Bihar Elections: NDA को बहुमत दिलाने के लिए PM मोदी ने कसी कमर, इन क्षेत्रों का आज करेंगे दौरा
Bihar Elections 2025 PM Modi: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान गुरुवार सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने खासतौर पर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं को बधाई देते हुए कहा - "पहले मतदान, फिर जलपान।"
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आज बिहार में लोकतंत्र का पहला चरण है। मेरी अपील है कि सभी मतदाता पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। जो युवा पहली बार वोट डाल रहे हैं, उन्हें विशेष बधाई। याद रखिए-पहले मतदान, फिर जलपान।"

जनसभाओं को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार में लोकतंत्र के इस महापर्व में जनता का उत्साह साफ दिखा रहा है कि एनडीए को इस चुनाव में अभूतपूर्व जनसमर्थन मिलने वाला है। उन्होंने बताया कि वे आज अररिया के फारबिसगंज में सुबह करीब 11:30 बजे और भागलपुर में दोपहर 1:30 बजे जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
ये भी पढ़ें: Bihar Election 2025 Phase 1 Voting Live Updates
18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान
पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इस चरण में 3 करोड़ 75 लाख से ज्यादा मतदाता 1,314 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे, जिनमें 122 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा, जबकि कुछ संवेदनशील क्षेत्रों जैसे सिमरी बख्तियारपुर, मनीषी, तारापुर, मुंगेर, जमालपुर और सूर्यगढ़ा में सुरक्षा कारणों से वोटिंग एक घंटे पहले यानी शाम 5 बजे तक ही होगी।
कड़ी सुरक्षा और विशेष व्यवस्थाएं
निर्वाचन आयोग ने मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए विशेष इंतज़ाम किए हैं। कुल 45,324 मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की जा रही है ताकि हर गतिविधि की रियल-टाइम निगरानी हो सके। इसके अलावा 121 सामान्य पर्यवेक्षक, 18 पुलिस पर्यवेक्षक और 33 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
समावेशी मतदान को बढ़ावा देने के लिए 926 महिला प्रबंधन वाले बूथ और 107 दिव्यांगजनों द्वारा संचालित बूथ बनाए गए हैं। साथ ही, 320 मॉडल बूथों पर मतदाताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों और राज्य पुलिस की टीमें सभी मतदान केंद्रों पर तैनात हैं ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।












Click it and Unblock the Notifications