KIIT केस: नेपाली छात्रा की मौत पर बवाल, प्रेम-प्रसंग या ब्लैकमेलिंग? हाई-लेवल जांच कमेटी गठित, 5 गिरफ्तार
KIIT Case: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (KIIT) के हॉस्टल में नेपाली छात्रा की आत्महत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के हस्तक्षेप के बाद नेपाली दूतावास, ओडिशा सरकार और राज्य पुलिस सक्रिय हो गई है।
इसी कड़ी में KIIT विश्वविद्यालय में नेपाली छात्र की आत्महत्या के मामले में विरोध प्रदर्शन के बाद पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। ओडिशा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पूरे मामले में तीन निदेशक और 2 सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार किए गए हैं।

KIIT Case: हाई-लेवल जांच कमेटी का गठन
ओडिशा सरकार ने इस गंभीर मामले की जांच के लिए एक हाई-लेवल फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी गठित की है। इस कमेटी में होम डिपार्टमेंट के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी, वूमेन एंड चाइल्ड डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के प्रिंसिपल सेक्रेटरी और हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट के सेक्रेटरी को शामिल किया गया है। यह कमेटी छात्रा की मौत और उसके बाद छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए घटनाक्रम की जांच करेगी।
KIIT Case: तीन निदेशक-दो सिक्योरिटी गार्ड गिरफ्तार
मृत छात्रा के चचेरे भाई की शिकायत पर भुवनेश्वर के इन्फोसिटी पुलिस स्टेशन में आरोपी आदविक श्रीवास्तव के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा सुरक्षा गार्ड रमाकांत नायक (45) और जोगेंद्र बेहरा के खिलाफ बीएनएस की धारा 126 (2)/296/115(2)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ताजा अपडेट्स के अनुसार KIIT आत्महत्या केस में मंगलवार को पांच अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें तीन निदेशक और दो सुरक्षा गार्ड शामिल हैं।
KIIT हॉस्टल अधिकारी ने मांगी माफी
छात्र विरोध प्रदर्शन के दौरान नेपाल के बारे में की गई टिप्पणी को लेकर KIIT हॉस्टल के एक अधिकारी ने माफी मांगी है। उन्होंने कहा, "मेरा इरादा किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था, लेकिन यदि मेरे शब्दों से किसी को आघात पहुंचा है, तो मुझे खेद है।"
KIIT Case: छात्रों की संगठन बनाने की मांग
इस घटना के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों ने एक स्वतंत्र संगठन बनाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि उन्हें एक ऐसा संगठन चाहिए, जो उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कर सके और आवश्यकतानुसार उनके अधिकारों की रक्षा कर सके।
KIIT Case: परिजनों की न्याय की मांग
नेपाल से भुवनेश्वर पहुंचे मृत छात्रा के परिजनों ने इंसाफ की मांग की है। उन्होंने कहा, "हमें इस घटना के बारे में कुछ पता नहीं था। हमें सिर्फ जल्दी बुलाया गया और यहां आकर पता चला कि बेटी अब नहीं रही। कुछ समय पहले हुई बातचीत में उसने बताया था कि वह फेस्ट में जा रही है और बाद में हमसे बात करेगी, लेकिन फिर यह घटना हो गई।"
मृतक छात्रा के पिता का बयान
मृतक छात्रा के पिता ने कहा, "मैंने अपनी बेटी को उच्च शिक्षा के लिए यहां भेजा था। अब जब यह दुखद घटना हो गई है, तो हमें सरकार और पुलिस प्रशासन पर भरोसा है कि हमें न्याय मिलेगा।"
ये भी पढ़ें: KIIT: क्या है कलिंगा इस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी विवाद? जिस पर नेपाली PM ने भी दिया बयान
KIIT प्रशासन का दावा
KIIT प्रशासन ने अपने बयान में कहा कि संदेह है कि लड़की का किसी अन्य छात्र के साथ प्रेम संबंध था और किसी कारणवश उसने आत्महत्या कर ली होगी। वहीं, मृतका के चचेरे भाई का दावा है कि उसे एक छात्र द्वारा ब्लैकमेल किया जा रहा था। फिलहाल, पुलिस और उच्च स्तरीय जांच कमेटी इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। मृत छात्रा के परिजनों और प्रदर्शनकारी छात्रों को न्याय मिलने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications