NDA Manifesto: NDA का संकल्प पत्र जारी, 1 करोड़ नौकरी, 1 करोड़ ‘लखपति दीदी’ का वादा, घोषणापत्र की 25 बातें
Bihar Election 2025 NDA Manifesto: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर एनडीए ने आज शुक्रवार (31 अक्टूबर) को अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। पटना के होटल मौर्या में आयोजित इस कार्यक्रम में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा समेत एनडीए के कई दिग्गज नेता मंच पर मौजूद रहे। मंच से एनडीए नेताओं ने बिहार के विकास के लिए 25 बड़े वादों के साथ अपना मेनिफेस्टो पेश किया।
एनडीए के इस संकल्प पत्र में रोजगार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना को लेकर कई अहम घोषणाएं की गई हैं। गठबंधन ने 5 साल में 1 करोड़ रोजगार देने का बड़ा वादा किया है। साथ ही, 1 करोड़ महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाने की योजना का भी ऐलान किया गया है। इसके तहत महिलाओं को स्वरोजगार और छोटे उद्यमों के लिए 2 लाख रुपये तक की वित्तीय मदद दी जाएगी।

नीतीश कुमार और जेपी नड्डा ने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना एनडीए का लक्ष्य है। घोषणापत्र जारी होने के बाद वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न जिलों में चुनाव प्रचार की दिशा में कदम बढ़ा दिया है।
कार्यक्रम के बाद एनडीए के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने मीडिया को बताया कि यह संकल्प पत्र बिहार के हर वर्ग के विकास के लिए तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और बुनियादी ढांचे में सुधार एनडीए की प्राथमिकता में शामिल है।

NDA संकल्प पत्र 2025: बिहार के विकास के 25 बड़े वादे
- 1. युवाओं को नौकरी और रोजगार: 5 साल में 1 करोड़ से ज्यादा सरकारी व निजी रोजगार देने का वादा। हर जिले में मेगा स्किल सेंटर बनाकर बिहार को ग्लोबल स्किलिंग हब बनाया जाएगा।
- 2. महिलाओं की आत्मनिर्भरता: 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' के तहत 2 लाख रुपये तक की मदद दी जाएगी। 1 करोड़ महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाया जाएगा, जबकि 'मिशन करोड़पति' से महिला उद्यमियों को करोड़पति बनाने का लक्ष्य।
- 3. अतिपिछड़ा वर्ग को सशक्तिकरण: तांती, मल्लाह, निषाद, लोहार, तेली जैसे अतिपिछड़े वर्गों को ₹10 लाख की सहायता मिलेगी। इनकी आर्थिक व सामाजिक स्थिति पर अध्ययन के लिए सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में समिति बनेगी।
- 4. किसानों के लिए सम्मान निधि और MSP गारंटी: 'कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि' के तहत हर किसान को सालाना ₹9,000 मिलेंगे। सभी प्रमुख फसलों की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित होगी।
- 5. मत्स्य और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा: 'जुब्बा सहनी मत्स्य पालक योजना' से हर मत्स्य पालक को ₹9,000 की मदद मिलेगी। प्रखंड स्तर पर चिलिंग और प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित होंगे।
- 6. एक्सप्रेस-वे और रेल नेटवर्क: 'बिहार गति शक्ति मास्टर प्लान' के तहत 7 नए एक्सप्रेसवे और 3,600 किमी रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण होगा। 'नमो रैपिड रेल' सेवा का भी विस्तार किया जाएगा।
- 7. आधुनिक शहरों का विकास: न्यू पटना को ग्रीनफील्ड सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रमुख शहरों में सैटेलाइट टाउनशिप और सीतापुरम को विश्वस्तरीय धार्मिक नगरी बनाया जाएगा।
- 8. विदेश उड़ानों का विस्तार: पटना के पास नया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनेगा। दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर में भी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होंगी, साथ ही 4 शहरों में मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी।
- 9. औद्योगिक निवेश और विकास: 'विकसित बिहार औद्योगिक मिशन' के तहत ₹1 लाख करोड़ का निवेश होगा। इससे लाखों नई नौकरियां पैदा होंगी।
- 10. हर जिले में फैक्ट्री: प्रत्येक जिले में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और 10 नए औद्योगिक पार्क बनाए जाएंगे।
- 11. न्यू-ऐज इकोनॉमी: बिहार को "ग्लोबल बैक-एंड हब" के रूप में स्थापित किया जाएगा। ₹50 लाख करोड़ का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।
- 12. गरीबों के लिए पंचामृत गारंटी: मुफ्त राशन, 125 यूनिट मुफ्त बिजली, 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज, 50 लाख पक्के मकान और सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जाएगी।
- 13. मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा: केजी से पीजी तक गरीब परिवारों को फ्री शिक्षा मिलेगी। स्कूलों में पौष्टिक नाश्ता और आधुनिक स्किल लैब की सुविधा दी जाएगी।
- 14. आत्मनिर्भर किसान योजना: 5 नए कृषि बोर्ड बनाए जाएंगे। बिहार को सब्जी, मशरूम और अन्य फसलों का एक्सपोर्ट हब बनाने की योजना।
- 15. टेक्सटाइल इंडस्ट्री का हब: मिथिला में मेगा टेक्सटाइल पार्क और अंग प्रदेश में सिल्क पार्क स्थापित करके बिहार को दक्षिण एशिया का टेक्सटाइल हब बनाया जाएगा।
- 16. पर्यटन को नई पहचान: 'बिहार हेरिटेज कॉरिडोर', बौद्ध सर्किट, मिथिला टूर सिटी और फिल्मसिटी की स्थापना कर पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा।
- 17. रोजगार से जुड़ा टूरिज्म: पर्यटन सर्किटों में 50,000 से ज्यादा युवाओं को वेलनेस और टूर गाइड के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।
- 18. एआई (AI) एक्सपर्ट प्रोग्राम: हर नागरिक को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रमुख जिलों में स्कूलों के कायाकल्प पर ₹5,000 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
- 19. स्वास्थ्य सेवा में सुधार: हर जिले में मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूरा होगा। बच्चों और ऑर्थो के लिए सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे।
- 20. खेल को बढ़ावा: 'बिहार स्पोर्ट्स सिटी' बनेगी और हर प्रमंडल में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस खोले जाएंगे।
- 21. अनुसूचित जाति वर्ग के लिए शिक्षा सहायता: SC वर्ग के छात्रों को हर महीने ₹2,000 की छात्रवृत्ति और विशेष शिक्षा फंड दिया जाएगा।
- 22. महिला एवं छोटे चालकों को सहायता: महिला और छोटे चालकों के लिए विशेष बीमा, ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर और सस्ती ब्याज दर पर वाहन ऋण की सुविधा दी जाएगी।
- 23. आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा: रामायण, बौद्ध और जैन सर्किट के विकास के साथ 1 लाख ग्राम होमस्टे स्थापित होंगे, जिनके लिए बिना गारंटी लोन मिलेगा।
- 24. कला और सिनेमा का केंद्र: फिल्म सिटी, 'शारदा सिन्हा कला विश्वविद्यालय' और 'बिहार स्कूल ऑफ ड्रामा' की स्थापना की जाएगी।
- 25. खुशनुमा और आपदा-रोधी बिहार: 'फ्लड रेजिलिएंस बोर्ड' बनेगा। नदी जोड़ परियोजना और नहर निर्माण से कृषि और मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications