OI Bihar News Impact: 'Live Kidnapping' मामले का पर्दाफाश, इस वजह से हुआ अपहरण, 6 घंटे के अंदर अपहृत बरामद
OI News Impact: बिहार के लखीसराय में हुए अपहरण कांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। एक बार फिर वनइंडिया की ख़बर का असर हुआ है। वनइंडिया हिंदी ने प्रमुखता से इस ख़बर को दिखाया था और बिहार पुलिस ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए 6 घंटे के भीतर अपहरण की गुत्थी सुलझा ली।
आपको बता दें कि लखीसराय के संतर मोहल्ला निवासी नरेश कुमार उर्फ विनोद कुमार मंडल के पुत्र अंशु कुमार का अपहरण 9 अप्रैल 2025 को रात्रि 9:00 बजे के करीब हुआ था। घटना चित्तरंजन रोड स्थित दक्ष हॉस्पिटल के पास हुई थी। मारपीट और अपहरण में रवि वर्मा, सूरज वर्मा और चार-पांच अज्ञात व्यक्ति शामिल थे।

जांच के लिए पुलिस टीम गठित: लखीसराय थाना कांड संख्या-160/25 दिनांक 09.04.25 के तहत धारा 137 (2)/140 (1)/3 (5) आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया था। सूचना मिलने पर लखीसराय के पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। इसके बाद अंशु कुमार को सकुशल बरामद करने के लिए छापेमार कार्रवाई शुरू की।
छापेमारी के दौरान रवि कुमार को अपराध में प्रयुक्त वाहन के साथ पकड़ा गया। अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी हुई और अंशु कुमार की बरामदगी के लिए कोशिश जारी रही। रवि कुमार वर्मा ने बताया कि उनकी बेटी और उनके भाई सुनील वर्मा की बेटी 9 अप्रैल 2025 को सुबह 10:00 बजे से लापता हैं।
बेटी को वापस पाने के लिए अपहरण: स्थानीय पूछताछ में पता चला कि अंशु कुमार का उनकी बेटी से संबंध था। संदेह है कि अंशु के दोस्त धर्मरायचक निवासी रोशन कुमार ने उन्हें भगाने में मदद की थी। पुलिस को सूचना दिए बिना रवि और उसके साथियों ने अपनी बेटी को वापस पाने के लिए अंशु का अपहरण कर लिया।
पुलिस ने उन्हें तब रोका जब वह अंशु को दोस्तों के पास सौंपने के बाद रोशन कुमार को पकड़ने जा रहे थे। इस दौरान पुलिस ने रवि के दोस्त आफताब और ड्राइवर चंदन को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी के नेतृत्व में आफताब से पूछताछ की गई, जिसके बाद अंशु कुमार को पथला गांव से सकुशल बरामद कर लिया गया। उसके साथ पांच आरोपी पकड़े गए। इस घटना में शामिल कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। शेष दो संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
जब्त सामान और गिरफ्तारी का विवरण: पुलिस ने पांच मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल की गई कार जब्त की है। गिरफ्तार किए गए लोगों में कैव्या थाना अंतर्गत पचना रोड संसार पोखर वार्ड नंबर 17 के निवासी रवि वर्मा, सूरज कुमार उर्फ बाउगू मंडल शामिल है।
इसके अलावा सुनील प्रसाद वर्मा, अखलेश मंडल, पंकज वर्मा, नीरज कुमार, सूरज कुमार और लखीसराय जिले के किऊल थाना अंतर्गत वृंदावन निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद आफताब शामिल हैं। कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई ने अंशु की सुरक्षा सुनिश्चित की तथा इस अपहरण की घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को पकड़कर न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी उजागर किया।












Click it and Unblock the Notifications