Bihar Chunav 2025: तेज प्रताप यादव की RJD से विदाई –डैमेज कंट्रोल या चुनावी मास्टरस्ट्रोक?
Bihar Chunav 2025 (Tej Pratap Yadav): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। ये फैसला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। यह कदम तेज प्रताप के एक महिला 'अनुष्का यादव' के साथ वायरल हुए तस्वीर के बाद उठाया गया। दावा किया जा रहा है कि अनुष्का यादव और तेज प्रताप यादाव 12 सालों से रिलेशनशिप में थे।
जैसे ही ये खुलासा हुआ कि तेज प्रताप पिछले 12 सालों से अनुष्का यादव के साथ रिश्ते में हैं। लालू के परिवार पर उंगलियां उठने लगीं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने तंज कसते हुए सवाल उठाया कि अगर रिश्ता 12 साल पुराना था, तो फिर 2018 में तेज प्रताप की शादी क्यों करवाई गई। तेज प्रताप की शादी 12 मई 2018 को बिहार के पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या से हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों अलग हो गए थे।

अब लालू यादव ने तेज प्रताप की हरकतों को पार्टी की नैतिक छवि पर प्रश्नचिह्न मानते हुए उन्हें पार्टी और परिवार दोनों से बेदखल कर दिया है।अब सवाल ये सवाल उठता है कि बिहार चुनाव से पहले तेज प्रताप को पार्टी से बाहर कर लालू यादव ने बड़ा रिस्क लिया है या फिर चुनावी मास्टरस्ट्रोक दांव खेला है, ऐसे में आइए समझने की कोशिश करते हैं तेज प्रताप की पार्टी से विदाई चुनाव में RJD को कैसे प्रभावित कर सकती है?
तेज प्रताप को बाहर कर RJD ने खुद को मजबूत किया या मुश्किल में डाला?
तेज प्रताप यादव को पार्टी और घर से निकालने का फैसला एक ओर जहां पार्टी अनुशासन और नेतृत्व को दिखाता है तो वहीं दूसरी ओर इसने सियासी गलियारों में यह बहस भी छेड़ दी है कि क्या यह कदम डैमेज कंट्रोल है या फिर कोई चुनावी मास्टरस्ट्रोक?
तेज प्रताप यादव हाल के सालों में अपने बयानों, बगावती रुख और पार्टी नेतृत्व की आलोचनाओं को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। वे खुद को 'कृष्ण' और तेजस्वी को 'अर्जुन' बताकर पहले सहायक भूमिका में दिखते रहे, लेकिन बाद में उनकी शैली टकराव की हो गई। पार्टी द्वारा अनुशासनहीनता और लगातार सार्वजनिक बयानबाजी को आधार बनाकर लिया गया यह फैसला बताता है कि RJD अब अपने भीतर की असहमति और अनिश्चितता को कंट्रोल करने के मूड में है।

तेज प्रताप यादव का पार्टी से निष्कासन: RJD के चुनावी रन रेट पर कितना असर डाल सकता है...
🔴 पारिवारिक विभाजन की छवि
लालू परिवार में सार्वजनिक रूप से मतभेद सामने आने से पार्टी की एकजुटता पर सवाल उठ रहे हैं। विपक्ष इस अवसर का इस्तेमाल RJD की आंतरिक कलह को उजागर करने के लिए कर सकता है। विपक्ष को 'लालू परिवार में फूट' जैसे नैरेटिव को हवा देने का बढ़िया मौका मिल गया है।
काफी सालों से ये बात कही जा रही है कि पार्टी में तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव में पद को लेकर खींचतान है। दोनों भाइयों के रिश्ते पर भी काफी सवाल उठते हैं। अब कहा जा रहा है कि आखिर जब तेज प्रताप पहले से किसी और महिला के साथ रिलेशन में थे तो उनकी शादी जबरन क्यों करवाई गई?

नवंबर 2018 में ऐश्वर्या से तलाक की अर्जी कोर्ट में देने के बाद तेज प्रताप ने मीडिया से कहा था,
''मेरे परिवार और पार्टी के कई लोगों के राजनीतिक लाभ के लिए मुझे बलि का बकरा बनाया गया। हमारे बीच कोई मेल नहीं है। हम दोनों बेहद अलग-अलग बैक ग्राउंड से आते हैं। हमारी संस्कृति और संस्कार एक दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। मैं शादी के लिए कभी तैयार नहीं था। मैं अपने माता-पिता से विनती करता रहा और भाई तेजस्वी और बहनों से भी अपनी भावनाओं पर बात की, लेकिन किसी ने मुझे गंभीरता से नहीं लिया...।''
तेज प्रताप और ऐश्वर्या राय की शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के बीच मतभेद सामने आने लगे थे। तेज प्रताप ने पटना की फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। ऐश्वर्या ने तेज प्रताप, उनकी मां राबड़ी देवी और बहन मीसा भारती पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए थे।
🔴 MY समीकरण पर असर
RJD का पारंपरिक मुस्लिम-यादव (MY) वोट बैंक इस घटनाक्रम से प्रभावित हो सकता है। अगर तेज प्रताप अलग राह चुनते हैं, तो यह समीकरण कमजोर पड़ सकता है। लेकिन इसका बहुत ज्यादा असर नहीं दिखेगा क्योंकि तेज प्रताप की एक बेबाक, लेकिन अस्थिर नेता की छवि रही है। वे जनता के बीच व्यक्तिगत लोकप्रियता जरूर रखते हैं, लेकिन वह वोट ट्रांसफर कराने वाली राजनीतिक हैसियत नहीं रखते, जो RJD को किसी क्षेत्र में निर्णायक लाभ या हानि पहुंचा सके।
हां ये जरूर हो सकता है कि राजद समर्थक यादव वोटों में मामूली नाराजगी दिखे। राजनीतिक एक्सपर्ट की माने तो तेज प्रताप अगर अलग मोर्चा खोलते हैं तो बस शोर करेंगे, वोट ट्रांसफर नहीं।

🔴 तेजस्वी यादव की स्थिति
तेज प्रताप के निष्कासन से तेजस्वी यादव की पार्टी में पकड़ मजबूत हो सकती है। इस फैसले के बाद तेजस्वी की छवि एक सख्त, परिपक्व और निर्णायक नेता की बनी है। उन्होंने तेज प्रताप के निकाले जाने पर साफ-साफ कहा भी है कि उन्हें ये सब बिल्कुल पसंद नहीं है।
वे यह संदेश देने में सफल रहे हैं कि पार्टी में अनुशासन सबसे ऊपर है। चाहे वह उनका अपना भाई ही क्यों न हो। यह फैसला युवा मतदाताओं और शहरी तबकों के बीच "संवेदनशील लेकिन सख्त" नेता की उनकी ब्रांडिंग को और मजबूत करेगा।
🔴 अब आगे क्या करेंगे तेज प्रताप यादव?
तेज प्रताप यादव का निष्कासन RJD के लिए मुश्किल भरा है या नहीं, ये तेज प्रताप की अगली चाल पर निर्भर करेगा। तेज प्रताप यादव ने पहले महुआ सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। अब निष्कासन के बाद, तेज प्रताप की अगली राजनीतिक चाल पर सभी की नजरें होंगी। अगर वे स्वतंत्र रूप से या किसी अन्य पार्टी के साथ चुनाव लड़ते हैं, तो यह RJD के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

तेज प्रताप को RJD से निकाले जाने पर क्या बोल रही है पब्लिक?
RJD का नुकसान सीमित, फायदा संभव
तेज प्रताप को निकालना RJD के लिए एक छोटा नुकसान और बड़ा लाभ का सौदा हो सकता है। लालू ने फैसला लेकर विपक्ष द्वारा लगातार 'परिवारवाद' के आरोपों को कमजोर कर दिया है। साथ ही यह यह भी दिखाया है कि RJD अब एक पारिवारिक पार्टी से आगे बढ़कर, एक संगठित राजनीतिक ताकत बनना चाहती है। यह कदम तेजस्वी यादव की नेतृत्व क्षमता को भी मजबूती देगा। हां ये बात अलग है कि तेज प्रताप अगर निर्दलीय या किसी अन्य पार्टी से चुनाव लड़ने का ऐलान करते हैं, तो कुछ क्षेत्रों में समीकरण प्रभावित हो सकते हैं, लेकिन बड़े पैमाने पर देखा जाए तो यह कदम RJD के लिए एक साहसी लेकिन ठोस रणनीतिक फैसला लगता है।












Click it and Unblock the Notifications