राबड़ी देवी का कंगन बना लालू परिवार के जी का जंजाल! JDU क्यों मांग रही बिल? RJD के जवाब से हो जाएंगे हैरान
Rabri Devi Diamond Bangle Controversy: लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिन का जश्न तो खत्म हो गया है लेकिन इसके साथ ही एक नया विवाद शुरू हो गया है। लालू के जन्मदिन समारोह की एक घटना अब बिहार की राजनीति में चर्चा का बड़ा विषय बन गई है। पटना स्थित राबड़ी आवास में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान राबड़ी देवी ने लोक गायक छोटू छलिया को अपने हाथों से कंगन उतारकर भेंट किए थे। अब ये कंगन लालू परिवार के लिए जी का जंजाल बन गया है।
लोक गायक छोटू छलिया ने दावा किया है कि राबड़ी देवी ने उन्हें जो कंगन दिए हैं वो हीरे के हैं। बस इसी बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में सवालों का दौर शुरू हो गया। JDU ने कंगन की कीमत और उसके स्रोत पर सवाल उठाए हैं। जबकि RJD का कहना है कि यह कोई डायमंड ज्वेलरी नहीं बल्कि साधारण आर्टिफिशियल कंगन है।

जन्मदिन पर सजा सांस्कृतिक कार्यक्रम
गुरुवार को पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पर लालू यादव का जन्मदिन मनाया गया। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं, परिवार के सदस्यों और समर्थकों की मौजूदगी रही। लालू यादव की पसंद को देखते हुए लोक संगीत, चैता गीत और लौंडा नाच की प्रस्तुति भी रखी गई। कलाकारों ने देर तक अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सव में बदल दिया। कार्यक्रम के दौरान लोक गायक छोटू छलिया ने तेजस्वी यादव के बेटे इराज लालू यादव को लेकर सोहर गीत गाया। गीत सुनकर राबड़ी देवी काफी खुश नजर आईं।
ये भी पढ़ें: बिहार MLC चुनाव में NDA का दबदबा, नीतीश के बेटे निशांत और पवन सिंह समेत सभी 10 उम्मीदवार निर्विरोध जीते
बताया जाता है कि प्रस्तुति खत्म होते ही उन्होंने अपने दोनों हाथों से चमकदार कंगन उतारे और मंच पर ही गायक को इनाम के तौर पर दे दिए। इस दौरान मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर कलाकार का उत्साह बढ़ाया। मीसा भारती समेत परिवार के कई सदस्य भी इस पल के गवाह बने।
गायक ने बताया डायमंड कंगन
कंगन मिलने के बाद छोटू छलिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें राबड़ी देवी ने दो डायमंड कंगन उपहार में दिए हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी उन्हें सोने की चेन और अंगूठियां मिलती रही हैं, लेकिन इस बार जो उपहार मिला वह उनके लिए बेहद खास है। गायक ने कहा कि पुराने समय में राजा और रानी कलाकारों को खुश होकर कीमती उपहार देते थे और उन्हें ऐसा ही अनुभव हुआ।

अपनी खुशी जाहिर करते हुए छोटू छलिया ने कहा कि अगर आज के समय में कोई कलाकारों का सम्मान करने वाला राजा-रानी है तो वह लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें मिला सम्मान जीवनभर याद रहेगा। इसके बाद उन्होंने लालू यादव की जन्मभूमि फुलवरिया को समर्पित गीत भी गाया और वहां की मिट्टी को नमन किया।
JDU ने कंगन पर काटा बवाल
गायक के बयान के बाद JDU नेता नीरज कुमार ने कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि कंगन वास्तव में हीरे का है तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि उसे किसने खरीदा और उसकी कीमत क्या है। नीरज कुमार ने कहा कि राबड़ी देवी को कंगन का बिल सार्वजनिक करना चाहिए।
उन्होंने यह भी पूछा कि क्या यह उनकी वैध आय से खरीदा गया था। उनके बयान के बाद मामला राजनीतिक रंग लेने लगा।
RJD ने किया बचाव
JDU के आरोपों के जवाब में RJD भी मैदान में उतर आई। पार्टी के विधान परिषद सदस्य सुनील सिंह ने कहा कि छोटू छलिया ने उत्साह में कंगन को हीरे का बता दिया होगा, लेकिन सच्चाई यह नहीं है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कंगन आर्टिफिशियल है और उसे डायमंड बताकर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है।
'हर चमकती चीज हीरा नहीं होती'
सुनील सिंह ने कहा कि राबड़ी देवी आम तौर पर डायमंड ज्वेलरी नहीं पहनती हैं। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि हर चमकती हुई चीज हीरा नहीं होती। उनका कहना था कि विपक्ष और सत्ता पक्ष के कुछ नेता एक साधारण उपहार को बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि लोगों को गुमराह किया जा रहा है। मीडिया से बातचीत के दौरान सुनील सिंह ने निशांत यादव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पहले भी कई मामलों में लोगों के सामने अलग तस्वीर पेश की गई थी। उन्होंने दावा किया कि कुछ नेताओं को अब अपनी पुरानी बातों पर आत्ममंथन करना चाहिए। साथ ही नीरज कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें भी अपनी टिप्पणी पर सोचने की जरूरत है।
ED जांच की मांग भी उठी
कंगन विवाद बढ़ने के साथ ही कुछ नेताओं ने मामले की जांच कराने की मांग भी शुरू कर दी। JDU की ओर से यह सवाल उठाया गया कि अगर कंगन की कीमत लाखों रुपये की है तो इसकी जांच होनी चाहिए। कुछ नेताओं ने प्रवर्तन निदेशालय यानी ED से भी मामले की पड़ताल कराने की बात कही है। हालांकि अभी तक किसी एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है।
फिलहाल कंगन की असली कीमत और उसकी प्रकृति को लेकर बहस जारी है। राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है और यह मुद्दा बिहार की सियासत में नया चर्चा विषय बन चुका है।
ये भी पढ़ें: लालू-राबड़ी की Z+ सुरक्षा पर चली सम्राट सरकार की कैंची, तेज प्रताप यादव के पास बचा सिर्फ एक बॉडीगार्ड












Click it and Unblock the Notifications