Tej Pratap Yadav : 'जब ऐश्वर्या को घर से निकाला गया तब कहां थी लालू की अंतरात्मा', JDU ने कहा -सब नाटक है
Tej Pratap Yadav: ज्येष्ठ की भयंकर गर्मी के बीच बिहार में इस वक्त सियासी पारा उबाल पर है, हालांकि इस बार मुद्दा राजनीतिक नहीं बल्कि पारिवारिक है, जो कि अब सार्वजनिक हो गया है। जी हां हम यहां पर बात कर रहे हैं राजद प्रमुख लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप की, जिन्हें रविवार को लालू ने अपने परिवार और पार्टी दोनों से ही बर्खास्त कर दिया है।
वजह है तेज प्रताप का बर्ताव, आपको बता दें कि बीते शनिवार को तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर एक लड़की के साथ फोटो अपलोड की और लिखा कि 'इस लड़की का नाम अनुष्का है और उससे वो 12 साल से प्यार करते हैं, वो लंबे वक्त से दुनिया को अपने रिलेशन के बारे में बताना चाह रहे थे लेकिन वो ऐसा कर नहीं पा रहे थे।' इस पोस्ट के सामने आते ही बवाल मच गया।

लालू ने तेज प्रताप को पार्टी और घर से निकाला
लोगों ने तेज प्रताप और उनकी पूरे परिवार पर सवाल खड़े कर दिए, हालांकि चंद घंटों के बाद तेज प्रताप ने कहा कि 'उनका सोशल अकाउंट हैक हो गया था, ये सब उनके परिवार को बदनाम करने की साजिश है।'
Tej Pratap Yadav को राजद पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया
इसके बाद पोस्ट और तस्वीर दोनों को डिलीट कर दिया गया लेकिन इसके बाद भी बवाल थमा नहीं और रविवार को इसमें उबाल तब आया जब लालू ने एक्स के जरिए जानकारी दी कि 'उन्होंने तेज प्रताप को अपनी पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है और यही नहीं उसे परिवार से ही बेदखल कर दिया गया है।'
'जब ऐश्वर्या को घर से निकाला गया तब क्यों चुप थे लालू' (Tej Pratap Yadav)
इस बड़े एक्शन के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने राजद प्रमुख से सीधे सवाल किया है। जदयू प्रवक्ताओं ने तेज प्रताप के प्रति सहानुभूति जताने से साफ इनकार करते हुए कहा, 'लालू जी को आज तेज प्रताप को बाहर करने में उनकी अंतरात्मा की आवाज सुनाई दी, लेकिन जब तेज प्रताप की पत्नी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पोती ऐश्वर्या राय को इस परिवार से अपमानजनक तरीके से निकाला गया था, तब उनकी अंतरात्मा कहां थी?'
जदयू ने लालू परिवार पर साधा निशाना (Tej Pratap Yadav)
जदयू ने तेज प्रताप की पार्टी से बेदखली को "नाटक" करार देते हुए कहा कि 'यह सब सत्ता और वर्चस्व की राजनीति का हिस्सा है।जो लोग अपने ही परिवार के सदस्यों के साथ न्याय नहीं कर सकते, वे जनता के लिए क्या न्याय करेंगे? लालू परिवार का दोहरा चरित्र एक बार फिर सामने आ गया है।'
राबड़ी देवी ने ऐश्वर्या को बेरहमी से मारकर घर से निकाला था
तो वहीं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एक्स पर लिखा कि 'मर्यादा और संस्कार की बात करने वाले लालू जी,जब राबड़ी देवी ने ऐश्वर्या को बेरहमी से मारकर घर से निकाल दिया था तो उस वक्त आपके संस्कार क्यों नहीं जागें? ऐश्वर्या को मारकर घर से बाहर निकालने वालों को आप परिवार से अलग कर देतें, पार्टी से निष्कासित करने का आदेश जारी कर देतें तब ना आपकी मर्यादा और संस्कार की बात मानी जाती।'
तेज प्रताप और ऐश्वर्या का विवाद
आपको बता दें कि तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या राय की शादी वर्ष 2018 में बड़े धूमधाम से हुई थी लेकिन शादी के कुछ महीनों के अंदर ही दोनों के रिश्ते में दरार आ गई। तेज प्रताप ने तलाक की अर्जी दी और मामला कोर्ट तक पहुंच गया। इसके बाद कई बार ऐश्वर्या राय ने मीडिया के सामने आकर यादव परिवार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उन्हें ससुराल में मानसिक उत्पीड़न सहना पड़ा और अंततः घर से बाहर कर दिया गया।
लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की चुप्पी पर उठे सवाल
इस पूरे प्रकरण में लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की चुप्पी पर सवाल उठते रहे, लेकिन परिवार ने ऐश्वर्या के आरोपों पर कभी भी खुलकर कुछ नहीं कहा और इसके बाद ऐश्वर्या के पिता चंद्रिका राय जो कि कभी लालू के काफी करीबी थे, ने पार्टी छोड़ दी। अभी भी तेज प्रताप और ऐश्वर्या का तलाक का केस चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications