'INDIA गठबंधन सिर्फ चुनाव के लिए नहीं था', विपक्ष की एकजुटता पर बोले फारूक अब्दुल्ला
Farooq Abdullah: राजस्थान के अजमेर स्थित ख्वाजा गरीब नवाज सूफी संत मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह पर चादर चढ़ाने आए जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत करते हुए एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) और नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) कभी एक नहीं हो सकते, क्योंकि बीजेपी नफरत फैलाती है और हम उनके साथ नहीं जा सकते।
फारूक अब्दुल्ला ने बताया कि वे दरगाह पर दुआ करने आए हैं, ताकि अल्लाह उनकी रियासत को ठीक रखे, यहां अमन रहे, तरक्की हो और पहाड़ों पर बर्फ पड़े। उन्होंने कहा कि बर्फ की कमी से पानी की समस्या हो सकती है, जिससे रियासत की कृषि पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा, उन्होंने मुल्क में भी अमन कायम रहने की दुआ की। फारूक अब्दुल्ला ने मखमली चादर और पुष्प पेश किए और ख्वाजा गरीब नवाज से रियासत के लिए दुआ की।

INDIA गठबंधन पर दिया बयान
लोकसभा चुनाव के बाद इंडिया गठबंधन लगभग बिखर चुका है। नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष ने कहा कि INDIA गठबंधन सिर्फ चुनावी उद्देश्य के लिए नहीं था, बल्कि देश और उसके संविधान की रक्षा के लिए था। उन्होंने बताया कि यह गठबंधन देश में फैली नफरत को खत्म करने के लिए बहुत जरूरी था और यह संविधान की रक्षा करेगा। फारूक अब्दुल्ला ने यह भी कहा कि इस गठबंधन का उद्देश्य देश को एकजुट रखना है।
एनडीए के साथ गठबंधन संभावना को किया खारिज
हाल ही में जम्मू-कश्मीर में टनल के उद्घाटन समारोह में फारूक अब्दुल्ला के बेटे और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नरेंद्र मोदी की नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की जमकर तारीफ की थी। उन्होंने देश और जम्मू-कश्मीर को विकास और शांति की दिशा में अग्रसर बताया था। हालांकि, फारूक अब्दुल्ला ने इसके विपरीत इस विचार को नकारते हुए बीजेपी और एनडीए के साथ किसी भी तरह की गठबंधन संभावना को खारिज किया।
सैफ अली खान पर भी बोले फारूक अब्दुल्ला
फारूक अब्दुल्ला ने सैफ अली खान पर हमले के मुद्दे को गंभीर नहीं माना और कहा कि ऐसे हमले होते रहते हैं, यह कोई बड़ी बात नहीं है। वहीं, दिल्ली विधानसभा चुनावों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि चुनाव आते हैं और चले जाते हैं, इसमें कोई खास बात नहीं है।
राजौरी में वायरस के संक्रमण दिया जवाब
फारूक अब्दुल्ला ने राजौरी में हुई मौतों को लेकर भी बयान दिया और कहा कि वहां वायरस के संक्रमण की जांच की जा रही है। इस बयान से यह साफ है कि फारूक अब्दुल्ला का राजनीतिक रुख काफी स्पष्ट है और वह अपनी पार्टी के विचारों और गठबंधन के प्रति प्रतिबद्ध हैं।
यह भी पढ़ें Fact Check: क्या राहुल गांधी ने लड़की के साथ किया गजब का डांस? जानिए वायरल वीडियो की सच्चाई












Click it and Unblock the Notifications