Delhi-NCR Monsoon: तेज हवाओं के साथ बरसे बादल, अकासा एयर ने जारी की एडवाइजरी, चेक करें IMD अपडेट
Delhi-NCR Monsoon Updates: दिल्ली-एनसीआर में रविवार को मौसम ने अचानक ऐसा रुख बदला कि सुबह तक उमस और गर्मी से परेशान लोग दोपहर बाद राहत महसूस करने लगे। राजधानी के कई इलाकों में बारिश शुरू हुई तो कहीं तेज हवाओं के साथ बादल गरजे। मौसम के बदलते मिजाज का असर तापमान पर भी दिखा और अलग-अलग हिस्सों में अलग स्थिति देखने को मिली।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि आने वाले घंटों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। दूसरी ओर, मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने मुंबई और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश का असर रेल और हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है, जबकि एक दर्दनाक हादसे में पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई।

दिल्ली में दोपहर बाद बदला मौसम
रविवार को दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में अचानक बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर और शाम के दौरान कई इलाकों में तेज गरज के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। बारिश के बाद लोगों को उमस से राहत जरूर मिली, लेकिन हवा में नमी बनी रही।
ये भी पढ़ें: Aaj ka Mausam: दिल्ली से पटना तक 18 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, मानसून ने पकड़ी रफ्तार, IMD की चेतावनी
अलग-अलग इलाकों में अलग रहा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, दोपहर करीब एक बजे नई दिल्ली में तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां बारिश और बादलों की वजह से मौसम काफी सुहावना रहा। वहीं राजधानी के कुछ अन्य हिस्सों में तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
IMD ने क्या कहा?
मौसम विभाग के अनुसार, कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा, जबकि कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। राजधानी में दक्षिण-पूर्व दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। पालम क्षेत्र में हवा की अधिकतम रफ्तार 37 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई।
विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले दो दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।
मुंबई और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट
उधर महाराष्ट्र में बारिश का असर और ज्यादा देखने को मिल रहा है। IMD ने मुंबई और रायगढ़ जिले के लिए तीन घंटे का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, शनिवार रात से जारी बारिश के चलते मुंबई के कुछ इलाकों में पिछले 23 घंटों में 250 से 300 मिलीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई है। आने वाले समय में भी कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।
लोकल ट्रेनें सामान्य, कुछ लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित
भारी बारिश के बावजूद मुंबई की चारों लोकल रेल लाइनें सामान्य रूप से चल रही हैं। हालांकि रेलवे ने यात्रियों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि मेन लाइन, हार्बर लाइन, ट्रांस हार्बर लाइन और सेंट्रल लाइन पर सेवाएं सामान्य हैं। उन्होंने कहा कि बारिश का असर मुख्य रूप से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और लोकमान्य तिलक टर्मिनस से चलने वाली करीब 8 से 10 लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ा है। रेलवे और स्थानीय प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पेड़ गिरने से गई जान
लगातार हो रही बारिश के बीच मुंबई के कुर्ला पश्चिम इलाके में एक बड़ा हादसा हुआ। बीएमसी के मुताबिक, नौपाड़ा के कामानी क्षेत्र में हिंदी बीएमसी स्कूल के पास एक पेड़ दुकान पर गिर गया। इस हादसे में 63 वर्षीय यूनुस कुंडावाला गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत फौजिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
Akasa Air ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली में खराब मौसम का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ा है। Akasa Air ने जानकारी दी कि खराब मौसम के कारण उसके नेटवर्क की कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। एयरलाइन ने यात्रियों से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचने की अपील की है। कंपनी ने कहा कि मौसम पर उसका नियंत्रण नहीं है, लेकिन यात्रियों की मदद के लिए उसकी टीमें लगातार काम कर रही हैं।
ये भी पढ़ें: Weather Forecast Today: दिल्ली से बंगाल तक मौसम खराब, महाराष्ट्र में रेड अलर्ट , क्या है UP का हाल?












Click it and Unblock the Notifications