कितने पढ़े-लिखे हैं 10वीं बार CM पद की शपथ लेने वाले नीतीश कुमार? बिहार के मुख्यमंत्री को मिलती है कितनी सैलरी?
CM Nitish Kumar: बिहार की राजनीति में एक बार फिर से वही नाम चर्चा में है, नीतीश कुमार। चुनाव नतीजों में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद बिहार की कमान 10वीं बार नीतीश कुमार के हाथों में आ गई है। पिछले पांच सालों में उनके नेतृत्व ने राज्य में कई अहम फैसले और बदलाव किए हैं, और इस बार जनता ने फिर से उन्हें अपना भरोसा दिखाया है।
जेडीयू को 85 सीटें और बीजेपी को 89 सीटें मिलने के बाद विधायक दल ने नीतीश कुमार को नेता चुना। नीतीश कुमार ने एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। ये जानना दिलचस्प होगा कि नीतीश कुमार की पढ़ाई, सैलरी और संपत्ति कितनी है? कैसे ये चीजें उनके राजनीतिक सफर में उन्हें 10वीं बार और लगातार चौथी बार सीएम बनाने में मदद कर रही है?

नीतीश कुमार की पढ़ाई और शुरुआती जीवन
नीतीश कुमार का जन्म और पालन-पोषण बिहार में हुआ। उन्होंने बख्तियारपुर से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। बचपन से ही वो पढ़ाई में तेज़ थे। उन्होंने श्री गणेश हाई स्कूल से 10वीं की परीक्षा में टॉप किया। इसके बाद पटना के साइंस कॉलेज में 12वीं की पढ़ाई की। नीतीश ने 12वीं के बाद बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (अब NIT पटना) से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की। पढ़ाई के दौरान ही वे छात्र राजनीति में सक्रिय हो गए। इसके बाद उन्होंने बिजली विभाग में थोड़े समय के लिए काम किया और फिर राजनीति की दुनिया में कदम रखा।
मुख्यमंत्री के रूप में सैलरी और सुविधाएं
बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार को हर महीने 2,15,000 रुपये की सैलरी मिलती है, जो उन्हें राज्य के सबसे बड़े पद पर कार्य करने के लिए दी जाती है। इसके अलावा उन्हें कई तरह की सुविधाएं भी प्रदान की जाती हैं, जो एक मुख्यमंत्री के दायित्वों और जीवनशैली को संभालने में मदद करती हैं। इनमें सरकारी बंगला शामिल है, जिसमें मुख्यमंत्री और उनका परिवार आराम से रह सकते हैं। इसके साथ ही उन्हें सरकारी वाहन और ड्राइवर की सुविधा मिलती है, जिससे किसी भी जरूरी कार्यक्रम या दौरे पर आसानी से और सुरक्षित रूप से पहुंचा जा सके।
सुरक्षा भी उनके लिए प्राथमिकता होती है, इसलिए उन्हें विशेष सुरक्षा बल और गार्ड्स की व्यवस्था रहती है। कामकाज को सुचारू रूप से चलाने के लिए स्टाफ और सचिवालय की पूरी टीम भी उनके साथ रहती है। यात्रा के लिए सरकारी फ्लाइट की सुविधा उन्हें देश और विदेश में भ्रमण के दौरान उपलब्ध रहती है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री रिटायरमेंट के बाद भी सुरक्षित और आरामदायक जीवन जी सकें, इसके लिए उन्हें पेंशन और अन्य फायदे भी मिलते हैं। यह पेंशन उनके लंबे राजनीतिक और प्रशासनिक करियर के सम्मान और सेवा के रूप में प्रदान की जाती है। इस तरह, नीतीश कुमार को न केवल हर महीने निश्चित आय मिलती है, बल्कि उनके जीवन और कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुविधाएं भी दी जाती हैं।
नीतीश कुमार की संपत्ति
2025 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक नीतीश कुमार के पास एक कार और 21,052 रुपये कैश हैं। बैंक में कुल 60,811.56 रुपये जमा हैं। उनकी चल संपत्ति लगभग 17 लाख रुपये है। इसके अलावा उन्होंने 13 गाय और 10 बछड़े भी अपने हलफनामे में दर्ज किए हैं।
लगातार चौथी बार सीएम
नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री बने हैं, लेकिन इस बार उन्होंने लगातार चौथी बार बिहार के सीएम के रूप में शपथ ली है। 2005 के बाद से अब तक कोई भी उन्हें सीएम पद से हटा नहीं पाया। चाहे राज्य में कोई भी गठबंधन सत्ता में हो, नीतीश कुमार हमेशा सत्ता में बने रहे हैं। इस बार भी बिहार में उनकी सरकार आने की संभावना मजबूत है। बीच में उन्होंने स्वेच्छा से सीएम पद त्याग कर जीतन राम मांझी को सीएम बनाया था। हालांकि कुछ महीने बाद नीतीश कुमार की सीएम पद पर वापसी हो गई।
नीतीश कुमार का राजनीतिक सफर
नीतीश कुमार का राजनीतिक सफर बहुत लंबा और अनुभव से भरा रहा है। उन्होंने जेडीयू की स्थापना में सक्रिय भूमिका निभाई और कई बार केंद्रीय और राज्य सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। उनकी सादगी और प्रशासनिक क्षमता उन्हें बिहार की राजनीति में अलग पहचान देती है। बिहार में अब जनता की नजरें नई सरकार पर हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अगले पांच साल की नीतियों और विकास कार्यों पर टिकी हैं।
ये भी पढ़ें: Nitish Kumar: 20 नवंबर से है नीतीश कुमार का खास कनेक्शन, 10 वीं बार शपथ लेकर रचा इतिहास












Click it and Unblock the Notifications