12-12-12 के बाद अब 11-12-13 को बच्चे पैदा करने की होड़
अंकज्योतिष की माने तो यह तारीख पूरे 100 साल बाद आयी है और अगले 1000 साल बाद ही ऐसा संयोग बनेगा इसलिए जो महिलाएं दिसंबर माह में अपने बच्चे को जन्म देने वाली हैं, वो अपने बच्चे को इस दिन पैदा करने के लिए डॉक्टरों पर प्रेशर डाल रही हैं। इनमें से वो माएं भी शामिल हैं जिनकी डिलेवरी नार्मल होने के पूरे आसार है लेकिन समय से पहले अपने बच्चे को प्राप्त करने के लिए वह ऑप्रेशन कराने को भी तैयार हैं।
पटना के चिकित्सकों के अनुसार यह एक नया चलन हो गया कि लोग खास तिथि को ही आने वाले मेहमान के लिए तिथि तय करते हैं। चिकित्सकों ने बताया कि महिलाओं की प्रसूति तिथि दिसंबर के बीच है वे 11 दिसंबर को ही ऑपरेशन कराना चाह रही हैं। वैसे चिकित्सक इसके लिए अंधविश्वास को दोष दे रहे हैं।
अंक ज्योतिषियों का मत है कि इस दिन जन्म लेने वाले बच्चे किसी भी स्थिति में असफल नहीं होंगे। आचार्य जयकुमार शास्त्री का कहना है कि 11 अंक रूद्र यानि शंकर भगवान का प्रतीक है। आम तौर से भी देखा जाता है कि 11अंक को लोग शुभ मानते हैं। 11 के दिन कोई भी काम प्रारंभ करना मंगलकारी होता है। वे कहते हैं कि इस वर्ष का 11 दिसंबर को विवाह का लग्न भी है और इस दिन बड़ी संख्या में विवाह होने निश्चित हैं।
इधर, अन्य ज्योतिषी भी इस तिथि को शुभ मानते हैं, लेकिन उनका कहना है कि उस दिन बच्चों का जन्म होना शुभ अवश्य है परंतु व्यक्ति की इच्छा के अनुसार ऐसा करना सही नहीं। पिछली बार इस तरह क्रेज 12-12-12 को देखा गया था, उस समय भी इस दिन बच्चा पैदा करने की होड़ मची थी।
महिला चिकित्सक के पास प्रसूति की तारीख लेने आईं आशियाना नगर की गृहिणी संध्या सिंह कहती हैं कि 11-12-13 को अभूतपूर्व संयोग ही नहीं है, बल्कि यह अनोखी तारीख भी है। मैंने अपनी प्रसूति के लिए चिकित्सक से 11 तारीख तय कर रखी है। वैसे उनकी प्रसूति की अनुमानित तिथि 13 या 14 दिसंबर बताई गई थी लेकिन वह इस तिथि को हाथ से नहीं जाने देना चाहती हैं। वह कहती हैं कि यह मेरी पहली संतान है इस कारण मेरी इच्छा है कि यह संतान खुद और परिवार के लिए सुखद हो।
यह क्रेज केवल बच्चे के जन्म को लेकर नहीं है बल्कि इस दिन शादी करने वालों में होड़ देखी जा रही है। आम दिनों की तुलना में भी विवाह के लग्न होने के कारण उस दिन अधिक विवाह होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।













Click it and Unblock the Notifications