Bihar Election 2025: पवन सिंह की पत्नी ज्योति क्या जनसुराज से लड़ेंगी चुनाव? PK के साथ बंद कमरे में चली बैठक
Bihar Election 2025 (Jyoti Singh Prashant Kishor): बिहार की राजनीति में इन दिनों भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह सुर्खियों में हैं। पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह शुक्रवार (10 अक्टूबर) को जनसुराज अभियान के प्रमुख प्रशांत किशोर (PK) से मिलने पहुंचीं। ऐसे में ये चर्चा तेज है कि क्या प्रशांत किशोर जनसुराज से ज्योति सिंह को टिकट देने वाले हैं।
पटना के जनसुराज कार्यालय में ज्योति सिंह और प्रशांत किशोर के बीच करीब 20 मिनट तक बंद कमरे में मुलाकात चली। इस मीटिंग के बाद जब मीडिया ने सवाल किए कि क्या वो जनसुराज से टिकट मांगने आई हैं, तो ज्योति ने साफ कहा -"मैं यहां चुनाव लड़ने या टिकट के लिए नहीं आई हूं। मैं एक आम महिला बनकर आई हूं। मेरे साथ जो अन्याय हुआ है, वो किसी और महिला के साथ ना हो, बस यही मेरी मंशा है।"

🔹 ज्योति सिंह बोलीं- PK से मदद मांगने आई हूं, कोई राजनीतिक मंशा नहीं
ज्योति सिंह ने कहा कि वो अपने पति पवन सिंह से चल रहे विवाद के बीच मदद के लिए प्रशांत किशोर के पास पहुंचीं। उन्होंने बताया, ''मैं किसी पार्टी से टिकट नहीं चाहती, न ही मैं राजनीति में आने का इरादा रखती हूं। मैं बस चाहती हूं कि बिहार की महिलाएं मेरे जैसे हालात में न फंसें। प्रशांत किशोर बिहार के लोगों की आवाज़ बन रहे हैं, इसलिए मैं उनसे मदद मांगने आई हूं।''
🔹 प्रशांत किशोर बोले, ये पारिवारिक मामला है, पवन सिंह भी मेरे दोस्त हैं
मुलाकात के बाद प्रशांत किशोर ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर बयान दिया। उन्होंने कहा, "ज्योति सिंह बिहार की एक महिला के तौर पर आई हैं। उन्होंने जो दर्द साझा किया, उसे हमने सुना। लेकिन यह मामला पूरी तरह पारिवारिक है और जनसुराज किसी के निजी विवाद में नहीं पड़ता। हां, अगर सुरक्षा का मामला है, तो जनसुराज हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।"
प्रशांत किशोर ने आगे कहा, "पवन सिंह हमारे मित्र हैं, हम उनके निजी जीवन में दखल नहीं देंगे। मगर समाज के स्तर पर अगर किसी महिला को लगता है कि उसके साथ अन्याय हुआ है, तो जनसुराज उसका साथ देगा।"
🔹 अब क्या जनसुराज से राजनीति में उतरेंगी ज्योति सिंह?
मुलाकात के बाद से ही चर्चाएं तेज हैं कि क्या प्रशांत किशोर ज्योति सिंह को जनसुराज से टिकट दे सकते हैं? हालांकि फिलहाल PK ने ऐसी किसी संभावना से इनकार किया है। उन्होंने साफ कहा, ''ये पारिवारिक मामला है, और जनसुराज किसी भी तरह के पारिवारिक विवाद में नहीं पड़ता। लेकिन अगर सुरक्षा या महिला सम्मान की बात होगी, तो हम पीछे नहीं हटेंगे।''
Pawan Singh Jyoti Singh Row: आखिर क्यों बढ़ा पवन-ज्योति का विवाद?
दरअसल पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच का विवाद पिछले कुछ महीनों से लगातार सुर्खियों में है। 5 अक्टूबर को ज्योति सिंह अचानक लखनऊ स्थित पवन सिंह के घर पहुंचीं, जिसके बाद खूब ड्रामा हुआ। पुलिस को बीच में आना पड़ा।
इस दौरान ज्योति ने एक भावुक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वो रोती नजर आईं और कहा, "अब इस घर से मेरी लाश ही निकलेगी। मुझे इंसाफ़ चाहिए, अब फैसला जनता करे कि मेरे साथ क्या हो रहा है।"
🔹 चुनाव के वक्त से ही बिगड़े रिश्ते
ज्योति सिंह का आरोप है कि पवन सिंह ने लोकसभा चुनाव के दौरान उनका इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, "मैंने प्रचार में उनका साथ दिया, लेकिन वो दूसरी महिला के साथ होटल में ठहरे रहते थे। ये किसी भी महिला के लिए असहनीय है।"
ज्योति ने यह भी कहा कि जब वो पवन सिंह के घर पहुंचीं, तो उन्हें "डिटेन" किया गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उन्होंने सवाल उठाया - "जो अपनी पत्नी को न्याय नहीं दे सकता, वो समाज में महिलाओं का उद्धार कैसे करेगा?"
🔹 पवन सिंह ने दिया जवाब ,'यह सब चुनावी ड्रामा है'
जवाब में पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट लिखते हुए कहा, ''मैं जनता का आदमी हूं, उनकी भावना से खिलवाड़ नहीं कर सकता। हां, ज्योति मुझसे मिलने आई थीं और डेढ़ घंटे बात भी हुई। लेकिन उनके मन में सिर्फ एक बात थी। मुझे चुनाव लड़वाओ। यह मेरे बस में नहीं है।''
उन्होंने यह भी कहा कि, पुलिस को मैंने नहीं बुलाया था। पुलिस वहां इसलिए थी ताकि किसी तरह की ग़लत घटना न हो। 8 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पवन सिंह ने और सख्त बयान दिया, ''फैमिली की बातें कैमरे पर नहीं होतीं। सवाल यह है कि पत्नी का ये अपनापन चुनाव से एक महीना पहले ही क्यों जागा? विधायक बनने के लिए कोई कितना गिर सकता है?''
🔹 पवन सिंह की दो शादियां, दो कहानियां
पवन सिंह की पहली शादी 2014 में नीलम सिंह से हुई थी, जिन्होंने एक साल बाद आत्महत्या कर ली। 2018 में पवन ने ज्योति सिंह से दूसरी शादी की, लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के रिश्तों में दरार आ गई।
2021 में पवन सिंह ने आरा के फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दी, जो अब भी लंबित है। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान दोनों फिर साथ नजर आए थे, लेकिन नतीजे आने के बाद फिर से विवाद गहरा गया।












Click it and Unblock the Notifications