तलवार से काटा केक, बैंड-बाजा पर थिरके समर्थक, तेजप्रताप की इमोशनल तस्वीर! ऐसा मना Lalu Yadav का 78वां Birthday
Lalu Yadav Birthday: केक कटा, लड्डू वाला केक भी आया... बैंड-बाजे पर खूब थिरके समर्थक! जी हां, बात हो रही है बिहार की सियासत के धुरी और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के 78वें जन्मदिन की। पूरा पटना जश्न के रंग में डूबा नजर आया। लालू यादव ने सबसे पहले घर में बच्चों के साथ केक कटा, तो बाहर समर्थकों ने लड्डू से बने केक को तलवार से कटवाया।
वहीं बेटियों ने सोशल मीडिया पर पापा के लिए प्यारे-प्यारे मैसेज लिखे और... सबकी नजरें जिस पर थीं - तेजप्रताप यादव भी तस्वीर के जरिए अपने पिता को बधाई देते दिखे।

बच्चों के साथ मनाया बर्थडे
सबसे पहले लालू यादव ने अपने परिवार के बच्चों और करीबियों के साथ मिलकर केक काटा और जन्मदिन का जश्न मनाया। इस खास मौके पर घर का माहौल पूरी तरह पारिवारिक और खुशनुमा नजर आया।
तलवार से लालू यादव ने काटा केक
वहीं बुधवार सुबह से ही पटना स्थित राबड़ी आवास पर लालू यादव के समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कोई बैंड-बाजे के साथ केक लेकर पहुंचा, तो कोई लड्डू से बना खास केक लेकर आया। माहौल पूरी तरह जश्न में डूबा नजर आया। खास बात ये रही कि समर्थकों ने लालू यादव से तलवार से केक कटवाया, और इसी दौरान बैंड-बाजे की धुन पर जमकर नाचते भी नजर आए।
तेजप्रताप ने खास अंदाज में दी बधाई
दूसरी ओर, परिवार से निष्कासित हो चुके लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने भी अपने पिता को बेहद खास अंदाज़ में जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया, जिसमें वह दीवार पर बने लालू यादव के विशाल चित्र को दोनों हाथों से स्पर्श करते नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा - 'रात जितनी गहरी होगी, सवेरा उतना ही करीब होगा।'
'हमारी ताकत , हमारे कवच...'
वहीं लालूप्रसाद यादव की बेटी रोहिनी आचार्य ने भी वीडियो कॉल के जरिए बधाई दी। वहीं उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, हमारी सबसे बड़ी प्रेरणा, हमारी ताकत , हमारे कवच , हमारे आदर्श , हमारे गौरव , हमारे मार्गदर्शक , हमारे सुपरमैन , हमारे पापा को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं ..। हैप्पी बर्थडे पापा
राहुल गांधी ने दी बधाई
वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लिखा कि, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। हमारे बीच का रिश्ता सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रहा - यह एक गहरा मानवीय जुड़ाव रहा है, जो समान मूल्यों और सामाजिक न्याय के संघर्ष पर आधारित है। आपका जीवन संघर्षों से भरा रहा है, लेकिन आपने हमेशा मजबूती और हौसले के साथ उन लोगों की आवाज़ उठाई है, जिन्हें अक्सर अनसुना कर दिया जाता है। आज आपके जन्मदिन पर मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications