Bihar Chunav: बिहार में जीत के लिए बीजेपी का मेगा प्लान, प्रचार के लिए उतरेगी मुख्यमंत्रियों की पूरी फौज
Bihar Chunav BJP:बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अब पूरा फोकस मैदान पर उतार दिया है। पार्टी ने राज्य में जीत के लिए एक मेगा प्रचार प्लान तैयार किया है। पीएम नरेंद्र मोदी खुद प्रदेश में कई रैलियां करेंगे और इसके अलावा बीजेपी के सीएम की पूरी फौज भी प्रचार अभियान में उतरेगी। गृहमंत्री अमित शाह ने चुनावी रणनीति बनाने और सफलता का पूरा जिम्मा उठा लिया है। शाह खुद बिहार में कुछ दिनों तक अपनी कोर टीम के साथ रहने वाले हैं।
बीजेपी की कोशिश है कि आक्रामक प्रचार अभियान के तहत मतदाताओं के बीच अपने पक्ष में माहौल बनाया जाए। इसके लिए भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता बिहार के अलग-अलग जिलों में चुनावी रैलियां करेंगे। इस अभियान को पार्टी का सबसे बड़ा चुनावी मिशन माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा बीजेपी की पूरी टीम जनता के बीच जाएगी।

Bihar Chunav के लिए बीजेपी का मेगा प्रचार अभियान
बीजेपी की रणनीति साफ है कि जातीय समीकरण से आगे बढ़कर विकास, केंद्र की योजनाओं और मोदी सरकार के 10 साल के काम को जनता के सामने रखना। पार्टी का लक्ष्य है कि इस बार 2010 जैसी शानदार वापसी की जाए।
बीजेपी (BJP) का यह मिशन बिहार अब राज्य स्तर से ऊपर उठकर राष्ट्रीय नेताओं का अभियान बन गया है। पार्टी के सूत्रों के अनुसार विभिन्न राज्यों के सीएम क्षेत्र विशेष में प्रचार करेंगे।
⦁ यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ बिहार की सीमावर्ती सीटों पर रैलियां करेंगे। उनके भाषणों में कानून-व्यवस्था और हिंदुत्व का मुद्दा प्रमुख रहेगा। सीतामढ़ी और मिथिलांचल के इलाके में खास तौर पर सीएम योगी की रैलियां होंगी, क्योंकि इस क्षेत्र का भावनात्मक जुड़ाव अयोध्या और श्रीराम से है।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav: 10 सीटें, जिसने 2020 में तोड़ा तेजस्वी का CM बनने का सपना, कहीं 12 तो कहीं 113 वोटों से हुई हार
⦁ मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव को सूत्रों के मुताबिक, यादव बहुल क्षेत्रों में आरजेडी के प्रभाव को कम करने के लिए प्रचार अभियान का जिम्मा सौंपा जा सकता है। सीमांचल, मधेपुरा, मिथिलांचल समेत यादव बहुल इलाकों में उनकी रैलियां होंगी।
⦁ रेखा गुप्ता को महिलाओं और शहरी मतदाताओं को ध्यान में रखकर पटना, गया, भागलपुर और मुझफ्फरपुर जैसे इलाकों की कमान दी जाने की चर्चा है। ऐसी खबरें भी हैं कि महिला मतदाताओं के साथ खास तौर पर सीएम रेखा गुप्ता का संवाद कार्यक्रम किया जा सकता है।
⦁ देंवेद्र फडणवीस को भी औद्योगिक विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर देने वाले शहरी क्षेत्रों खास तौर पर पटना, गया और दरभंगा में मेगा रैलियां करने की जिम्मेदारी मिलेगी। बिहार से बड़ी संख्या में मजदूरों का पलायन महाराष्ट्र में होताा है, इसलिए फडणवीस की रैलियां अहम होंगी।
Bihar Chunav में दिखेगा बीजेपी का शक्ति प्रदर्शन
बीजेपी का मकसद है कि हर क्षेत्रीय वोट बैंक में एक राष्ट्रीय चेहरा पहुंचाया जाए, ताकि महागठबंधन के जातीय समीकरण को तोड़ा जा सके। मिशन बिहार के तहत पार्टी 500 से अधिक सभाएं, 200 रोड शो और 50 जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बीजेपी का यह अभियान बिहार चुनाव की दिशा तय करने वाला साबित हो सकता है। इसके अलावा, भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह, रवि किशन समेत दूसरे लोकप्रिय कलाकारों की रैलियां कराई जा सकती हैं। एनडीए शासित प्रदेशों के सीएम और डिप्टी सीएम भी चुनाव प्रचार का हिस्सा बन सकते हैं।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav: राघोपुर से तेजस्वी को हराने के प्रशांत किशोर के दावे में कितना दम? समझें वोटों का गणित












Click it and Unblock the Notifications