बिहार लोक सेवा आयोग ने 6421 पदों पर निकाली हेडमास्टर की वेकैंसी, जानें कब है आवेदन की आखिरी तारीख
पटना। बिहार लोक सेवा आयोग ने राज्य सरकार के उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 6421 पदों पर प्रधानाध्यापकों के लिए भर्ती निकाली है। इन पदों के लिए 35 हजार रुपये वेतनमान निर्धारित किया गया है। इसके अलावा अन्य भत्तों का भी भुगतान किया जाएगा। शुक्रवार को बिहार लोक सेवा आयोग ने इससे जुड़ी अधिसूचना जारी कर दी है। शनिवार से 6421 पदों पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो जाएगा। इससे जुड़ी अधिक जानकारी आपको आयोग की वेबसाइट www.bpsc.bih.nic.in पर देख सकते हैं। इस पद के लिए उम्मीदवार 28 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए 50 प्रतिशत अंकों के साथ पीजी उत्तीर्ण होना जरूरी है। वहीं एससी-एसटी, ईबीसी, बीसी, दिव्यांग, महिला और आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों को पांच प्रतिशत की छूट दी गई है।

150 सवाल पूछे जाएंगे
इस पद के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा जिसमें 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। सामान्य अध्ययन से 100 और बीएड कोर्स से 50 अंक के सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी। हर एक सवाल के लिए एक अंक मिलेंगे जबकि 0.25 अंक गलत उत्तर देने पर कटेंगे। प्रश्न का उत्तर नहीं दिए जाने पर कोई अंक नहीं दिया जाएगा।
8 से 12 साल तक की नियमित सेवा का अनुभव जरूरी
प्रधानाध्यापक के पद पर आवेदन के लिए न्यूनतम अनुभव सीमा राज्य सरकार के विद्यालय में पंचायती राज संस्था और नगर निकाय के अधीन माध्यमिक शिक्षक पद पर न्यूनतम 10 साल की सेवा, सीबीएसई, आइसीएसई, बीएसईबी से स्थायी संबद्धता प्राप्त विद्यालय में माध्यमिक शिक्षक के पद पर न्यूनतम 12 साल की लगातार सेवा का अनुभव आवश्यक है।
न्यूनतम 31 साल और अधिकतम आयु सीमा 47 साल निर्धारित
पंचायत और नगर निकाय के अधीन कार्यरत शिक्षक के लिए न्यूनतम और अधिकतम आयु सीमा अलग से निर्धारित नहीं होगी। सीबीएसई, आइसीएसई, बीएसईबी से संबद्धता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए एक अगस्त, 2021 को न्यूनतम आयु 31 साल और अधिकतम 47 साल होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications