मुझे CM बनने की जल्दबाजी नहीं, 2024 में भाजपा को हराना है पहला लक्ष्य: तेजस्वी यादव
बिहार के उपमुख्यंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि मुझे मुख्यमंत्री बनने की कोई जल्दबाजी नहीं है। हमारा पहला लक्ष्य 2024 में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करने का है।

बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई में महागठबंधन की सरकार चल रही है। एक तरफ जहां नीतीश कुमार कई बार कह चुके हैं कि वह तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं तो दूसरी तरफ तेजस्वी यादव फिलहाल इस पद की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार नहीं हैं। तेजस्वी यादव साफ कर चुके हैं कि वह फिलहाल मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहते हैं। एक बार फिर से इस बात को दोहराते हुए तेजस्वी ने कहा कि मुझे मुख्यमंत्री बनने की कोई जल्दबाजी नहीं है। नीतीश जी बिहार के मुख्यमंत्री हैं और वह महागठबंधन का नेतृत्व कर रहे हैं। हमारा मुख्य लक्ष्य 2024 में भाजपा को हराना है।
महागठबंधन के भीतर जिस तरह की अनबन की खबरें सामने आ रही हैं उसको लेकर तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन बिल्कुल सही है, इसमे किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं है। हमारा लक्ष्य 2024 में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का है। गौर करने वाली बात है कि नीतीश कुमार ने पिछले साल भाजपा से अलग होकर महागठबंधन के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। इसके बाद से ही नीतीश कुमार केंद्र की राजनीति में सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने दिल्ली में कई नेताओं से मुलाकात की और विपक्ष को एकजुट करने की मुहिम की शुरुआत की।
इसे भी पढ़ें- Hamidia hospital: भोपाल के सरकारी अस्पताल हमीदिया में मरीजों के लिए फ्री होगी पार्किंग
नीतीश कुमार ने इस बात के संकेत दिए थे कि वह महागठबंधन की बागडोर तेजस्वी के हाथ में सौंप देना चाहते हैं और पूरी तरह से दिल्ली की राजनीति में अपने दखल को बढ़ाना चाहते हैं। यही नहीं नीतीश ने कुछ समय पहले विधायक दल की बैठक में कहा था कि 2025 में महागठबंधन का नेतृत्व तेजस्वी यादव करेंगे। उन्हें ही अब महागठबंधन को आगे बढ़ाना है।
बिहार के राजनीतिक समीकरण की बात करें तो आरजेडी के पास कुल 80 विधायक हैं, जबकि नीतीश कुमार के पास 43 विधायक। आरजेडी नेता चाहते हैं कि तेजस्वी यादव सीएम बने। लेकिन नीतीश कुमार के सहयोगी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह नहीं चाहते हैं कि तेजस्वी यादव सीएण बने। ललन सिंह का कहना है कि 2025 आने में अभी समय है। उस वक्त मुख्यमंत्री कौन बनेगा यह आने वाला वक्त बताएगा। हमने कभी भी यह नहीं कहा कि तेजस्वी मुख्यमंत्री होंगे।












Click it and Unblock the Notifications