Bihar Next CM: 'चिराग पासवान बनें बिहार के मुख्यमंत्री', दिग्गज नेता की इच्छा, क्या सच में बनेंगे CM ? समीकरण
Bihar Next CM (Chirag Paswan): बिहार की राजनीति इन दिनों नए मोड़ पर खड़ी नजर आ रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही बन गया है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इसी बीच एनडीए (NDA) के भीतर से ही एक नई मांग सामने आई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुलकर कहा है कि वे चिराग पासवान को बिहार का अगला मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं। इस मांग ने बिहार के राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। खासकर पटना में लगे पोस्टरों ने इस चर्चा को और हवा दे दी है।
सोमवार (09 मार्च) को एलजेपी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने कहा, ''हम चाहते हैं कि चिराग पासवान बिहार के अगले CM बनें; यह फैसला गठबंधन के टॉप नेताओं के हाथ में है।" इससे पहले भी अरुण भारती चिराग पासवान को मुख्यमंत्री के रूप में देखने की इच्छा जता चुके हैं। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा था कि वह व्यक्तिगत तौर पर चाहते हैं कि चिराग पासवान बिहार के बड़े नेता बनें और राज्य का नेतृत्व करें।

हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि मुख्यमंत्री को लेकर अंतिम फैसला एनडीए के शीर्ष नेता मिलकर करेंगे। भारती के मुताबिक, जब वह पार्टी प्रभारी के तौर पर अलग-अलग जिलों में गए तो वहां कार्यकर्ताओं की भी यही मांग थी कि आने वाले समय में चिराग पासवान को बड़ी जिम्मेदारी दी जाए।
'ना दंगा ना फसाद हो, बिहार का CM सिर्फ चिराग हो', पोस्टरों से तेज हुई चर्चा (Chirag Paswan CM Poster Row)
पटना में बीजेपी कार्यालय के बाहर हाल ही में कुछ पोस्टर लगाए गए, जिनमें चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की गई है। पोस्टरों पर लिखा था- "ना दंगा, ना फसाद हो, बिहार का CM सिर्फ चिराग हो।"
इन पोस्टरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जिक्र किया गया। एक लाइन में लिखा गया-"मोदी जी का मिला अपने हनुमान को आशीर्वाद, चिराग होंगे बिहार के नए सरताज।"
इसके साथ ही एक और संदेश दिया गया-"बिहार मांगे चिराग, वक्त अब आ गया है युवा मुख्यमंत्री बनाने का।" बताया जा रहा है कि ये पोस्टर एलजेपी (रामविलास) के पटना जिला अध्यक्ष इमाम गजाली की ओर से लगवाए गए हैं। पोस्टर सामने आते ही राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
एलजेपी-आर के प्रदेश प्रवक्ता मनीष सिंह ने भी चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग का समर्थन किया है। उनका कहना है कि अगर नीतीश कुमार राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय होते हैं, तो उनके अनुभव का फायदा पूरे देश को मिलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार को अब नई ऊर्जा और नई सोच वाले नेतृत्व की जरूरत है और ऐसे में चिराग पासवान जैसे युवा नेता को मौका मिलना चाहिए।
नीतीश के राज्यसभा जाने से बदले समीकरण (Nitish Kumar Rajya Sabha Move)
दरअसल हाल ही में नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने कहा कि वह अपनी इच्छा से राज्यसभा जा रहे हैं। करीब दो दशक तक बिहार के मुख्यमंत्री रहने के बाद अगर नीतीश कुमार दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होते हैं, तो राज्य में नई सरकार बनने की संभावना है। माना जा रहा है कि अप्रैल तक बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है।
क्या NDA में भाजपा का होगा मुख्यमंत्री? (NDA CM Formula)
हालांकि गठबंधन के अंदरखाने से जो चर्चाएं सामने आ रही हैं, उनके मुताबिक अगला मुख्यमंत्री भाजपा से हो सकता है। पार्टी ने इस पर विचार-विमर्श भी शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को बातचीत के लिए बुलाया है। दोनों नेताओं की मुलाकात में बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और नई सरकार को लेकर चर्चा हो सकती है।
मुख्यमंत्री की रेस में कौन-कौन? (CM Race Bihar)
भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरों में सम्राट चौधरी और नित्यानंद राय जैसे नेताओं के नाम चर्चा में हैं। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि पार्टी किसी नए चेहरे को सामने लाकर सबको चौंका सकती है।
जहां तक चिराग पासवान की बात है, उनकी पार्टी लोजपा-आर के बिहार विधानसभा में 19 विधायक हैं और राज्य सरकार में उनकी पार्टी के दो मंत्री संजय पासवान और संजय कुमार सिंह शामिल हैं। ऐसे में राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चिराग पासवान की दावेदारी पूरी तरह असंभव नहीं है, लेकिन अंतिम फैसला एनडीए के शीर्ष नेतृत्व के हाथ में ही होगा।
FAQs (बिहार का अगले मुख्यमंत्री को लेकर पूछे जाने वाले सवाल)
1. बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन बन सकता है?
अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। भाजपा के सम्राट चौधरी और नित्यानंद राय जैसे नेताओं के नाम चर्चा में हैं, जबकि एलजेपी कार्यकर्ता चिराग पासवान की मांग कर रहे हैं।
2. चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग किसने उठाई?
एलजेपी (रामविलास) के नेताओं, कार्यकर्ताओं और पार्टी सांसद अरुण भारती ने चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा जताई है।
3. पटना में लगे पोस्टरों में क्या लिखा था?
पोस्टरों में लिखा था- "ना दंगा, ना फसाद हो, बिहार का CM सिर्फ चिराग हो" और "बिहार मांगे चिराग।"
4. क्या नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं?
नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है और कहा है कि वह अपनी इच्छा से राज्यसभा जा रहे हैं।
5. बिहार में नई सरकार कब बन सकती है?
राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार अप्रैल महीने तक बिहार में नई सरकार और नया मुख्यमंत्री देखने को मिल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications