बिहार: रेलकर्मी ने जान पर खेल किया अपराधियों का मुकाबला, रेलवे की बचाई इतनी बड़ी रकम
सासाराम। बिहार के सासाराम में एक बड़ी लूट का मामला सामने आया है। जहां रेलकर्मियों द्वारा बैंक में रेलवे का पैसा जमा कराने जा रहे काफिले पर कुछ लुटेरों ने धावा बोल दिया। रेलवे कर्मचारियों के पास 25 लाख रुपए थे। रेलवे कर्मचारियों की दिलेरी की वजह से ये पैसा लुटेरों के हाथ आते-आते रह गया।

हाजीपुर महाप्रबंधक कार्यालय के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सासाराम में दोपहर 12 बजे भारतीय स्टेट बैंक के प्रधान शाखा में पैसे जमा कराने आए दो लोगों से कैश लूटने का प्रयास किया गया। लेकिन सुपरवाइजर अशोक सिंह की बहादुरी के कारण अपराधी अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके।
दो बुकिंग सुपरवाइजर आज सासाराम स्टेशन का पिछले तीन दिनों का कैश लगभग 24.78 लाख रूपए लेकर सासाराम स्टेट बैंक में जमा कराने हेतु पहुंचे। जैसे ही वे कार से बाहर निकले, वैसे ही बाइक पर सवार तीन हथियारबंद अपराधी बुकिंग सुपरवाइजर अशोक सिंह से रुपए से भरा बैग छीनने का प्रयास करने लगे। जब रेलकर्मी द्वारा इसका विरोध किया गया तो एक अपराधी ने बुकिंग सुपरवाइजर अशोक सिंह के सर पर पिस्टल के बट से वार किया गया। पिस्टल के बट से चोट लगने के बावजूद अशोक रूपए से भरे बैग को पकड़े रहे और तेजी से भागकर बैंक के अंदर चले गए तथा बैंक में पैसा जमा करा दिया। इस प्रकार अशोक ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए हिम्मत का परिचय दिया और 24.78 लाख रूपए को छिनैती से बचा लिया। इस घटना में रेलकर्मी को मामूली चोटें आईं जिसके इलाज हेतु उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी चिकित्सा की गई।
इस घटना के समय बैंक के आस-पास काफी संख्या में लोग मौजूद थे जो इस घटना के बाद अपराधियों की ओर दौड़ पड़े। लोगों को अपनी ओर आते देख अपराधी भागने लगे इसी दौरान बाइक से भाग रहे एक अपराधी को लोगों ने दबोच लिया जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस घटना में अपराधियों द्वारा फायरिंग भी की गई जिसमें एक शिक्षिका के पैर में गोली लग गई ।
घटना की खबर मिलते ही आर.पी.एफ./सासाराम के पंकज प्रकाश अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे तथा तत्काल स्थानीय पुलिस को भी इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस द्वारा घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की छान-बीन की गई।
मुगलसराय मंडल के सहायक सुरक्षा आयुक्त घटना स्थल पहुंचे तथा रोहतास के पुलिस अधीक्षक से भी संपर्क स्थापित किया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में सभी दोषी अपराधियों की जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
ये भी पढ़ें- यूपी: अजगर निकलने से मचा हडकंप, इसकी लंबाई ने किया सबको हैरान, देखें वीडियो












Click it and Unblock the Notifications