CJP Protest: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन खत्म, अभिजीत बोले- 5 दिन में शिक्षा मंत्री दें इस्तीफा

CJP Delhi Protest Update: NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार (06 जून) को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। करीब पांच घंटे चले इस प्रदर्शन में पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई और चेतावनी दी कि अगर मांग नहीं मानी गई तो 13 जून को फिर जंतर-मंतर पर आंदोलन होगा।

अमेरिका से सुबह दिल्ली पहुंचे अभिजीत सीधे जंतर-मंतर पहुंचे। उनके हाथ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की आत्मकथा और संविधान की कॉपी थी। हालांकि प्रदर्शन के लिए शाम 5 बजे तक अनुमति थी, लेकिन अभिजीत दीपके और सोनम वांगचुक दोपहर करीब 3 बजे ही वहां से रवाना हो गए, जिसके बाद धरना खत्म हो गया।

CJP Delhi Protest LIVE Update

LIVE Feed
Jun 06, 2026, 3:17 PM IST

5 घंटे बाद खत्म हुआ CJP का प्रदर्शन, अभिजीत दीपके और सोनम वांगचुक हुए रवाना

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ था, जो लगभग पांच घंटे तक चला। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र, युवा और अभिभावक मौजूद रहे और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाई। दोपहर करीब 3 बजे CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक प्रदर्शन स्थल से रवाना हो गए। उनके जाने के बाद प्रदर्शन भी समाप्ति की ओर बढ़ने लगा और जंतर-मंतर पर जुटी भीड़ धीरे-धीरे वापस लौटने लगी।
Jun 06, 2026, 3:16 PM IST

'धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सिर्फ शुरुआत है'

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सोनम वांगचुक ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग इस आंदोलन का अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि सिर्फ शुरुआत है। उनका कहना था कि असली मुद्दा देश की पूरी शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार लाना है।
'धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सिर्फ शुरुआत है'
Jun 06, 2026, 3:15 PM IST

'पेपर लीक और परीक्षा विवाद बड़ी समस्या के लक्षण'

वांगचुक ने कहा कि पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ियां और मूल्यांकन से जुड़े विवाद केवल एक बड़ी समस्या के संकेत हैं। उनके मुताबिक, शिक्षा प्रणाली को पारदर्शी, जवाबदेह और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए गहरे स्तर पर सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब तक पूरे सिस्टम में बदलाव नहीं होगा, तब तक ऐसी समस्याएं बार-बार सामने आती रहेंगी।
Jun 06, 2026, 3:13 PM IST

जंतर-मंतर पर गूंजा नारा- ‘सोनम वांगचुक को शिक्षा मंत्री बनाओ’

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे शिक्षा सुधारक और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में भी जमकर नारेबाजी हुई। प्रदर्शन के दौरान कई लोगों ने "सोनम वांगचुक को शिक्षा मंत्री बनाओ" के नारे लगाए। वांगचुक के मंच पर पहुंचते ही प्रदर्शनकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
Jun 06, 2026, 2:33 PM IST

अभिजीत दीपके बोले- आजादी की कुर्बानी देने को तैयार

इस बीच CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी प्रदर्शन के दौरान कहा कि यह आंदोलन छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे अपनी आजादी की कुर्बानी देने के लिए भी तैयार हैं, लेकिन शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और सुधार की मांग से पीछे नहीं हटेंगे।
Jun 06, 2026, 2:32 PM IST

'यह सिर्फ NEET या CBSE का मुद्दा नहीं: सोनम वांगचुक

प्रदर्शन में शामिल होने से पहले सोनम वांगचुक ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा था कि उनकी चिंता केवल NEET पेपर लीक या CBSE मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़े विवादों तक सीमित नहीं है। उनके अनुसार यह देश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा कहीं बड़ा सवाल है। वांगचुक ने कहा कि पिछले चार दशकों से वह दूर-दराज के इलाकों के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए काम कर रहे हैं। लेकिन इतने वर्षों बाद भी अपेक्षित बदलाव नहीं दिख रहा है, जिससे उन्हें निराशा होती है। उन्होंने कहा कि जब व्यवस्था में सुधार नहीं दिखाई देता, तब कुछ ठोस करने की जरूरत महसूस होती है।
Jun 06, 2026, 2:31 PM IST

जंतर-मंतर पहुंचे सोनम वांगचुक, CJP के प्रदर्शन में हुए शामिल

लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधार के लिए लंबे समय से आवाज उठाने वाले सोनम वांगचुक दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंच गए हैं। वह कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के उस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए, जिसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जा रही है। प्रदर्शन में परीक्षा प्रणाली से जुड़े कथित विवादों और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दों को उठाया जा रहा है।
Jun 06, 2026, 1:23 PM IST

अभिजीत दीपके बोले- हिंदू-मुसलमान की राजनीति करने से नौकरियां नहीं मिलतीं

जंतर-मंतर पर CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा, “10-12 साल से इन लोगों ने हमें हिंदू मुसलमान की राजनीति में फँसा कर रखा, इससे किसे फ़ायदा हुआ? क्या हिंदू मुसलमान करने से देश में किसी को भी नौकरियां मिली?”
Jun 06, 2026, 12:31 PM IST

कॉकरोच जनता पार्टी क्या राजनीतिक पार्टी बनेगी? CJP प्रवक्ता विजेता दहिया ने बताया रोडमैप

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता ने CJP के राजनीतिक पार्टी बनने पर क्या कुछ कहा...सुनिए..
Jun 06, 2026, 12:08 PM IST

'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' और 'जय भीम' के लगे नारे

प्रदर्शन के दौरान "धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए", "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो" और "जय भीम" जैसे नारे लगातार सुनाई दिए। प्रदर्शनकारी शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' और 'जय भीम' के लगे नारे
Jun 06, 2026, 12:07 PM IST

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर गूंजे नारे

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग जोर-शोर से उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने NEET पेपर लीक मामले, CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली से जुड़े कथित विवादों और विभिन्न परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर सरकार को घेरा।
Jun 06, 2026, 11:25 AM IST

जंतर-मंतर पर शुरू हुआ CJP का प्रदर्शन, अभिजीत दीपके ने संभाली कमान

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके खुद प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके पहुंचते ही बड़ी संख्या में समर्थक और छात्र जुट गए और प्रदर्शन ने रफ्तार पकड़ ली। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की। शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर लोग अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
जंतर-मंतर पर शुरू हुआ CJP का प्रदर्शन, अभिजीत दीपके ने संभाली कमान
Jun 06, 2026, 10:57 AM IST

शिक्षा मंत्री और सरकार के खिलाफ लगे नारे

प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी भी की जा रही है। CJP का कहना है कि उनका आंदोलन छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर है।
शिक्षा मंत्री और सरकार के खिलाफ लगे नारे
Jun 06, 2026, 10:56 AM IST

जंतर-मंतर पर जुटी भारी भीड़, CJP का प्रदर्शन शुरू

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके भी मौके पर मौजूद हैं। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक और छात्र जंतर-मंतर पहुंचे हैं, जिससे वहां भीड़ लगातार बढ़ती नजर आ रही है।
जंतर-मंतर पर जुटी भारी भीड़, CJP का प्रदर्शन शुरू
Jun 06, 2026, 10:43 AM IST

CJP प्रवक्ता सौरभ दास उमर खालिद का दोस्त! क्या बोले कॉकरोच के सपोर्टर

CJP प्रवक्ता सौरभ दास पर उमर खालिद का दोस्त होने का आरोप लग रहा है। सुनिए इसपर जंत-मंतर आए कॉकरोच के सपोर्टर क्या कह रहे हैं।
Jun 06, 2026, 10:13 AM IST

सोनम वांगचुक भी होंगे प्रदर्शन में शामिल, बोले- 'अगर अभी नहीं, तो फिर कब?'

लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक ने पहले ही ऐलान किया था कि यदि 5 जून तक स्थिति में कोई बदलाव नहीं होता है, तो वह 6 जून को दिल्ली में CJP के विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। ऐसे में उनके जंतर-मंतर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा था, "अगर हम नहीं, तो कौन? अगर अभी नहीं, तो कब?" उन्होंने कहा कि यदि हालात नहीं बदलते हैं तो वह CJP सदस्यों के साथ दिल्ली में प्रदर्शन का हिस्सा बनेंगे। वांगचुक ने यह भी कहा था कि जब चीजें इतनी गलत दिशा में चली जाएं और उसका असर लाखों युवाओं के भविष्य पर पड़े, तो किसी भी स्वाभिमानी मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।
Jun 06, 2026, 9:47 AM IST

अभिजीत बोले- शिक्षामंत्री को इस्तीफा देना चाहिए

दिल्ली पहुंचने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक बार फिर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। एयरपोर्ट के बाहर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों में लगातार निराशा बढ़ रही है और कई छात्र आत्महत्या जैसा कदम उठा चुके हैं। अभिजीत दीपके ने कहा कि अब तक पांच छात्रों की आत्महत्या हो चुकी है, ऐसे में शिक्षा मंत्रालय को जवाबदेही लेनी चाहिए। उनका कहना था कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
Jun 06, 2026, 9:46 AM IST

सुबह 10 बजे शुरू हो सकता है प्रदर्शन

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि पार्टी को दिल्ली पुलिस से प्रदर्शन की अनुमति मिल गई है। उन्होंने कहा कि सभी समर्थक पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाने के बजाय सीधे जंतर-मंतर पहुंचें। दीपके ने अपने संदेश में लिखा कि CJP का शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन सुबह 10 बजे शुरू होने की संभावना है। साथ ही उन्होंने समर्थकों से व्यवस्था बनाए रखने और पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की।
Jun 06, 2026, 9:45 AM IST

एयरपोर्ट से बाहर निकले अभिजीत दीपके, समर्थकों से कहा- सीधे जंतर-मंतर आएं

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह दिल्ली पहुंच गए। एयरपोर्ट से सामने आई पहली तस्वीरों में उनके हाथ में समाज सुधारक डॉ. भीमराव अंबेडकर की आत्मकथा की एक प्रति भी दिखाई दी। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने समर्थकों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।
Jun 06, 2026, 9:08 AM IST

दिल्ली पुलिस से मिली मंजूरी, अब थाने नहीं, सीधे जंतर-मंतर पहुंचें समर्थक

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मिल गई है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर ही उनसे मुलाकात की और प्रदर्शन को लेकर जरूरी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद CJP ने अपने समर्थकों से अपील की है कि वे पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाने के बजाय सीधे जंतर-मंतर पहुंचें और निर्धारित विरोध प्रदर्शन में शामिल हों।
Jun 06, 2026, 8:59 AM IST

CJP को मिली जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की मंजूरी

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति मिल गई है। CJP के प्रवक्ता सौरभ दास ने वनइंडिया से बातचीत में इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के लिए परमिशन दे दी है। इसके बाद संगठन तय कार्यक्रम के अनुसार जंतर-मंतर पर अपना विरोध प्रदर्शन करेगा, जहां बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटने की उम्मीद है।
Jun 06, 2026, 8:43 AM IST

आशुतोष बोले- भारतीय राजनीति का आज ऐतिहासिक दिन

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंच चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आज का दिन भारतीय राजनीति के लिए अहम साबित हो सकता है। रांका के मुताबिक, अभिजीत दीपके एयरपोर्ट से बाहर आने के बाद सीधे पुलिस स्टेशन जाएंगे, जहां दिल्ली पुलिस से प्रदर्शन की अनुमति मांगी जाएगी। इसके बाद संगठन के कार्यकर्ता और समर्थक जंतर-मंतर पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
Jun 06, 2026, 8:03 AM IST

अभिजीत दीपके पहुंचे भारत, समर्थकों से की तिरंगा और किताब साथ लाने की अपील

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके अमेरिका से भारत पहुंच चुके हैं। इसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने अपने समर्थकों का उत्साह बढ़ाते हुए लिखा, "जंतर-मंतर पर आप सभी से मिलने के लिए उत्सुक हूं। अपने साथ एक किताब और हमारा तिरंगा लाना न भूलें।" इसके साथ ही उन्होंने आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने का संदेश देते हुए समर्थकों से कहा कि वे पुलिसकर्मियों के प्रति आभार और सम्मान जताने के लिए उन्हें फूल भेंट करें। CJP का यह प्रदर्शन सुबह 9 बजे से शुरू होने जा रहा है।
Jun 06, 2026, 7:49 AM IST

अभिजीत दीपके के 'डिपॉर्टेशन' पर केंद्र सरकार का जवाब: MEA ने कहा- कोई जानकारी नहीं

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के दिल्ली प्रदर्शन से ठीक पहले, पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके की भारत वापसी को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। शुक्रवार को विदेश मंत्रालय (MEA) की नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से दीपके के अमेरिका से लौटने को लेकर सवाल पूछा गया। मंत्रालय से सवाल किया गया था कि क्या अमेरिकी अधिकारियों ने अभिजीत दीपके के "डिपॉर्टेशन (निकासन) या वीजा के दुरुपयोग" के संबंध में भारत सरकार को कोई जानकारी दी है? इस पर आधिकारिक जवाब देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि सरकार के पास इस तरह की कोई जानकारी नहीं है।
Jun 06, 2026, 7:48 AM IST

सोनम वांगचुक और अन्य नेताओं का समर्थन

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी लोगों से शांतिपूर्ण भागीदारी की अपील की है। उन्होंने समर्थकों को सतर्क रहने और किसी भी तरह की शरारती गतिविधि पर नजर रखने की सलाह दी। वहीं अभिनेता प्रकाश राज ने भी इस आंदोलन को समर्थन दिया है और कहा है कि यदि संभव हुआ तो वह दिल्ली पहुंचेंगे। इसके अलावा कई विपक्षी नेताओं, किसान संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस अभियान के प्रति समर्थन जताया है।
Jun 06, 2026, 7:27 AM IST

केंद्रीय शिक्षा मंत्री को हटाने की मांग

सीजेपी ने हाल के महीनों में छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं का भी उल्लेख किया है। संगठन का आरोप है कि शिक्षा मंत्रालय छात्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से संबोधित नहीं कर पाया। इसी के चलते संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसा कदम शिक्षा व्यवस्था पर जनता का भरोसा दोबारा स्थापित करने में मदद कर सकता है।
Jun 06, 2026, 7:26 AM IST

दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड में

प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रिपोर्टों के अनुसार, मध्य दिल्ली में एक हजार से अधिक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस प्रदर्शन की जानकारी मुख्य रूप से सोशल मीडिया के जरिए मिली। साथ ही यह भी बताया गया कि प्रदर्शन के लिए औपचारिक अनुमति संबंधी प्रक्रिया पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ स्तर पर समीक्षा बैठक भी की गई है।
Jun 06, 2026, 7:26 AM IST

सीजेपी की अनोखी गाइडलाइन, ‘हिंसा नहीं, फूल दीजिए’

इस प्रदर्शन की सबसे अलग बात इसकी जारी की गई गाइडलाइन है। संगठन ने समर्थकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी तरह की हिंसा या उकसावे से दूर रहें। समर्थकों को राष्ट्रीय ध्वज, एक किताब जरूर लेकर आने को कहा गया है। हर गतिविधि का रिकॉर्ड करें, किसी संदिग्ध या उपद्रवी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, पानी पीते रहें, टोपी पहनें और धूप से बचाव करें। वहीं छात्रों को परिवार के साथ आने, ट्रोल या उकसाने वाले लोगों से बहस न करने, खाना खाकर प्रदर्शन में आने और पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार रखें और उन्हें फूल भेंट करने की अपील की गई है।
सीजेपी की अनोखी गाइडलाइन, ‘हिंसा नहीं, फूल दीजिए’
Jun 06, 2026, 7:23 AM IST

जंतर-मंतर पर आज क्या होने वाला है?

सीजेपी ने 6 जून की सुबह 9 बजे दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। संगठन के संस्थापक अभिजीत दिपके अमेरिका से दिल्ली पहुंचने वाले हैं और प्रदर्शन शुरू होने से पहले पुलिस प्रशासन से जरूरी अनुमति और सहयोग लेने की बात कही गई है। दिलचस्प बात यह है कि इंस्टाग्राम पर सीजेपी के दो करोड़ से अधिक फॉलोअर्स बताए जाते हैं। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाला समर्थन वास्तविक भीड़ में कितना बदलता है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+