Bihar Election: 'संविधान सुरक्षा सम्मेलन' को संबोधित करेंगे राहुल गांधी, बिहार विधानसभा चुनाव पर करेंगे संवाद
Rahul Gandhi In Patna: कांग्रेस के नेता और सांसद राहुल गांधी आज, 18 जनवरी को बिहार की राजधानी पटना पहुंचने वाले हैं। इस दौरान वे पटना के बापू सभागार में आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेंगे। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं और कांग्रेस भी इस पर पूरी नजर बनाए हुए है।
राहुल गांधी के पटना दौरे को लेकर कांग्रेस ने व्यापक तैयारियां की हैं। पटना की सड़कों पर जहां महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें लगी हुई हैं, वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी सहित पार्टी के अन्य नेताओं की भी तस्वीरें पोस्टरों में दिखाई दे रही हैं। इन पोस्टरों पर 'संविधान सुरक्षा सम्मेलन' और 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान' के नारे के साथ 'न्याय सत्याग्रह' लिखा हुआ है।

इंदिरा भवन का करेंगे उद्घाटन
बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने बताया कि राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित सभा को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा, वे प्रदेश कांग्रेस के मुख्य सभागार का नवीनीकरण कराएंगे और उसका नाम 'राजीव सभागार' रखेंगे। साथ ही, 'इंदिरा भवन' का उद्घाटन भी करेंगे, जो कांग्रेस कार्यालय के कर्मचारियों के लिए नया भवन है।
राहुल गांधी ने फेसबुक पर किया पोस्ट
राहुल गांधी ने अपने बिहार दौरे से पहले फेसबुक पर एक पोस्ट करते हुए लिखा है, "अगर किसी भारतीय के खिलाफ नफरत फैलाया जाएगा, उनके खिलाफ हिंसा होगी, तो मैं हमेशा उनके न्याय के लिए खड़ा रहूंगा। हर भारतीय के जान और स्वाभिमान की हिफाजत करना मेरा कर्तव्य है। संविधान की रक्षा के रास्ते में यह मेरा सबसे बड़ा कर्तव्य है।"
बीजेपी ने किया राहुल गांधी पर हमला
राहुल गांधी के पटना दौरे को लेकर बिहार में सियासत तेज हो गई है। जहां एक तरफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के स्वागत में पटना में पोस्टर लगाए हैं, वहीं बीजेपी ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पोस्टर लगाए हैं। नगर निगम ने गुरुवार को कांग्रेस के पोस्टरों को हटा दिया, और कहा कि ये पोस्टर अवैध रूप से लगाए गए थे क्योंकि इनकी इजाजत नहीं ली गई थी।
बीजेपी ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने अंबेडकर को अपमानित किया और उनके योगदान को नकारा। बीजेपी के मंत्री शिवेश राम और प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने राहुल गांधी के संविधान सुरक्षा की बातों पर सवाल उठाए। प्रेम रंजन पटेल ने कहा, "राहुल गांधी संविधान की रक्षा की बात करते हैं, लेकिन उनकी पार्टी और सरकार ने अंबेडकर के साथ जो बर्ताव किया, उसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।"
यह भी पढ़ें 'INDIA गठबंधन सिर्फ चुनाव के लिए नहीं था', विपक्ष की एकजुटता पर बोले फारूक अब्दुल्ला
राहुल गांधी कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स
राहुल गांधी के पटना दौरे को लेकर कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं को भी जोड़ा है। प्रदेशभर से कार्यकर्ता पटना पहुंच रहे हैं, और राहुल गांधी से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर टिप्स प्राप्त करेंगे। इसके अलावा, वे कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगे।
राहुल गांधी का बिहार दौरा विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा है, जहां वे संविधान और न्याय की रक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास करेंगे।
यह भी पढ़ें Fact Check: क्या राहुल गांधी ने लड़की के साथ किया गजब का डांस? जानिए वायरल वीडियो की सच्चाई












Click it and Unblock the Notifications