Bihar News: 'मेरे आवास के बाहर गोली चलवाई गयी', सीएम नीतीश पर तेजस्वी यादव ने लगाया गंभीर आरोप
Bihar News: राजधानी पटना के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी जोन में अपराधियों ने लूट के बाद दिनदहाड़े एक युवक पर गोली चला दी। यह सनसनीखेज वारदात बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी की बाउंड्री के ठीक बीचों-बीच और सड़क पर हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना स्थल से महज कुछ कदमों की दूरी पर मुख्यमंत्री आवास, उपमुख्यमंत्री का आवास, नेता प्रतिपक्ष, जज और कई अन्य कैबिनेट मंत्रियों के सरकारी आवास मौजूद हैं। इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच अपराधियों का इस तरह से निडर होकर वारदात को अंजाम देना राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
बाइक सवार अपराधियों ने की गोलीबारी
राजधानी पटना के बेहद सुरक्षित माने जाने वाले एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पोलो रोड पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक निजी ड्राइवर पर गोली चला दी। यह वारदात राज्य सरकार में मंत्री अशोक चौधरी के सरकारी आवास के ठीक सामने हुई। पीड़ित की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है, जो घटना के समय अपनी ड्यूटी पर पैदल जा रहा था। अचानक आए हमलावरों ने उस पर निशाना साधकर गोली चलाई, लेकिन गोली चूक गई और राहुल बाल-बाल बच गया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सचिवालय थाना और एयरपोर्ट थाना की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि मामला एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह वारदात उस क्षेत्र में हुई है, जिसे राजधानी का 'सुरक्षित ज़ोन' कहा जाता है।
CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी
वहीं इस घटना के बाद एयरपोर्ट थाना प्रभारी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि, पीड़ित राहुल कुमार पैदल ड्यूटी पर जा रहा था, जब बाइक सवार अपराधियों ने उस पर फायरिंग की। गनीमत रही कि गोली चूक गई और राहुल बाल-बाल बच गया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग जुटाए जा सकें। इस घटना ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब यह वारदात वीआईपी इलाकों के बीचो बीच हुई है।
ये भी पढ़ें Bihar News: गोपनीय कंप्यूटर, गुम होती फाइलें और 9 कर्मी कटघरे में, बिहार की सबसे चौंकाने वाली साइबर साजिश!
सरकार पर भड़के तेजस्वी यादव
वहीं इस घटना पर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, 'आज मेरे आवास के बाहर गोली चलाई/चलवाई गयी है। NDA के राक्षस राज में सत्ता संरक्षित अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि अपराधी हाई सिक्योरिटी जोन में कुछ ही दूरी पर जहां राज्यपाल आवास राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, नेता प्रतिपक्ष आवास, न्यायाधीश आवास और एयरपोर्ट है वहाँ ख़ूंख़ार अपराधी खुलेआम फायरिंग करते घूम रहे है। ख़बरदार! कोई इसे जंगलराज कहेगा तो? वैसे भी कल प्रधानमंत्री बिहार आ रहे है इसलिए गोदी मीडिया को सकारात्मक छवि बनाए रखनी है।'












Click it and Unblock the Notifications