Bihar School News 2026: अब बिना इन सुविधाओं के नहीं मिलेगी मान्यता, सरकार ने जारी किए कड़े निर्देश
Bihar School News: बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने राज्य के निजी प्राथमिक और मध्य विद्यालयों की मनमानी पर अंकुश लगाने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए एक बेहद सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) लागू कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत, अब निजी स्कूलों का संचालन और उनकी मान्यता केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर मौजूद सुविधाओं के आधार पर तय होगी।
शिक्षा का अधिकार कानून (RTE) को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से उठाए गए इस कदम ने स्कूल संचालकों के लिए कड़े मापदंड निर्धारित कर दिए हैं। अब जिला स्तर पर गठित उच्चाधिकार समिति भौतिक सत्यापन के बाद ही मान्यता देगी। बच्चों के लिए खेल के मैदान से लेकर, छात्र-शिक्षक अनुपात और शिक्षण घंटों तक, हर छोटी-बड़ी सुविधा के लिए विभाग ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूलों की न केवल मान्यता रद्द होगी, बल्कि नए स्कूलों के खुलने पर भी कड़ा पहरा रहेगा।

जिला शिक्षा अधिकारी की कमेटी करेगी फैसला
अब निजी स्कूलों की मान्यता की चाबी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) की अध्यक्षता में बनी तीन सदस्यीय समिति के पास होगी। यह समिति सुनिश्चित करेगी कि स्कूल आरटीई (RTE) के मानकों को पूरा करता है या नहीं। बिना इस समिति की अनुशंसा के कोई भी निजी स्कूल प्राथमिक या मध्य स्तर पर संचालित नहीं हो सकेगा।
ये भी पढ़ें: Bihar School Holiday: बिहार में कोल्ड डे अलर्ट, पटना, गोपालगंज सहित इन जिलों के स्कूल अभी रहेंगे बंद
छात्र-शिक्षक अनुपात, अब हर छात्र पर होगी नजर
नई एसओपी में शिक्षकों की संख्या को लेकर गणित पूरी तरह साफ कर दिया गया है। कक्षा 1 से 5 तक के लिए:
- 60 छात्र: 2 शिक्षक अनिवार्य
- 61 से 90 छात्र: 3 शिक्षक
- 91 से 120 छात्र: 4 शिक्षक
- 121 से 200 छात्र: 5 शिक्षक
विशेष नियम: यदि छात्रों की संख्या 150 पार करती है, तो 5 शिक्षकों के साथ एक पूर्णकालिक प्रधानाध्यापक जरूरी होगा। 200 से अधिक छात्रों की स्थिति में प्रति 40 छात्र पर एक शिक्षक का अनुपात (40:1) बनाए रखना होगा।
कक्षा 6 से 8 (मध्य विद्यालय) के लिए सख्त नियम
कक्षा छह से आठ तक के स्कूलों में विषय-वार विशेषज्ञता पर जोर दिया गया है। हर कक्षा के लिए कम से कम एक शिक्षक होना अनिवार्य है, जिनमें शामिल हैं:
- विज्ञान और गणित शिक्षक
- सामाजिक अध्ययन शिक्षक
भाषा शिक्षक इन कक्षाओं में हर 35 छात्रों पर एक शिक्षक का अनुपात तय किया गया है। 100 से अधिक छात्र होने पर स्कूल में हेडमास्टर (प्रधानाध्यापक) का होना अनिवार्य है। इसके अलावा, खेल-कूद, कला और कार्य शिक्षा के लिए अंशकालिक (Part-time) शिक्षकों की नियुक्ति भी करनी होगी।
बुनियादी ढांचा और सुविधाएं, क्या-क्या होना जरूरी?
स्कूल केवल एक इमारत नहीं, बल्कि बच्चों के विकास का केंद्र होना चाहिए। नई SOP के अनुसार स्कूलों में ये सुविधाएं अनिवार्य हैं:
- क्लासरूम: प्रत्येक शिक्षक के लिए एक अलग कक्षा कक्ष।
- कार्यालय: प्रधानाध्यापक के लिए अलग ऑफिस सह स्टोर रूम।
- स्वच्छता: लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग चालू स्थिति में शौचालय।
- सुविधाएं: शुद्ध पेयजल, मिड-डे मील के लिए रसोईघर, खेल का मैदान और सुरक्षित चारदीवारी।
पढ़ाई के घंटे और वर्किंग डेज का नया कैलेंडर
शिक्षा विभाग ने साल भर में पढ़ाई के घंटों का भी सख्त कोटा तय किया है:
- प्राथमिक (1-5): साल में 200 कार्य दिवस और न्यूनतम 800 शिक्षण घंटे।
- मध्य विद्यालय (6-8): साल में 220 कार्य दिवस और न्यूनतम 1000 शिक्षण घंटे।
- शिक्षकों के लिए: प्रत्येक शिक्षक को सप्ताह में कम से कम 45 घंटे शिक्षण कार्य करना होगा।
इन मानकों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ विभाग ने 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई है। यदि कोई स्कूल इन नियमों का पालन नहीं करता है, तो उसकी मान्यता तत्काल प्रभाव से रद्द करने का प्रावधान किया गया है।
ये भी पढ़ें: कौन हैं बिहार के शब्बीर खान? फाइनल में हैट्रिक लेकर मचाया तहलका, एक ही ओवर में 4 विकेट लेकर रचा इतिहास












Click it and Unblock the Notifications