बिहार विधानसभा में बवाल: तेजस्वी यादव बोले- हमें पीटा गया, काले दिन के रूप में याद करेगी जनता...देखें Video
पटना। बिहार विधानसभा में मंगलवार को जो नजारा देखने को मिला ऐसा शायद ही किसी अन्य राज्य की विधानसभा में देखा गया होगा। 23 मार्च को बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस बिल को लेकर बिहार विधानसभा में विपक्षी नेताओं ने जोरदार हंगामा किया। पूरे दिन चार बार सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद अंत में विपक्ष की महिला विधायकों ने स्पीकर विजय कुमार सिन्हा को चेंबर से बाहर आने से रोक दिया। इस बीच स्पीकर को उनके चेंबर से बाहर निकालने के लिए महिला पुलिस कर्मियों को बल का प्रयोग करना पड़ा जिसका वीडियो भी सामने आया है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि विपक्ष की महिला विधायक को महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा विधानसभा भवन से जबरन खींचकर बाहर निकाला जा रहा है। महिला विधायक ने स्पीकर विजय कुमार सिन्हा को उनके चेंबर से बाहर आने से रोक रही थीं। इसके अलावा आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी एक वीडियो शेयर किया है जिसमें पुलिसकर्मी और अन्य सुरक्षाकर्मी विपत्र के विधायकों को सदन से खींचकर बाहर ला रहे हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि आज का दिन काला दिन के रूप में देश की जनता याद करेगी।
वीडियो पोस्ट कर तेजस्वी यादव ने अपने कैप्शन में लिखा, 'नीली शर्ट पहना शख़्स पटना का DM है जो माननीय विधायक को धक्का दे रहा है। दो माननीय विधायकों को घसीटा जा रहा है और प्रशासन का अधिकारी जूते से विधायक को लात मार रहा है। लोहिया जयंती पर नीतीश कुमार यह कुकर्म करवा रहे है। सड़क और सदन कहीं कोई सुरक्षित नहीं।' वीडियो में विधायकों को पुलिसकर्मियों द्वारा जमीन पर घसीटते देखा जा सकता है। मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, 'हम बोलना चाहते थे लेकिन हमें मारा गया। इस कानून का मतलब है कि तलाशी वारंट के बिना वारंट के ली जा सकेगी और कोई भी पुलिसकर्मी गिरफ्तार कर सकता है अगर वह मानता है कि कुछ गलत है। अदालतों और मजिस्ट्रेट का कोई उपयोग नहीं रह जाएगा।'
यह भी पढ़ें: बिहार विधानसभा में जमकर विपक्ष के विधायकों का हंगामा, स्पीकर को बनाया बंधक












Click it and Unblock the Notifications