Bihar News: खेत-खलिहान में डिजिटल क्रांति, नीतीश सरकार का बड़ा दांव या बिहार के किसान वाकई होंगे हाई-टेक?
Bihar Farmer News: बिहार में खेती-किसानी की सूरत बदलने के दावे बार-बार हुए हैं। कभी सिंचाई योजनाओं के नाम पर, कभी न्यूनतम समर्थन मूल्य की बात पर और कभी किसान ऋण माफी के वादों पर। लेकिन इस बार नीतीश सरकार ने किसानों को डिजिटल युग से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा दांव चला है।
डिजिटल कृषि निदेशालय के गठन को कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है। सरकार का दावा है कि इस कदम से न केवल योजनाओं का लाभ रियल टाइम में मिलेगा, बल्कि खेत-खलिहान की दुनिया अब तकनीक से संचालित होगी।

किसान और टेक्नोलॉजी : फासला कितना पाट पाएगा सिस्टम?
सरकार का तर्क है कि डिजिटल निदेशालय के जरिए किसानों को मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड, फसल और मौसम की सटीक जानकारी, पौधा संरक्षण में ड्रोन तकनीक और जनरल क्रॉप एस्टीमेशन सर्वे जैसे उपकरण मिलेंगे। सुनने में यह मॉडल किसानों को सीधे वैज्ञानिक खेती की ओर ले जाने वाला लगता है। सवाल यह है कि क्या गांव-गांव में डिजिटल आधारभूत ढांचा और किसानों की टेक्नोलॉजी तक पहुंच उतनी ही आसान होगी, जितना कागज़ों पर दिखता है?
योजनाओं की स्पीड और पारदर्शिता का दावा
डिजिटल कृषि निदेशालय का एक और बड़ा उद्देश्य है योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी और पारदर्शिता। मोबाइल ऐप्स और ई-गवर्नेंस टूल्स के जरिए किसानों तक समय पर सेवा पहुंचाने की बात कही जा रही है। फार्मर रजिस्ट्री को डिजिटल करने से बिचौलियों और कागजी जटिलताओं से छुटकारे का दावा भी किया जा रहा है। लेकिन असली परीक्षा तब होगी जब किसान वाकई अपने खेत में खड़े होकर बिना ब्लॉक और दफ्तर के चक्कर लगाए योजना का लाभ ले पाएंगे।
बिहार की खेती में 'डिजिटल अध्याय'
राजनीतिक नजरिए से देखें तो नीतीश सरकार इस फैसले को अपने 'सुशासन और विकास' के नैरेटिव से जोड़ना चाहती है। बिहार में कृषि पर निर्भर आबादी 70% से ज्यादा है और वोटों का सबसे बड़ा हिस्सा भी यही वर्ग तय करता है। ऐसे में यह कदम किसानों को सीधे तकनीक और सरकारी योजनाओं से जोड़कर सियासी लाभ का रास्ता भी खोल सकता है।
लोगों के मन में कई सवाल
क्या बिहार का ग्रामीण ढांचा किसानों को डिजिटल क्रांति के लिए तैयार है?
क्या यह पहल महज ई-ऑफिस और पोर्टल बनाने तक सीमित रहेगी या किसानों की आमदनी बढ़ाने में भी मददगार होगी?
क्या सरकार किसानों के डिजिटल साक्षरता अभियान को साथ में चलाएगी?
अगर इन सवालों के ठोस जवाब मिलते हैं, तो कहा जा सकता है कि बिहार में खेती का भविष्य वाकई नई दिशा लेगा। वरना यह भी किसी और कागजी योजना की तरह फाइलों में सिमट कर रह सकता है।












Click it and Unblock the Notifications