Bihar Chunav: भोजपुरी सुपरस्टार Pawan Singh चुनाव लड़ेंगे या नहीं? कर दिया ऐलान
Pawan Singh Bihar Election: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह के राजनीतिक भविष्य को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर अब अंततः विराम लग गया है। पत्नी ज्योति सिंह के साथ चल रहे विवाद और राजनीति में उनके अगले कदम को लेकर बढ़ती चर्चाओं के बीच, पवन सिंह ने शनिवार को सोशल मीडिया पर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने साफ कर दिया कि वह आगामी बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।
गौरतलब है कि, कुछ दिन पहले ही पवन सिंह ने बीजेपी में वापसी की थी। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी, जिसके बाद उनके चुनावी मैदान में उतरने की अटकलें तेज़ हो गई थीं।

'मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और रहूंगा'
उन्होंने कहा, 'मैं पवन सिंह अपने भोजपुरिया समाज से बताना चाहता हूं कि मैंने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी जॉइन नहीं की थी। नाहीं मुझे विधानसभा चुनाव लड़ना है। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और रहूंगा।' यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब उनकी पत्नी ने जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर से मुलाकात कर 'अन्याय' की बात कही थी।
2017 में भाजपा में शामिल हुए थे पवन सिंह
पवन सिंह पहली बार 2017 में भाजपा में शामिल हुए थे। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने पार्टी के खिलाफ जाकर काराकाट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था, जिसके बाद 22 मई 2024 को भाजपा ने उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया था। उस वक्त वे प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य थे। दिल्ली में नेताओं से मिलने के बाद पवन सिंह ने कहा था, "मैं कभी भाजपा से दूर नहीं गया था, बस परिस्थितियां अलग थीं।"
ये भी पढ़ें: Bihar Election 2025: पवन सिंह की पत्नी ज्योति क्या जनसुराज से लड़ेंगी चुनाव? PK के साथ बंद कमरे में चली बैठक
पत्नी ज्योति सिंह ने प्रशांत किशोर से की थी मुलाकात
पवन सिंह का यह ऐलान उनकी पत्नी ज्योति सिंह से चल रहे विवाद के बीच आया है। ज्योति सिंह ने हाल ही में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर से मुलाकात की थी। 20 मिनट की इस मुलाकात में उन्होंने कहा था, 'मेरे साथ अन्याय हुआ। ऐसा किसी और महिला के साथ नहीं होना चाहिए।' इस मुलाकात ने पवन सिंह के निजी जीवन और राजनीतिक करियर दोनों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए थे।
रियलिटी शो छोड़कर आए हैं पवन सिंह
पवन सिंह ने हाल ही में बिजनेस टायकून अशनीर ग्रोवर के रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' को भी छोड़ दिया था। शो से बाहर आने के दौरान उन्होंने कहा था, "मेरी जनता ही मेरा भगवान है और चुनाव के समय मेरा फर्ज है कि मैं उनके बीच रहूं।" यह बयान भी उनके चुनावी मैदान में उतरने के कयासों को हवा दे रहा था, जिस पर अब उन्होंने खुद ही विराम लगा दिया है।
ये भी पढ़ें: 'मैं अभागन हूं', करवा चौथ पर पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने की पूजा, पति-पत्नी विवाद में अब नया ट्विस्ट












Click it and Unblock the Notifications