Anant Singh: कोर्ट से दी अनंत सिंह को बड़ी राहत! वायरल वीडियो मामले में टली गिरफ्तारी, अब कब होगी सुनवाई?
Anant Singh: बिहार की राजनीति में एक बार फिर मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) चर्चा में हैं। गोपालगंज के MP-MLA कोर्ट से उन्हें बड़ी राहत मिली है। हथियार प्रदर्शन मामले में दायर अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने फिलहाल उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने यह राहत 30 मई तक के लिए दी है।
इस मामले को लेकर पिछले कुछ दिनों से बिहार की सियासत काफी गर्म थी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद विपक्ष लगातार सरकार और विधायक पर सवाल उठा रहा था। वहीं बचाव पक्ष ने वीडियो को एडिटेड और राजनीतिक साजिश का हिस्सा बताया है। अब इस पूरे मामले पर सबकी नजरें 30 मई को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हुई हैं।

30 मई तक गिरफ्तारी पर रोक
गोपालगंज के जिला एवं सत्र न्यायाधीश तीन सह एमपी-एमएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश राजेंद्र कुमार पाण्डेय की अदालत में विधायक अनंत सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद अदालत ने 30 मई तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाने का आदेश दिया। इसी दिन उनकी जमानत याचिका पर आगे की सुनवाई भी होगी।
वायरल वीडियो के बाद दर्ज हुई थी एफआईआर
पूरा मामला मीरगंज के सेमरांव गांव में आयोजित एक उपनयन कार्यक्रम से जुड़ा है। कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में खुलेआम हथियार लहराने और अश्लील डांस होने के आरोप लगाए गए थे। इस मामले में विधायक अनंत सिंह, कलाकार गुंजन सिंह (Gunjan Singh) समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वीडियो सामने आने के बाद मामला राजनीतिक मुद्दा बन गया था।
बचाव पक्ष ने कोर्ट में क्या कहा
विधायक की ओर से पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता कुमार हर्षवर्धन और गोपालगंज सिविल कोर्ट के अधिवक्ता राजेश कुमार पाठक ने अदालत में पक्ष रखा। बचाव पक्ष ने दावा किया कि वायरल वीडियो एडिटेड है और इसे राजनीतिक साजिश के तहत फैलाया गया। वकीलों ने कोर्ट में यह भी कहा कि वीडियो को एआई तकनीक की मदद से बदला गया हो सकता है। दलीलें सुनने के बाद अदालत ने फिलहाल गिरफ्तारी पर रोक लगाने का आदेश दिया।
सियासत भी हुई तेज
मामला सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई थी। विपक्षी दल लगातार सरकार और जदयू पर हमला बोल रहे थे। वहीं अब अदालत से राहत मिलने के बाद अनंत सिंह समर्थकों में खुशी का माहौल है। अब इस केस की अगली सुनवाई 30 मई को होगी, जिस पर राजनीतिक गलियारों की नजर बनी हुई है।
ये भी पढ़ें: 'आत्मदाह' की कोशिश के बाद अमित शाह को खून से चिट्ठी, किन 4 मांगों पर अड़े विधायक रविंद्र सिंह भाटी?












Click it and Unblock the Notifications