फोटो पर माला, भैंस को खिलाया चारा, बधाई की जगह AK-47 की बात! लालू यादव के जन्मदिन पर सियासी ड्रामा
Lalu Yadav Birthday: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने 11 जून को अपना 78वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया। पूरा पटना इस खास मौके पर जश्न के रंग में रंगा नजर आया। लालू यादव ने अपने आवास पर परिवार और बच्चों के साथ केक काटा, जबकि बाहर जुटे उनके समर्थकों ने लड्डू से बने विशाल केक को तलवार से काटा और बैंड-बाजे की धुन पर जमकर झूमे।
हालांकि इस जश्न के बीच कुछ अजीबोगरीब नजारे भी देखने को मिले। किसी ने लालू यादव की तस्वीर पर फूलों की माला चढ़ा दी, तो वहीं किसी ने भैंस को चारा खिलाते हुए लालू यादव पर तंज कसा। वहीं हम पार्टी प्रमुख जीतनराम मांझी ने तलवार से केक काटने की परंपरा पर सवाल उठाए।

RJD नेता ने लालू के फोटो पर चढ़ा दी फूल
बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और आरजेडी के वरिष्ठ नेता अवध बिहारी चौधरी ने लालू यादव की तस्वीर पर फूलों की माला चढ़ा दी। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यूजर्स मज़ेदार कमेंट्स के साथ अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। लोगों का कहना है फोटो पर माला तो किसी को श्रद्धांजलि देने के लिए चढ़ाई जाती है, जन्मदिन पर नहीं! कई लोग इसे 'संवेदनहीनता' बता रहे हैं, तो कुछ ने इसे RJD की 'ओवर एक्साइटमेंट' का नतीजा करार दिया है।
भैंस को चारा खिलाकर कसा तंज
लालू यादव के जन्मदिन के मौके पर जहां समर्थकों ने जश्न मनाया, वहीं जेडीयू कार्यकर्ताओं ने इस दिन को व्यंग्य और कटाक्ष का मौका बना दिया। जेडीयू कार्यकर्ताओं ने भैंस को चारा खिलाते हुए लालू यादव पर तंज कसा। एक कार्यकर्ता ने कैमरे के सामने कहा, हम भैंस को केक खिलाना चाहते थे, लेकिन वो चारा मांग रही है... और चारा तो लालू यादव खा गए हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने आगे कहा, 'हम लालू यादव के स्वस्थ रहने की कामना करते हैं ताकि वह देख सकें कि आज भी उनकी भैंस चारे के लिए तरस रही है।'
लालू पर भड़के मांझी
वहीं हम पार्टी प्रमुख जीतनराम मांझी ने तलवार से केक काटने की परंपरा पर सवाल उठाए। मांझी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लालू यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा है कि, 'लाठी में तेल पिलवाकर समाज को बांटने वालों के व्यवहार में बदलाव आ ही नहीं सकता। आज जब सरकार में नहीं हैं तो साहेब तलवार से केक काट रहें हैं,गलती से बेटवा कुछ बन गया तो AK-47 से केक को उड़ाया जाएगा है ना लालू जी। खैर जन्मदिन की बधाई @laluprasadrjd जी।'












Click it and Unblock the Notifications