कौन हैं बिहार के शब्बीर खान? फाइनल में हैट्रिक लेकर मचाया तहलका, एक ही ओवर में 4 विकेट लेकर रचा इतिहास
Who is Shabbir Khan: भारतीय क्रिकेट को एक और नया सितारा मिल गया है। इस बार चमक बिहार (Bihar) के लाल शब्बीर खान (Shabbir Khan) ने बिखेरी है। किसी भी बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में दबाव झेलना आसान नहीं होता, लेकिन शब्बीर ने न केवल दबाव झेला बल्कि अपनी धारदार गेंदबाजी से विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। विजय हजारे ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप फाइनल में इस खिलाड़ी ने हैट्रिक लेकर धमाल मचा दिया है।
मणिपुर के खिलाफ खेले गए इस फाइनल मैच में शब्बीर खान ने हैट्रिक लेने के साथ ही एक अद्भुत कारनामा कर दिखाया। उन्होंने एक ही ओवर में चार बल्लेबाजों को आउट करते हुए पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। रांची के जेएससीए (JSCA) स्टेडियम में शब्बीर की गेंदों के सामने मणिपुर के बल्लेबाज बेबस नजर आए।

पहले ओवर से शब्बीर खान ने दिखाया जादू
पहले ओवर से ही बरपाया कहर अपने स्पेल की शुरुआत से ही शब्बीर खान फॉर्म में दिखे। अपने पहले ओवर की अंतिम गेंद पर विकेट लेने के बाद अगले ओवर में उन्होंने 'तांडव' मचा दिया। इस ओवर की दूसरी, तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार तीन विकेट लेकर उन्होंने अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके बाद भी उनकी भूख शांत नहीं हुई और उन्होंने इसी ओवर की आखिरी गेंद पर एक और विकेट झटक लिया। इस तरह उन्होंने एक ही ओवर में 4 शिकार किए।
बिहार के इस तेज गेंदबाज ने पारी में कुल 6 विकेट झटके। खास बात यह रही कि शब्बीर ने महज 17 रन देकर इन 6 बल्लेबाजों को आउट किया। 28 वर्षीय इस खिलाड़ी ने अपने इस जादुई स्पेल से न केवल मैच जिताया, बल्कि चयनकर्ताओं का ध्यान भी अपनी ओर खींचा है।
कौन हैं शब्बीर खान?
शब्बीर खान का करियर और डेब्यू भारतीय घरेलू क्रिकेट में अपनी विशेष पहचान बनाने वाले शब्बीर खान का जन्म 31 मार्च 1997 को हुआ था। बिहार क्रिकेट के उभरते हुए सितारे शब्बीर ने 3 जनवरी 2020 को रणजी ट्रॉफी (2019-20) के जरिए प्रथम श्रेणी (First-Class) क्रिकेट में अपना पर्दापण किया था।
लाल गेंद के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने के बाद, उन्होंने सीमित ओवरों के प्रारूप में भी तेजी से कदम बढ़ाए और 20 फरवरी 2021 को विजय हजारे ट्रॉफी के माध्यम से बिहार के लिए अपना लिस्ट-ए (List A) डेब्यू किया। तब से वे बिहार की गेंदबाजी इकाई के एक मजबूत स्तंभ बने हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications