Bihar News: यूरोप में पत्नी का बर्थडे मना रहे तेजस्वी, इधर पार्टी में बगावत, RJD के वरिष्ठ नेता ने उठाया सवाल
Tejashwi Yadav Europe Tour: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव इन दिनों यूरोप दौरे पर हैं। माना जा रहा है कि वह 22 जुलाई को पत्नी राजश्री यादव का जन्मदिन मनाने के लिए विदेश गए हैं। हालांकि, उनका यह निजी दौरा अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। बांकीपुर उपचुनाव के बीच चुनाव प्रचार से उनकी गैरमौजूदगी पर आरजेडी के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने खुलकर सवाल उठाए हैं।
शिवानंद तिवारी का कहना है कि चुनाव के सबसे महत्वपूर्ण समय में पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उम्मीदवार के प्रचार से दूर है, जिसका असर कार्यकर्ताओं के मनोबल और मतदाताओं के विश्वास पर पड़ सकता है। इतना ही नहीं, उन्होंने बांकीपुर में जन सुराज के प्रशांत किशोर को आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता से मजबूत दावेदार भी बताया है।

शिवानंद तिवारी ने तेजस्वी पर साधा निशाना
शिवानंद तिवारी ने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि चुनाव के सबसे निर्णायक समय में महागठबंधन का प्रमुख नेता विदेश प्रवास पर चला गया है। उन्होंने कहा कि जब पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अपने उम्मीदवार के प्रचार को प्राथमिकता नहीं देता तो उसका असर कार्यकर्ताओं के मनोबल और मतदाताओं के विश्वास पर पड़ना स्वाभाविक है। उनके मुताबिक राजनीति केवल संगठन नहीं, बल्कि मनोविज्ञान का भी खेल है।
ये भी पढे़ं: Video: बिहार का 'ठेकुआ' पहुंचा यूरोप, स्लोवाकिया के स्पीकर, बोले- क्या स्वाद है, पीएम मोदी ने किया था गिफ्ट
रेखा गुप्ता के लिए प्रचार से दूरी बनी चर्चा
आरजेडी ने बांकीपुर उपचुनाव में एक बार फिर रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। वह लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर रही हैं, लेकिन तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी विपक्ष के निशाने पर है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा प्रचार में सक्रिय नहीं रहता, तो इसका असर चुनावी माहौल और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर पड़ सकता है।
प्रशांत किशोर को बताया मजबूत दावेदार
शिवानंद तिवारी ने अपने पोस्ट में दावा किया कि इस बार बांकीपुर में जन सुराज के प्रशांत किशोर का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का यह पारंपरिक गढ़ जरूर है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में मुकाबले की दिशा बदलती नजर आ रही है। आरजेडी के वरिष्ठ नेता का यह बयान चुनाव से पहले पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा करने वाला माना जा रहा है।
ये भी पढे़ं: Bihar Heli Tourism: अब आसमान से निहारें बिहार की खूबसूरती, आज से हेलीकॉप्टर बुकिंग शुरू, सरकार दे रही सब्सिडी
24 जुलाई को लौट सकते हैं तेजस्वी
जूलाई महीने के शुरुआत में ही विदेश दौरे पर गए तेजस्वी यादव, 24 जुलाई को पटना लौट सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो उनके पास 28 जुलाई को प्रचार खत्म होने से पहले केवल अंतिम चार दिन बचेंगे। ऐसे में सभी की नजर इस बात पर होगी कि क्या तेजस्वी इन चार दिनों में चुनाव प्रचार की कमान संभालकर आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता के पक्ष में माहौल बनाने में सफल हो पाते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
