वोट मिल जाएं। ऐसा ही एक अजीबोगरीब मामला ब्रिटेन से सामने आया है, जहां दो प्रतिद्वंदियों को चुनाव में बराबर वोट मिले। ऐसे में जनता के नेता का चुनाव जिस तरह किया गया उसकी कहानी जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। आइए जानते हैं क्या है पूरा माजरा।

क्रिकेट मैच की तरह उछाला गया सिक्का
क्रिकेट में खेल शुरू होने से पहले टॉस से तो आप परिचित होंगे ही। अब ब्रिटेन में अपना नेता चुनने के लिए दो उम्मीदवारों के बीच टॉस किया गया। जी हां, ब्रिटेन के एक स्थानीय चुनाव में ऐसा ही कुछ देखने को मिला। यहां के दो उम्मीदवार कंजरवेटिव्स की ब्रायोनी निकोल्सन और टॉमोस डेविस को बराबर 679 वोट मिले, ऐसे में चुनाव नतीजों के लिए उनके बीच सिक्का उछालकर टॉस किया गया जिसमें उम्मीदवार ब्रायोनी निकोल्सन को हार का सामना करना पड़ा।

टॉस में इस उम्मीदवार की हुई हार
जब सिक्का उछाला गया तो निकोल्सन ने टेल चुना, लेकिन जमीन पर गिरने के बाद टॉस का नतीजा टॉमोस डेविस के पक्ष में आया। सोशल मीडिया पर चुनाव नतीजों का ये अजीबोगरीब मामला अब खूब वायरल हो रहा है। कई यूजर्स ने इसे मजाकिया अंदाज में लिया। चुनाव में टॉस का वीडियो दान बर्नेस नाम के एक यूजर ने शेयर किया है जिसमें दोनों प्रतिद्वंदियों के बीच वोटिंग नतीजों के लिए टॉस की प्रक्रिया को देखा जा सकता है।

एक शख्स की वजह से उछालना पड़ा टॉस
स्थानीय मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में निकोल्सन ने कहा, 'मैं क्या कह सकती हूं? चुनाव में जिन लोगों ने मुझसे कहा 'मैं फर्क नहीं कर सकता' अगर आपने वोट दिया होता तो सिक्का उछालने की नौबत नहीं आती। सिर्फ एक व्यक्ति की वजह से चुनाव का नतीजा टॉस के जरिए निकाला गया।' हालांकि निकोल्सन ने यह भी कहा कि कुल मिलाकर मतदान अच्छा रहा, वह उन सभी लोगों की आभारी हैं जिन्होंने मतदान किया।












Click it and Unblock the Notifications