नौकरी के साथ-साथ शादी करवा रही है इंडिया की यह आईटी कंपनी, सैलरी भी देती है बढ़ाकर, नहीं छोड़ता कोई जॉब
चेन्नई, मई 06। तमिलनाडु के मदुरै में स्थित एक आईटी कंपनी इन दिनों अपनी एक पॉलिसी को लेकर खूब चर्चाओं में बनी हुई है। दरअसल, कंपनी अपने कर्मचारियों के लिए एक पॉलिसी लाई है, जिसके तहत कर्मचारियों को मैच-मेकिंग सेवा की पेशकश की जा रही है और अगर कपल शादी कर लेता है तो उनकी सैलरी भी बढ़ाई जा रही है। जी हां, यह पेशकश ग्लोबल टेक्नोलॉजी सॉल्यूशन प्रोवाइडर कंपनी श्री मूकांबिका इन्फो सॉल्यूशन की ओर से की जा रही है।

इस पॉलिसी की वजह से नौकरी नहीं छोड़ते कर्मचारी
कंपनी की पॉलिसी के अनुसार, जब कंपनी के ही दो कर्मचारी आपस में अगर शादी कर रहे हैं तो कंपनी की ओर से उन्हें काफी स्पेशल इंक्रीमेंट दिए जा रहे हैं। इसमें दोनों की सैलरी बढ़ना भी शामिल है। कंपनी की इस पॉलिसी का ही असर है कि यहां काम करने वाले कर्मचारी बहुत ही कम नौकरी छोड़ते हैं। इस कंपनी में नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों की दर काफी कम है।

750 से अधिक कर्मचारी करते हैं काम
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अपनी इस खाल पॉलिसी की वजह से ही कंपनी ने कई सालों से 10 फीसदी एट्रिशन रेट को बरकरार रखा है। हालांकि इंफोसिस और विप्रो जैसी कंपनियों की तुलना में यह कम है, जिन्होंने कथित तौर पर पिछली तिमाही में 20 प्रतिशत से अधिक एट्रिशन रेट बनाया था। आपको बता दें कि इस कंपनी में आज की तारीख में करीब 750 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे हैं। इनमें से करीब 40 प्रतिशत पिछले 5 साल से कंपनी में काम कर रहे हैं।

2006 में लॉन्च हुई थी कंपनी
आपको बता दें कि यह कंपनी 2006 में तमिलनाडु के शिवकाशी में लॉन्च हुई थी। धीरे-धीरे, इसका विस्तार होना शुरू हुआ लेकिन सही लोगों को काम पर रखना इसके लिए एक चुनौती बन गया, इसलिए मैनेजमेंट ने 2010 में अपना सेटअप मदुरै में शिफ्ट कर लिया। कंपनी ने अपने कर्मचारियों को शुरुआत से शादी वाली पॉलिसी ऑफर की हुई है। इस पॉलिसी के तहत कर्मचारियों को साल में दो बार इंक्रिमेंट मिल जाता है।












Click it and Unblock the Notifications