BPSC Teacher Recruitment: कल से शुरू होगी फेज 2 की परीक्षा, जाने एग्जाम से जुड़े जरुरी डिटेल्स
BPSC Teacher Recruitment Exam: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की शिक्षक भर्ती परीक्षा का दूसरा चरण कल से शुरू हो रहा है। 7 दिसंबर से शुरू हो रही यह परीक्षा 15 दिसंबर तक चलेगी।
इस परीक्षा में शामिल होने के लिए 8,41,835 अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरा है। कुल 1,22,252 रिक्त पदों को इस बहाली के माध्यम से भरा जाना है। आयोग द्वारा परीक्षा को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है।

7 दिसंबर को 2 शिफ्ट में होगी परीक्षा
इस बहाली परीक्षा का पहला एग्जाम जो 7 दिसंबर को होना है, दो शिफ्ट में लिया जाएगा। जबकि 8 दिसंबर, शुक्रवार से होने वाली परीक्षा एक शिफ्ट में ली जाएगी। 7 दिसंबर को पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक की होगी। वहीं, 8 से 15 दिसंबर के लिए निर्धारित बीपीएससी टीचर रिक्रूटमेंट एग्जाम (टीआरई)12 बजे से 2:30 बजे तक सिंगल शिफ्ट में आयोजित की जाएगी।
कितने परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं?
बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा के दूसरे चरण के लिए कुल 28 जिलों में अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं। पटना के 40 केंद्रों को मिला कर पूरे राज्य में कुल 850 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी। 9 दिसंबर को सर्वाधिक 555 केंद्रों पर परीक्षा ली जाएगी।
किस जिले में कब होगी परीक्षा
बीपीएससी के अनुसार, 8 दिसंबर, 9 दिसंबर, 10 दिसंबर, 14 दिसंबर और 15 दिसंबर को अलग-अलग जिलों में और 7 दिसंबर से 15 दिसंबर तक एक पाली में पटना जिले के अंतर्गत आने वाले सभी केंद्रों पर परीक्षा ली जाएगी।
14 और 15 दिसंबर को बिहार के 9 जिलों पटना, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, भागलपुर, नालंदा, सारण, दरभंगा और पूर्णियां में प्राइमरी सेक्शन (क्लास 1 से 5) और सीनियर सेकेंडरी (क्लास 11 से 12) की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
ओएमआर शीट से छेड़छाड़ ना करें
मंगलवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीपीएससी अध्यक्ष ने बताया कि पिछले चरण की परीक्षा में अभ्यर्थियों ने ओएमआर शीट भरने में काफी गलती की थी। इस बार अभ्यर्थियों को पहले से ओएमआर सीट भरने के अभ्यास कर लेने की सलाह दी गई है। बीपीएससी अध्यक्ष ने साफ तौर से कहा कि इस बार ओएमआर सीट में ही रोल नंबर भरना होगा। किसी तरह की गड़बड़ी होने पर ओएमआर शीट से किसी प्रकार की छेड़खानी ना करें। ओएमआर शीट पर एक गोला के अतिरिक्त अन्य गोला या किसी तरह का डॉट लगाने की भी मनाही है। परीक्षा में कोई गड़बड़ी ना हो, इसके लिए हर परीक्षा केन्द्र पर विशेष जांच की व्यवस्था की गई है।
एक घंटे पहले बंद कर दी जाएगी एंट्री
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने के ढाई घंटे पहले से एग्जामिनेशन सेंटर में एंट्री दिया जाएगी। परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले परीक्षा हॉल में एंट्री बंद कर दी जाएगी।
एग्जामिनेशन सेंटर पर अभ्यर्थियों की कड़े जांच के साथ ई-एडमिट कार्ड और आधार कार्ड से मिलान करने के बाद ई-एडमिट कार्ड की बार-कोड स्कैनिंग की जाएगी। जिसके बाद फोटोग्राफ का मिलान करने के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए प्रवेश द्वार पर निर्धारित समय पर पुलिस बल, दंडाधिकारी और केन्द्राधीक्षक द्वारा प्रतिनियुक्त व्यक्ति मौजूद रहेंगे।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को स्क्राइब उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा श्रुतिलेखकों की सूची तैयार कर दिव्यांग अभ्यर्थीयों वाले केन्द्र को उपलब्ध कराया जाएगा।
यह देखें: Bihar News: बिहार में बुर्का पर बवाल, स्कूल में नकाब पहन कर आने से किया मना, उग्र हुए ग्रामीण












Click it and Unblock the Notifications