CJP Protest: अमेरिका ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' के फाउंडर अभिजीत दीपके को किया डिपोर्ट? आ गया भारत सरकार का जवाब
Abhijeet Dipke Deportation News: देश की राजधानी दिल्ली का जंतर-मंतर आज एक ऐसे अनोखे और बड़े विरोध प्रदर्शन का गवाह बनने जा रहा है, जिसने सोशल मीडिया से लेकर देश की सियासत तक में हलचल मचा दी है। हाल ही में सोशल मीडिया पर सनसनी बनकर उभरी 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) आज अपना पहला बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। लेकिन इस प्रदर्शन से ठीक पहले इसके संस्थापक अभिजीत दीपके की अमेरिका से भारत वापसी को लेकर कयासों का बाजार बेहद गर्म हो गया है। मामला इतना बढ़ गया कि खुद भारत सरकार को इस पर अपनी सफाई देनी पड़ी है।
जंतर-मंतर पर होने वाले इस प्रदर्शन से ठीक पहले शुक्रवार को विदेश मंत्रालय (MEA) की रूटीन प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक चौंकाने वाला सवाल सामने आया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से पूछा गया कि क्या अमेरिकी अधिकारियों ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दीपके को डिपोर्ट (देश निकाला) करने या उनके वीज़ा के दुरुपयोग के बारे में भारत सरकार को कोई जानकारी दी है?

इस पर जवाब देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने साफ किया कि सरकार के पास इस संबंध में फिलहाल ऐसी कोई जानकारी नहीं है। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने यह जरूर बताया कि साल 2026 में अब तक 1,076 भारतीय नागरिकों को अमेरिका से डिपोर्ट किया जा चुका है, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 3,567 था।
उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच अवैध प्रवासन को रोकने के लिए बातचीत चल रही है। इसी बीच खुद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बताया कि वह अमेरिका से निकल चुके हैं और उन्हें देश के संविधान पर पूरा भरोसा है।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
'कॉकरोच जनता पार्टी' का यह आंदोलन देश की शिक्षा व्यवस्था में हाल ही में हुए बड़े विवादों के खिलाफ है। अभिजीत दीपके ने देशभर के छात्रों, युवाओं और उनके माता-पिता से आज सुबह 9 बजे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है।
यह प्रदर्शन नीट-यूजी (NEET-UG) पेपर लीक मामले और कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन में सीबीएसई (CBSE) के ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम में सामने आई गंभीर कमियों के विरोध में बुलाया गया है। सीजेपी की मांग है कि इन तमाम धांधलियों और पेपर लीक की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें।
दिल्ली पुलिस का रुख और CJP की 'शांति' की अपील
इस प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस का कहना है कि अभी तक आंदोलन के लिए उनकी तरफ से कोई आधिकारिक अनुमति नहीं मांगी गई है। हालांकि, खबरों के मुताबिक अभिजीत दिपके प्रदर्शन शुरू होने से पहले पुलिस क्लीयरेंस लेने की पूरी तैयारी में हैं।
आंदोलन से एक दिन पहले सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका और वरुण दास ने एक साझा संदेश जारी कर सभी से शांति, प्यार और सद्भाव के साथ प्रदर्शन करने की अपील की है। पार्टी की तरफ से जारी बयान में कहा गया, 'आज हम इस देश की शिक्षा व्यवस्था को रीसेट करने जा रहे हैं। आज हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हमारी आवाज को अब और दबाया न जा सके। आज हम अपने लोकतंत्र और इस खूबसूरत देश पर अपना हक वापस मांगेंगे।'
कौन हैं अभिजीत दीपके और क्या है 'कॉकरोच जनता पार्टी'?
30 साल के अभिजीत दिपके मूल रूप से महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। उन्होंने पुणे से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन की है और हाल ही में बोस्टन यूनिवर्सिटी (अमेरिका) से पब्लिक रिलेशंस में दो साल की मास्टर डिग्री पूरी की है।
दरअसल, कुछ समय पहले माननीय जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी आई थी, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना 'कॉकरोच' और 'परजीवी' से कर दी थी। इसी टिप्पणी के विरोध में अभिजीत ने एक व्यंग्य (Satirical) के तौर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' का गठन किया था। देखते ही देखते इस अनूठे आइडिया को सोशल मीडिया पर इतना जबरदस्त समर्थन मिला कि इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स की संख्या ने बीजेपी को भी पीछे छोड़ दिया और अब यह एक बड़े आंदोलन की शक्ल ले चुका है।














Click it and Unblock the Notifications