बिहार: 'बच्चा चोर गिरोह सक्रिय', एक अफवाह से गलतफहमी का शिकार हो रहे लोग, जानिए
बिहार के विभिन्न ज़िलों से बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की अफवाह सोशल मीडिया के ज़रिए वायरल हुई थी। लेकिन ग्राउंड रिपोर्ट की मानें तो प्रदेश के किसी भी ज़िले से बच्चा चोरी होने की खबर नहीं आई है। वहीं बच्चा चोरी की...
पटना, 15 सितंबर 2022। बिहार के विभिन्न ज़िलों से बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की अफवाह सोशल मीडिया के ज़रिए वायरल हुई थी। लेकिन ग्राउंड रिपोर्ट की मानें तो प्रदेश के किसी भी ज़िले से बच्चा चोरी होने की खबर नहीं आई है। वहीं बच्चा चोरी की शक में युवकों के पिटाई का मामला विभिन्न इलाकों से देखने को मिल रहा है। बच्चा चोर मामले गांव के लोग गलतफहमी का शिकार होते हुए किसी भी मामले को बच्चा चोरी से जोड़ दे रहे हैं। ताजा मामला मोतिहारी के बलुआ बाजार का है, जहां भीड़ ने एक युवक पर बच्चा चोरी का आरोप लगाकर जमकर धुनाई कर दी। वहीं नालंदा के सोहसराय और दीपनगर थाना क्षेत्र से भी बच्चा चोरी के शक में दो युवकों की पिटाई का मामला सामने आया था।

बच्चा चोरी का आरोप लगाकर युवक की पिटाई
मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र के बलुआ बाजार में भीड़ ने युवक पर बच्चा चोरी का आरोप लगाते हुए जमकर पिटाई कर दी। यहां तक की पुलिस की टीम को भी युवक को छुड़ाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। मिली जानकारी के मुताबिक भीड़ ने एक युवक को पकड़ लिय़ा और बच्चा चोरी के आरोप में उसकी पिटाई कर रहे थे। इस दौरान पुलिस की गश्ती टीम उधर से गुज़र रही थी। जब उहोंने युवक की पिटाई होते हुए देखा तो भीड़ से बचाकर उसे जीप में बैठा लिया। उसके बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।

बहन के बेटा को दवाई दिलाने लाया था युवक
पीड़ित युवक की पहचान रामलखन कुमार निवासी शंकर सरैया (तुरकौलिया थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। जो रामलखन ने पुलिस को बताया कि वह अपने बहने के बेटे को राजा बाजार स्थित नर्सिंग होम से डिस्चार्ज कराकर लिए दवा दिलाने आया था। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने रामलखन से दूसरे बच्चे के बारे में पूछने लगे। जब वह बच्चे की जानकारी नहीं दे पाया तो भीड़ ने बच्चा चोर का आरोप लगाकर उसकी पिटाई शुरु कर दी।

सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा वीडियो
युवकों की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। नालंदा से भी बच्चा चोरी के शक में युवकों की पिटाई के दो मामले सामने आए हैं। पहला मामला रानीबीघा गांव का बताया जा रहा है, जहां स्थानीय लोगों ने एक युवक को बच्चा चोर समझकर कर बंदी बना लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। वहीं भीड़ में मौजूद लोगों ने पिटाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। हालांकि युवक के पिटाई के दौरान पुलिस ने मौक़ पर पहुंच कर युवक को भीड़ से छुड़ाया और फिर इलाज के लिए बिहार शरीफ़ सदर अस्पताल में भर्ती करवा दिया।

भाभी के जन्मदिन के मौक़े पर आया था भाई के ससुराल
घायल युवक की पहचान आशीष कुमार निश्चलगंज (परबलपुर प्रखंड) निवासी के रुप में हुई है। सुनील कुमार जायसवाल (थानाध्यक्ष) की मानें तो आशीष (पीड़ित युवक) भाभी के जन्मदिन के मौक़े पर अपने भाई के ससुराल शोभी बीघा गांव गया था। रात भर पार्टी करने के बाद भाइ के साले किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसी बात से नाराज़ हो कर युवक भाइ के ससुराल से पैदल ही घर जाने के लिए निकल पड़ा। इसी दौरान युवक को लगा कि राणा बीघा गांव के पास दो बाइक सवार लोग उसका कर रहे हैं। बाइक सवार की डर से युवक एक घर में छिप गया।

बच्चा चोर समझकर लोगों ने कर दी पिटाई
युवक के घर में छिपने के दौरान ही गांव के एक आदमी ने उसे देख लिया और शोर मचाते हुए भीड़ को इकट्ठा कर ली। जब भीड़ वहां पहुंची तो युवक को पकड़ कर उसके सामान की तलाशी शुरू कर दी। युवक के बेग की तलाशी लेने पर दवा और एक चाकू बरामद हुआ। दवा और चाकू देखते ही ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया और फिर बेरहमी से पिटाई करने लगे। जिसके बाद पुलिस को मामले की सूचना मिली। मौक़े पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को छुड़ाया और इलाज करवाने के बाद उसके परिजन को सौंप दिया। पुलिस की जांच में पता चला की युवक नसिक रूप से विक्षिप्त है।

युवक की ग्रामीणों ने की बुरी तरह से पिटाई
बच्चा चोरी के शक में युवक की पिटाई को दूसरा मामला सोहसराय थाना क्षेत्र के लोहगानी मोहल्ला का है। जहां मंगलवार के दिन उग्र भीड़ ने बच्चा चोर समझकर युवक की बुरी तरीके से पिटाई कर दी। दर्जनों लोगों ने लात-घूंसे से युवक की पिटाई करते रहे और युवक छोड़ने की गुहार लगाता रहा। मामले की सूचना पुलिस को मिली जिसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों के चंगुल से युवक को छुड़ाया। जख्मी हालत में युवक को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। युवक की पहचान रामदास सोहसराय निवासी के रूप में हुई है।
ये भी पढ़ें: बिहार: पटना के 'लठमार' ADM के बाद खगड़िया के 'लाठीबाज़' BDO का वीडियो वायरल, DM ने लिया संज्ञान












Click it and Unblock the Notifications