पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, नहीं निकला लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कनेक्शन
Bihar News: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी देने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह धमकी व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए पप्पू यादव को दी जा रही थी। आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था। हालांकि जांच करने पर पता चला कि वह शख्स भोजपुर इलाके का रहने वाला है। उसका लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से कोई लिंक नहीं मिल पाया है।
पूर्णिया के एसपी, कार्तिकेय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी भोजपुर जिले का निवासी है और उसकी पहचान रामबाबू राय के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए जाने के बाद पूछताछ में यह सामने आया कि पप्पू यादव और आरोपी के बीच कोई लिंक नहीं था, और न ही वह लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ा था। एसपी ने यह भी बताया कि यह धमकी राजनीतिक उद्देश्य से दी गई थी।

पप्पू यादव के सहयोगियों ने भड़काया
रामबाबू राय ने स्वीकार किया कि वह पप्पू यादव का समर्थक रहा है और कई साल पहले पप्पू यादव के साथ तस्वीर भी खिंचवाई थी। राय ने यह भी खुलासा किया कि पप्पू यादव के सहयोगियों ने उसे धमकी देने के लिए उकसाया था, ताकि सांसद की सुरक्षा बढ़ाने के नाम पर राजनीतिक लाभ लिया जा सके। उसे इस काम के लिए पैसे का लालच दिया गया था।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, युवक को वीडियो बनाने से पहले दो हजार रुपये दिए गए थे और उसे भविष्य में दो लाख रुपये दिए जाने का वादा किया गया था। इस मामले की जांच जारी है, और आरोपित के द्वारा दिए गए नामों पर भी तफ्तीश की जा रही है। एसपी ने स्पष्ट किया कि राजनीतिक कारणों से इस धमकी का मामला सामने आया है, और इसकी पूरी जांच की जा रही है।
ड्रग्स बेचने वालों से संपर्क
बिहार पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय आरोपी रामबाबू यादव डुमरिया गांव का रहने वाला है और उसके कुछ दोस्त ड्रग्स बेचते हैं। पिछले सप्ताह शुक्रवार को रामबाबू ने पप्पू यादव को व्हाट्सएप के जरिए धमकी दी थी। पुलिस ने बताया कि उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। इसके अलावा, पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि आरोपी पहले से ड्रग्स बेचने वाले कुछ लोगों के संपर्क में था और उनका साथ देता था।












Click it and Unblock the Notifications