बिहार: अनंत सिंह AK-47 मामले से राजद को झटका, अब मोकामा से RJD किसे देगी टिकट ?
मोकामा विधानसभा सीट के सियासी फ़िजा की बात की जाए तो वहां अनंत सिंह विनिंग फैक्टर माने जाते हैं। अनत सिंह के वर्चस्व को देखते हुए आरजेडी उनके वोट बैंक को कैश कराने की पूरी कोशिश करेगी।
पटना, 16 जुलाई 2022। राजद के बाहुबली विधायक रहे अनंत सिंह की सदस्यता ख़त्म होने के बाद राजनीतिक दलों ने उपचुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। बिहार के मोकामा विधानसभा सीट पर 14 महीने का कार्यकाल बचा हुआ है, जिस वजह से वहां उपचुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। इन सबके बीच यह सवाल खड़ा हो रहा है कि अनंत सिंह की जगह पर अब आरजेडी किसे प्रत्याशी घोषित करेगी। मोकामा विधानसभा सीट के सियासी फ़िजा की बात की जाए तो वहां अनंत सिंह विनिंग फैक्टर माने जाते हैं।

मोकामा विधानसभा सीट पर अनत सिंह का वर्चस्व
मोकामा विधानसभा सीट पर अनत सिंह का वर्चस्व को देखते हुए आरजेडी उनके वोट बैंक को कैश कराने की पूरी कोशिश करेगी। वहीं आरजेडी में टिकट देने को लेकर मंथन शुरु हो चुका है। राजद प्रवक्ता चितरंजन गगन उपचुनाव के टिकट देने पर कहा है कि अनंत सिंह जिसे चाहेंगे उसी को पार्टी से टिकट मिलेगा। क़यास लगाए जा रहे हैं कि मोकामा विधानसभा सीट से अनंत सिंह अपनी पत्नी नीलम देवी को उपचुनाव में उम्मीदवार बना सकते हैं। आपको बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में नीलम देवी ने मुंगेर लोक सभा सीट से वर्तमान जदयू अध्यक्ष ललन सिंह के खिलाफ चुनावी ताल ठोका था।

अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता खत्म
पांच बार से विधायक रहे अनंत सिंह के सियासी सफर पर भी रुक गया है। एमपी एमएलए कोर्ट ने बिहार के बाहुबली नेता अनंत सिंह को 10 साल की सजा सुनाई थी। कोर्ट ने जिस दिन फ़ैसला सुनाया था उस दिन से ही अनंत सिंह की विधायकी ख़तरे में पड़ गई थी। विधानसभा सचिवालय ने एक आदेश जारी करते हुए राष्ट्रीय जनता दल के नेता अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता खत्म कर दिया है।

अनंत सिंह पहली बार 2005 में बने थे विधायक
पवन कुमार (प्रभारी सचिव, बिहार विधानसभा) विधानसभा सदस्यता खत्म करने के बाबत आदेश जारी कर दिया है। आदेश में कहा गया है कि एमपी एमएलए कोर्ट से सजा सुनाए जाने के बाद दोष साबित होने की तारीख से विधायक अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता ख़त्म की जाती है। ग़ौरतलब है कि बिहार विधानसभा सचिवालय की तरफ़ जारी आदेश साफ़ कर दिया गया है कि सदस्यों की सूची को संशोधित समझा जाए। आपको बता दें कि अनंत सिंह 42 सालों का राजनीतिक अनुभव रहा है। अनंत सिंह पहली बार 1980 में सुर्खियों में आए थे। जब उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार श्याम सुंदर धीरज को मोकामा विधानसभा सीट से जीत दर्ज करवाने में अहम किरदार निभाया था। अनंत सिंह पहली बार 2005 में विधायक बने थे।

AK-47 और हैंड ग्रेनेड रखने के मामले में हुई सज़ा
अनंत सिंह के सियासी सफर पर ग्रहण किस तरह से लगा और कैसे एक क्लिप ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं। आइए विस्तार से जानते हैं। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को घर में एके-47 और हैंड ग्रेनेड रखने के मामले में एमपी/एमएलए कोर्ट ने दोषी करार देते हुए 10 साल की सज़ा सुनाई है। दोषी क़रार होने के साथ अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता भी ख़त्म हो गई है। पिछले विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल की टिकट पर अनंत सिंह ने मोकामा विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। सबकुछ तो ठीक ही चल रहा था लेकिन एक ऑडियो क्लिप ने अनंत सिंह के राजनीतिक कैरियर को ही तबाह कर दिया।

एक ऑडियो क्लिप ने बढ़ाई मुश्किलें
यह मामला क़रीब तीन साल पुराना है, बाढ़ अनुमंडल की पुलिस ने 14 जुलाई 2019 में तीन बदमाशों को पंडारक थाना क्षेत्र से अधमरे हालत में गिरफ्तार किया था। उनके पास से हथियार भी बरामद हुए थे। तफ़्तीश के दौरान एक बदमाश के पास से मोबाइल भी मिला जिसमे आडियो क्लिप थी। ऑडियो क्लिप में भोला सिंह और उसके भाई मुकेश सिंह की हत्या की साजिश रचते हुए अनंत सिंह की आवाज़ थी। ग़ौरतलब है कि उस वक्त अनंत सिंह जेल में बंद थे। अनंत सिंह पर पुटुस हत्याकांड और सरकारी आवास से मैगजीन मिलने का आरोप था। इस वजह से कोई ठोस सबूत नहीं मिल पा रहा था।

थम गया 'छोटे सरकार' अनंत सिंह का सियासी सफ़र
अनंत सिंह के आवाज की फोरेंसिक जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई, जिसके बाद से ही पुलिस ने उनपर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। इस मामले मे तीन शूटर गोलू कुमार( बुद्धा कालोनी थाना क्षेत्र चकारम निवासी) छोटू (दुजरा निवासी) और छोटू उर्फ राजीव (मैनपुरा निवासी) को पुलिस ने गिरफ़्तार किया। इन सबके आलावा अनंत सिंह, लल्लू मुखिया, रणवीर यादव, विकास सिंह, उदय यादव और अन्य लोगों के ख़िलाफ 75/19 मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही अनंत सिंह की मुश्किले बढ़ती चली गईं और अंजाम यह हुआ की उनका सियासी सफर रुक ही गया।
ये भी पढ़ें: बिहार:'एक बार फिर शर्मसार हुई ख़ाकी', छोटी सी बात पर पुलिस कर्मियों ने की आर्मी जवान की पिटाई












Click it and Unblock the Notifications