Bihar Election : चिराग पासवान बोले, NDA का संकल्प पत्र बिहार को ‘विकसित राज्य’ बनाने का रोडमैप
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासी माहौल चरम पर है। एक ओर एनडीए की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार जनसभाएं कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर महागठबंधन की कमान तेजस्वी यादव ने संभाल ली है। पटना में 30 अक्टूबर को एनडीए का मेनिफेस्टो जारी हुआ। जिसमें 25 बड़े वादे किए गए। दोनों गठबंधनों ने वोटरों को लुभाने के लिए पूरा जोर लगा दिया है।

बिहार चुनाव के पल-पल के अपडेट के लिए बने रहिए इस लाइव ब्लॉग पर
LIVE Feed
चिराग पासवान बोले- जनता का मूड NDA के पक्ष में
चिराग पासवान ने दावा किया कि बिहार की जनता एनडीए पर भरोसा कर चुकी है। उन्होंने कहा, “जनता जानती है कि विकास का काम किसने किया और वादे कौन निभा सकता है। बिहार अब परिवर्तन नहीं, स्थिरता और प्रगति चाहता है और इसके लिए जनता ने एनडीए को फिर से चुनने का मन बना लिया है।”
चिराग पासवान का महागठबंधन पर हमला, तेजस्वी के वादे पर उठाए सवाल
महागठबंधन पर निशाना साधते हुए चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष के पास अब सिर्फ एनडीए पर व्यक्तिगत हमले करने का एजेंडा बचा है। उन्होंने तेजस्वी यादव के 10 लाख नौकरी देने के वादे को अव्यावहारिक बताया और कहा, “वे कहते हैं हर परिवार को सरकारी नौकरी देंगे, लेकिन कभी यह नहीं बताते कि कैसे देंगे। सिर्फ ‘हो जाएगा’ कहने से कुछ नहीं होता। हमने इसकी पूरी योजना बनाई है।”
चिराग पासवान बोले, NDA का संकल्प पत्र बिहार को ‘विकसित राज्य’ बनाने का रोडमैप, तेजस्वी के वादों पर कसा तंज
केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने एनडीए के घोषणापत्र को बिहार के विकास की नई दिशा बताया है। उन्होंने कहा कि यह संकल्प पत्र अगले पांच साल के लिए एनडीए का ठोस वादा है, जिसमें हर जिले में उद्योग लगाने की योजना शामिल है। चिराग ने कहा, “हमने पूरे रोडमैप और विजन के साथ यह डॉक्यूमेंट तैयार किया है। यह बिहार को विकसित राज्य बनाने की दिशा में एनडीए का खाका है।”
अशोक गहलोत बोले- 'बिहार में महागठबंधन सत्ता में आना चाहिए'
बिहार चुनाव 2025 के लिए कांग्रेस पर्यवेक्षक अशोक गहलोत ने कहा, "बिहार में इंडिया गठबंधन (महागठबंधन) को सत्ता में आना चाहिए, यह राष्ट्रीय हित में है... राहुल गांधी कहते हैं कि संविधान खतरे में है... वह सभी के लिए सामाजिक सुरक्षा चाहते हैं।''
सीवान में योगी का हमला, बोले- RJD-कांग्रेस अब फिर लूट और जमीन कब्जाने की साजिश में लगे हैं
सीवान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजद और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि RJD के शासन में बिहार में अराजकता और अपराध का बोलबाला था, जिसने केवल परिवारवाद को बढ़ावा दिया। योगी ने चेतावनी दी, “अगर कांग्रेस-राजद की सरकार बनी तो ये पहले आपका राशन बंद करेंगे, फिर नौकरी देने के नाम पर आपकी जमीन हड़प लेंगे।” उन्होंने कहा कि अपराधी इन दलों के शागिर्द हैं और सत्ता में आते ही बिहार में फिर से ‘जंगलराज’ लौट आएगा।
राहुल गांधी पर तंज —जिन चुनावों में उतरते हैं, NDA की होती है जीत
वैशाली में सभा के अंत में सीएम योगी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा, “मैं जहां भी देखता हूं, जिस चुनाव में राहुल गांधी प्रचार के लिए उतरते हैं, वह चुनाव एनडीए ही जीतती है। बिहार में भी यही होगा।”
राम मंदिर मुद्दे पर कांग्रेस-राजद को सीएम योगी ने घेरा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कांग्रेस और राजद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “कांग्रेस और राजद ने हमेशा राम मंदिर का विरोध किया है। कांग्रेस ने तो कोर्ट में कहा था कि राम हैं ही नहीं, जबकि बिहार में राजद ने राम मंदिर के रथ को रोक दिया था। इनके साथी उत्तर प्रदेश में राम भक्तों पर गोलियां चलाते थे। लेकिन हमने सबकी परवाह किए बिना वादा निभाया रामलला आए और मंदिर वहीं बना।”
वैशाली में योगी आदित्यनाथ का हमला, बोले, कीचड़ में भी खिलेगा कमल, RJD-कांग्रेस पर साधा निशाना
बिहार चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैशाली में एक जनसभा को संबोधित किया। भारी बारिश और कीचड़ के बीच पहुंचे लोगों का आभार जताते हुए योगी ने कहा, “इतनी बारिश के बावजूद आप सभी यहां आए हैं, इसके लिए मैं आपका धन्यवाद करता हूं। मुझे कहा गया था कि वैशाली में पानी भरा है, कार्यक्रम नहीं हो पाएगा। लेकिन आज आप सब कीचड़ में खड़े हैं और मैं जानता हूं, आपकी मेहनत ही कीचड़ में कमल खिलाने का काम करेगी।”
तेजस्वी यादव का मोकामा कांड पर सवाल: “40 गाड़ियों का हथियारबंद काफिला घूमता रहा, प्रशासन और चुनाव आयोग क्या कर रहे थे?”
मोकामा हत्याकांड को लेकर बिहार की सियासत गरमाई हुई है। राघोपुर विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं हो सकती।
तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया, “हम यह जानकर हैरान हैं कि आखिर 40 गाड़ियों का काफिला हथियारों से लैस होकर खुलेआम कैसे घूम सकता है? प्रशासन और चुनाव आयोग आखिर कर क्या रहे थे? अब तक कौन-सी कार्रवाई की गई?”
उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग इस घटना का तुरंत संज्ञान ले और यह जांच करे कि इतनी बड़ी चूक कैसे हुई। तेजस्वी ने कहा कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो लोकतंत्र की मर्यादा पर सवाल उठेंगे।
मोकामा हत्याकांड पर क्या बोले विधायक भाई वीरेंद्र?
मोकामा हत्याकांड पर प्रतिक्रिया देते हुए मनेर से राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा, “जिसने भी इस हत्या को अंजाम दिया है, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए। दोषियों की जल्द गिरफ्तारी हो और उन्हें फांसी की सजा मिले।” राजद विधायक ने आगे कहा कि NDA के वादों से अब जनता का भरोसा उठ चुका है। उन्होंने कहा, “अब लोग विकास के नाम पर नहीं, बल्कि सच्चाई के नाम पर वोट देंगे।”
भाई वीरेंद्र का NDA पर हमला: बोले—‘संकल्प नहीं, जनता को लूटने का नया जुमला है उनका घोषणापत्र’
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले NDA के ‘संकल्प पत्र’ पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मनेर से राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने NDA पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उनका संकल्प पत्र जनता को गुमराह करने वाला है।
भाई वीरेंद्र ने कहा, “NDA के संकल्प में यही लिखा होगा कि देश को लूटना है, किसानों और मजदूरों को बर्बाद करना है। देश की जनता अब उन्हें भलीभांति जान चुकी है कि ये सिर्फ जुमलेबाजी करते हैं, काम कुछ नहीं।”
NDA 'संकल्प पत्र': सम्राट चौधरी बोले- किसानों को और समृद्ध करने के लिए अलग से योजना चलाने का फैसला लिया
NDA के संयुक्त 'संकल्प पत्र' पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "युवा, महिला, अति पिछड़ा, दलित समाज और किसानों की चिंता NDA ने की है और सभी वर्गों को साथ लेकर बिहार की समृद्धि के लिए...किसानों को और समृद्ध करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी जो किसान सम्मान निधि देते हैं, उसमें हमने कर्पूरी ठाकुर जी के नाम से एक योजना चलाने का निर्णय लिया है, जिसमें हम उन्हें 3000 रुपये अतिरिक्त देंगे।"
NDA के घोषणापत्र पर अशोक गहलोत का तंज, 26 सेकंड की प्रेस कॉन्फ्रेंस पहली बार देखी
बिहार चुनाव के लिए एनडीए के संयुक्त चुनाव घोषणापत्र पर बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पर्यवेक्षक अशोक गहलोत ने कहा, "जेपी नड्डा, सीएम नीतीश कुमार और अन्य नेता सिर्फ 26 सेकंड के लिए आए थे। मीडिया के लोगों ने मुझे बताया कि यह पहली बार है जब उन्होंने 26 सेकंड की प्रेस कॉन्फ्रेंस देखी है... वे डर गए और भाग गए... यह लोकतंत्र के लिए एक खतरनाक संकेत है। घोषणापत्र जारी करना चुनाव में एक महत्वपूर्ण घटना है। आप मीडिया और सवालों से इतना डरते क्यों हैं? वे लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते।"
NDA संकल्प पत्र: धर्मेंद्र प्रधान बोले- NDA की एक बड़ी वापसी होने वाली है
NDA के संयुक्त 'संकल्प पत्र' पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, "आज NDA ने अपना संकल्प पत्र बिहार की जनता के सामने रखा है...मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में पिछले 20 साल से NDA की शासन सेवा चली आ रही है। आने वाले 5 साल तक इसे कैसे और एक नई ऊंचाई तक ले जाया जाएगा- युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं का सशक्तिकरण, किसानों, पिछड़ों का विकास, यही सब आज हमारे संकल्प पत्र की प्राथमिकता में रहें...हमें पूरा विश्वास है कि NDA की एक बड़ी वापसी होने वाली है।"
NDA संकल्प पत्र 2025 के 25 वादे
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एनडीए ने पटना के होटल मौर्या में अपना संकल्प पत्र जारी किया। मंच पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम नीतीश कुमार, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा मौजूद रहे। एनडीए ने बिहार के विकास के लिए 25 बड़े वादे किए हैं। घोषणापत्र में रोजगार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य पर फोकस किया गया है। गठबंधन ने 5 साल में 1 करोड़ रोजगार देने और 1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का वादा किया है। इसके तहत महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 2 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
NDA Manifesto: NDA का संकल्प पत्र जारी, नड्डा और नीतीश ने मिलकर किया मेनिफेस्टो का ऐलान
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए NDA ने शुक्रवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया। पटना के होटल मौर्या में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और जीतन राम मांझी समेत कई शीर्ष नेता मौजूद रहे। मंच से एनडीए नेताओं ने मिलकर “संकल्प पत्र” जारी किया और राज्य के विकास के लिए नई योजनाओं की रूपरेखा पेश की।
NDA Manifesto: भाजपा नेता बोले- यह बिहार के विकास का घोषणापत्र है
NDA Manifesto: एनडीए के संयुक्त 'संकल्प पत्र' के जारी होने से पहले, भाजपा नेता जेपीएस राठौर ने कहा, "यह बिहार के विकास का घोषणापत्र है। इस घोषणापत्र के माध्यम से बिहार के विकास की गाथा लिखी जाएगी। हमारी एनडीए सरकार सभी वादों को पूरा करने की गारंटी देगी। प्रधानमंत्री मोदी खुद गारंटी देंगे और वादे पूरे करेंगे... वे (महागठबंधन) न तो सरकार बनाएंगे और न ही कोई वादा पूरा करेंगे। वे और जनता, दोनों यह जानते हैं..."। वे आगे कहते हैं, "राहुल गांधी एक अपरिपक्व नेता हैं।"
NDA का घोषणापत्र थोड़े देर में होगा जारी: रोजगार, सस्ती थाली और शिक्षा पर फोकस
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए NDA आज पटना के होटल मौर्या में अपना घोषणापत्र जारी करेगा। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। घोषणापत्र में “सीता रसोई” योजना के तहत 10 रुपये में भोजन, हर अनुमंडल में कॉलेज और फ्री छात्रावास की सुविधा का ऐलान हो सकता है। इसके अलावा हर जिले में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, जेनरिक दवाएं, वेटनरी एंबुलेंस और समान काम के लिए समान वेतन की घोषणा संभव है। पांच साल में 1 करोड़ रोजगार देने का वादा भी किया जा सकता है।
आज जारी होगा चुनावी घोषणापत्र
Bihar Chuav: NDA आज जारी करेगा चुनावी घोषणापत्र, मोदी, शाह, नीतीश समेत मौजूद रहेंगे
सम्राट चौधरी ने मुझे 'नचनिया' कह रहे, ये उनकी सोच: खेसारी लाल यादव
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा खेसारी लाल यादव को 'नचनिया' कहे जाने की खबरों पर गायक-अभिनेता और राजद नेता खेसारी लाल यादव ने कहा, "जिसने मेहनत नहीं की हो, उसके लिए कोई भी शब्द मायने नहीं रखता, लेकिन जो मेहनत करता है, उसके लिए हर शब्द मायने रखता है। अगर कोई मुझे 'नचनिया' कहता है, तो ठीक है, वो उनकी सोच है।
खेसारी लाल यादव बोले- PM मोदी का विजन हमारे बिहार तक क्यों नहीं पहुंचा
प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए अपने वायरल वीडियो पर गायक-अभिनेता और राजद नेता खेसारी लाल यादव कहते हैं, "मैं उनकी बहुत प्रशंसा करता हूं और अब भी करता हूं। वह कभी बुरे नहीं रहे, लेकिन उनका विजन हमारे बिहार तक क्यों नहीं पहुंचा? मेरा सवाल यही है... वे 15 साल से केंद्र में और 20 साल से बिहार में सत्ता में हैं। फिर भी, बिहार के लोगों को रोजगार, बेहतर विश्वविद्यालय या बेहतर अस्पताल क्यों नहीं मिला?... वे हमें केवल ट्रेनें क्यों देते हैं? वे हमें कारखाने क्यों नहीं देते? आपने गुजरात को इतना बेहतर बना दिया है; मैं चाहता हूं कि आप बिहार को आधे गुजरात जितना अच्छा बना दें... प्रधानमंत्री मोदी इतने बड़े पद पर हैं और जब वे जंगलराज की बात करते हैं, तो मुझे खुशी के बजाय दुख होता है कि हमारा जंगलराज उतना बड़ा नहीं था जितना आपने इसे बना दिया... आज भी यहां के लोग कारखाने लगाने से डरते हैं क्योंकि वे अपने ही नेताओं से सुनते हैं कि जंगलराज है। आपकी सरकार 20 साल से सत्ता में है और तब भी जंगलराज है; फिर आपके पास क्या है बदल गया?"
मुजफ्फरपुर के बाद अब पटना में रोड शो करेंगे पीएम मोदी
PM Modi Road Show: क्या है NDA का ग्रैंड प्लान?
Jyoti Singh: क्या है 30Cr एलिमनी का सच?
ज्योति सिंह ने तोड़ी चुप्पी, कहा-'बस 15 दिन और पवन सिंह मेरे'
Bihar Election 2025: मतदान से पहले कर्फ्यू?
Anant Singh ने दिए बड़े संकेत! तेजस्वी बोले- बंदूक लेकर घूम रहे
पटना में सुबह 9.30 बजे मेनिफेस्टो जारी करेगी NDA
बिहार चुनाव से पहले एनडीए 31 अक्टूबर को पटना के होटल मौर्य में सुबह 9.30 बजे अपना मेनिफेस्टो जारी करेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में धर्मेंद्र प्रधान, ललन सिंह, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान, उपेंद्र कुशवाहा, संजय झा, सम्राट चौधरी और दिलीप जायसवाल मौजूद रहेंगे। दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले एनडीए का यह बड़ा ऐलान माना जा रहा है।
पटना में जेपी नड्डा करेंगे घोषणापत्र जारी, नीतीश कुमार रहेंगे मौजूद
बिहार चुनाव के बीच आज एनडीए अपने चुनावी वादों का पिटारा खोलने जा रहा है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा पटना के होटल मौर्या में गठबंधन का मेनिफेस्टो जारी करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि एनडीए की यह संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस चुनावी माहौल में बड़ा संदेश देगी।
















Click it and Unblock the Notifications