Vaishali News: ‘दही लाने गए थे भाई फिर दुखद ख़बर आई’, बेटी की विदाई से पहले उठी बेटों की अर्थी’, जानिए मामला
Vaishali News: बिहार के वैशाली ज़िले से एक दर्दनाक ख़बर सामने आ रही है, जहां सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। परिवार पर दुखों का पहाड़ उस वक्त टूटा, जब घर में शादी का जश्न मनाया जा रहा था। हादसा हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर हुआ, जब वह मोटरसाइकिल पर शादी की दावत के लिए कुछ सामान लेने जा रहे थे।
दुखद घटना ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया है, खासकर उस परिवार को जहां अगले दिन शादी होनी थी। मृतकों की पहचान रसूलपुर गांव के सोनू कुमार, राजीव कुमार और रंजन कुमार के रूप में हुई है। सोमवार को बेटी की शादी होने वाली थी, लेकिन होनी को कौन टाल सकता है।

बेटी की शादी की तैयारी कर रहे परिवार में विदाई से पहले बेटों के अंतिम संस्कार की तैयारी ने शादी के जश्न को मातम में बदल दिया। यह दुर्घटना रविवार की रात को शादी से पहले होने वाली मटकोर रस्म के दौरान हुई। परिजनों ने बताया कि मेहमानों को खिलाने के लिए दही कम पड़ गया था। सोनू अपने दो चचेरे भाइयों राजीव और रंजन के साथ दही लाने के लिए चकौसन बाज़ार बाइक से गया था।
वापस लौटते समय चांदपुरा थाना क्षेत्र के पास एक अज्ञात तेज़ रफ़्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चांदपुरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया।
इस घटना से शादी वाले घर में मातम पसर गया है। खुशी और जश्न का माहौल गम और निराशा में बदल गया है। परिवार के सदस्य ने कहा कि शादी की सारी तैयारियां हो चुकी थीं। शाम को बारात आने वाली थी। मटकोर की रस्म के बाद भोज के लिए सारे पकवान तैयार हो चुके थे।
दही नहीं था, सोनू अपने दो चचेरे भाइयों के साथ चकौसन बाजार दही लेने चला गया। इसी दौरान सड़क दुर्घटना में तीनों की मौत हो गई। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने विरोध स्वरूप शवों के साथ सड़क जाम कर दिया, जिससे हाजीपुर-महनार मार्ग पर भीषण जाम लग गया।
पुलिस ने बीच-बचाव कर भीड़ को शांत कराया और जाम खुलवाया। थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार वर्मा ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चांदपुरा के थाना प्रभारी अभिषेक कुमार वर्मा ने बताया, "तीनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फिर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, घटना में शामिल वाहन की पहचान की जा रही है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"












Click it and Unblock the Notifications